
प्रदेश में लॉ एंड आर्डर को ही मार दी गयी गोली। अब भाजपाई ‘आस्तीनी अपराधी’ ही कर रहे भाजपा सरकार का एनकाउंटर।प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर सियासी बयानबाज़ी तेज होती जा रही है। आरोप है कि हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि “लॉ एंड ऑर्डर” खुद ही निशाने पर है। विपक्ष सरकार पर हमला बोलते हुए कह रहा है कि अब हालात ऐसे हैं कि “आस्तीनी अपराधी” ही व्यवस्था को चुनौती दे रहे हैं और सरकार की छवि पर सवाल खड़े कर रहे हैं। इस मुद्दे ने प्रदेश की राजनीति को और गरमा दिया है, जहां कानून-व्यवस्था अब एक बड़ा चुनावी और जनचर्चा का विषय बन चुका है।
राकेश यादव
गोरखपुर/लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में लॉ एंड आर्डर को ही गोली मार दी गयी है। अब भाजपाई ‘आस्तीनी अपराधी’ ही भाजपा सरकार का एनकाउंटर कर रहे हैं, जिन्हें भाजपाइयों ने भूमिगत तरीक़े से पाला-पोसा है। गोरखपुर में पूर्व पार्षद की हत्या को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यनगर गोरखपुर में दिनदहाड़े हुआ ये हत्याकांड बता रहा है कि बेख़ौफ़ अपराधियों को किसका प्रश्रय प्राप्त है। जनता समझदार है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को बर्बाद कर दिया है। कानून-व्यवस्था ध्वस्त है। अपराधी खुलेआम हत्याएं कर रहे हैं। महिलाएं, बेटियां सुरक्षित नहीं है। प्रदेश में गुण्डों, माफियाओं और दबंगों की गुण्डई चल रही है।
भाजपा राज में प्रदेश में कोई भी सुरक्षित नहीं है। सरकार का कानून व्यवस्था और अपराध को लेकर जीरो टॉलरेंस का दावा जीरो है। भेदभाव चरम पर है। इस सरकार ने उत्तर प्रदेश को अंधकार में धकेल दिया है। सरकार कानून व्यवस्था संभालने में विफल है। मुख्यमंत्री जी के पास झूठे दावों के अलावा कुछ नहीं है। प्रदेश में हर दिन हत्या, लूट समेत अपराध की तमाम घटनाएं हो रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार और लूट चरम पर है. लखनऊ में ग्रीन कॉरिडोर के निर्माण में हुए भ्रष्टाचार ने अपना रंग दिखा दिया। अभी तो ग्रीन कॉरिडोर के उद्घाटन में सजे फूल भी नहीं सूखे थे, जो 2-3 दिन पहले ग्रीन था, अब विलीन हो गया. अब भाजपा सरकार ख़ुद से वसूली करवाएगी या ख़ुद पर बुलडोज़र चलवाएगी?
























