अयोध्या। बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत एवं आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज तहसील रुदौली के ग्राम पस्ता माफी स्थित बाढ़ चौकी पर बाढ़ राहत सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में माननीय विधायक रामचंद्र यादव जी की उपस्थिति में बाढ़ प्रभावित कुल 283 परिवारों को राहत किट वितरित की गई।
राहत किट में बाढ़ प्रभावित परिवारों की दैनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कुल 26 प्रकार की आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई। इसमें आलू, प्याज, आटा, दाल, चावल, नमक, नहाने की बाल्टी, महिलाओं के लिए सेनेटरी पैड, तिरपाल सहित अन्य आवश्यक वस्तुएं शामिल हैं।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को किसी भी प्रकार की कठिनाई न हो, इसके लिए शासन एवं जिला प्रशासन द्वारा हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री समय से पहुंचाने के साथ ही उनकी आवश्यकताओं का निरंतर आकलन किया जा रहा है।
जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है। अपर जिलाधिकारी (वि/रा) अमित कुमार भट्ट ने सहारा बाग में मेडिकल कैंप में बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की।बाढ़ चौकियों के माध्यम से प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ खाद्य सामग्री, चिकित्सा सुविधा एवं अन्य जरूरी सेवाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित परिवारों को आश्वस्त किया कि संकट की इस घड़ी में जिला प्रशासन उनके साथ है और आवश्यकता के अनुसार हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।



