
सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी उ0प्र0 लखनऊ को ज्ञापन देकर मांग की है कि जनपद बस्ती, प्रतापगढ़, कुशीनगर की गम्भीर शिकायतों को संज्ञान में लेकर तत्काल बल्क में फार्म-7 जमा करने वालों तथा मिथ्या के आधार पर आवेदन करने वालों के विरूद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 31 के अधीन एफ.आई.आर. दर्ज कराई जाए और प्रदेश के समस्त विधानसभाओं में जमा किये गये फार्म-7 को तत्काल प्रभाव से निरस्त किये जाये, जिससे एस0आई0आर0 प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष सम्पन्न हो सके।
ज्ञापन में कहा गया है कि जनपद बस्ती, महादेवा विधान सभा के पोलिंग बूथ संख्या 305 पर मतदाता क्रमांक संख्या 644, 642, 106, 118, 124, 130, 137, 147, 573, 563, 583, 557, 619, 616, 556, 555, 553, 546, 32, 287, 222 में क्रमशः धीरेन्द्र, सुमन, गीता, इन्द्रजीत यादव, प्रेमा देवी, दुलारपत्ती, पंकज यादव, रामउजागिर, प्रदीप कुमार, मालती, वंशीधर, आरती यादव, रक्षाराम, फूलचन्द्र, शकुन्तला देवी, रमेश, अमित चौरसिया, श्यामलाल, जय बहादुर, उर्मिला, जया यादव का नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में दर्ज है। सभी मतदाताओं ने गणना प्रपत्र में अपना व अपने सम्बन्धी का पूर्ण विवरण सही ढंग से भर कर बी.एल.ओ. के पास जमा कर दिया था, और सभी का नाम मतदाता सूची में दर्ज है, और सभी मतदाता दर्ज पते पर स्थाई रूप से निवास कर रहे है, और जीवित है।
उक्त मतदाताओं का नाम मतदाता सूची से काटने के लिए फार्म-7 बी.एल.ओ. के पास जमा किये गये है। फार्म-7 में आवेदक के बारे में जाँच की जाए और मिथ्या (फाल्स) पाये जाने पर आवेदक के विरूद्ध और बी.एल.ओ. के विरुद्ध एफ.आई.आर. दर्ज कराई जाये। ई.आर.ओ. व जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिलाधिकारी से लगातार लिखित शिकायत की जा रही है, परन्तु अब तक कोई कार्यवाही नहीं की गई है। मिथ्या के आधार पर फार्म-7 जमा करने वालों और आवेदकों के विरूद्ध तत्काल कठोर कार्यवाही न किये जाने पर समाजवादी पार्टी जनपद बस्ती में धरना व प्रदर्शन तथा आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
जनपद प्रतापगढ़, सदर विधान सभा पोलिंग बूथ संख्या 402, 13, 14 में क्रमशः 62, 46, 24 फार्म-7 बड़ी संख्या में जमा कर के समाजवादी पार्टी समर्थक मतदाताओं विशेष कर मुस्लिम समुदाय और पी.डी.ए मतदाताओं के नाम फार्म-7 में ईपिक नम्बर सहित पिं्रट करवा कर भा.ज.पा. कार्यकर्ताओं द्वारा बी.एल.ओ. के पास जमा कर दिये गये हैं। भा.ज.पा. पदाधिकारियों द्वारा ई.आर.ओ. व जिला निर्वाचन अधिकारी पर सपा समर्थक वैध मतदाताओं के नाम अवैध ढंग से काटने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा है।
जनपद कुशीनगर, रामकोला विधान सभा में कप्तानगंज तहसील परिसर में रामकोला क्षेत्र के पूर्ति निरीक्षक (एईआरओ) के कक्ष के सामने भा.ज.पा. मण्डल अध्यक्ष आनन्द मिश्रा का मो0नं0 लिखा हुआ पोस्टर लगा हुआ है। सरकारी कार्यालय को भा.ज.पा. कार्यालय की तरह चलाया जा रहा है। भा.ज.पा. द्वारा एस.आई.आर. प्रक्रिया को सत्ता के दबाव में प्रभावित किया जा रहा है, और भारत निर्वाचन आयोग द्वारा स्वतंत्र और निष्पक्ष एस.आई.आर. कराने पर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे है। यह अत्यन्त गंभीर मामला है। जाँच करवा कर दोषी के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाये। प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल द्वारा हस्ताक्षरित ज्ञापन सौंपते हुए के.के. श्रीवास्तव, डॉ. हरिश्चन्द्र सिंह और राधेश्याम सिंह ने त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
(राजेन्द्र चौधरी)






















