
भारत रत्न डॉ. भीमराव रामजी आंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर प्रदेश में श्रद्धा, सम्मान और विकास का अनूठा संगम देखने को मिला। योगी आदित्यनाथ ने डॉ. आंबेडकर महासभा द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सामाजिक समरसता और वंचित वर्गों के उत्थान के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर प्रदेश के सभी 75 जनपदों में आंबेडकर प्रतिमाओं के सौंदर्यीकरण एवं संरक्षण कार्यों का शिलान्यास किया गया, साथ ही महापुरुषों की विरासत को सहेजने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं को आगे बढ़ाया गया। कार्यक्रम में तथागत गौतम बुद्ध एवं बाबा साहेब की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई, जिससे सामाजिक न्याय और समानता के संदेश को और मजबूत किया गया।
लखनऊ। पूरा देश भारत माता के महान सपूत बाबा साहब डॉ0 भीमराव आंबेडकर जी का स्मरण कर रहा है। उनका पूरा जीवन ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना को साकार करने तथा वंचितों, शोषितों, गरीबों व महिलाओं को न्याय प्रदान करने के लिए समर्पित था। आज देश बाबा साहब के इन्हीं कार्यों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित कर रहा है। बाबा साहब डॉ0 भीमराव रामजी आंबेडकर की 135वीं जयन्ती के अवसर पर भारत रत्न बोधिसत्व बाबा साहेब डॉ0 भीमराव आंबेडकर महासभा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने डॉ0 भीमराव रामजी आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के अन्तर्गत प्रदेश के समस्त 75 जनपदों में स्थापित डॉ0 आंबेडकर की 75 मूर्तियों के सौन्दर्यीकरण एवं संरक्षण कार्यों का शिलान्यास किया। उन्होंने महासभा परिसर में स्थापित तथागत बुद्ध एवं डॉ0 भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा डॉ0 आंबेडकर के अस्थि कलश पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस कार्यक्रम में डॉ0 भीमराव आंबेडकर महासभा द्वारा प्रकाशित स्मारिका का विमोचन किया गया।
मुख्यमंत्री को भारतीय संविधान की प्रति तथा स्मृति चिन्ह के रूप में डॉ0 आंबेडकर की प्रतिमा भेंट की गयी। इससे पूर्व, मुख्यमंत्री जी ने जी0पी0ओ0, हजरतगंज स्थित डॉ0 भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। महान न्यायविद्, भारतीय संविधान के शिल्पी, महान अर्थशास्त्री बाबा साहब डॉ0 भीमराव आंबेडकर जी की स्मृतियों को नमन करते हुए कहा कि हर वंचित, शोषित, गरीब व महिला को बाबा साहब डॉ0 भीमराव आंबेडकर जी में न्याय की रोशनी दिखायी देती है। बाबा साहब डॉ0 भीमराव आंबेडकर जी की 135वीं जयन्ती के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार ने एक बड़े कार्यक्रम को अपने हाथों में लिया है। आज प्रदेश के सभी 75 जनपदों में, जहां किसी सार्वजनिक भूमि पर बाबा साहब की प्रतिमा होगी, यदि वहां बाउण्ड्रीवॉल तथा मूर्ति के ऊपर छत्र नहीं है, वहां बाउण्ड्रीवॉल तथा मूर्ति के ऊपर छत्र बनाने के कार्यों का शिलान्यास हुआ है।
पहले चरण में सभी 75 जनपदों में एक-एक स्थान पर यह कार्य किये जाएंगे। इसके उपरान्त अन्य सभी ऐसे स्थानों पर यह कार्य होंगे। समाज कल्याण विभाग को इसकी जिम्मेदारी दी गयी है। इसके अन्तर्गत बाबा साहब डॉ0 भीमराव आंबेडकर, सन्त रविदास जी महाराज, महर्षि वाल्मीकि, महात्मा ज्योतिबा फुले, महाराजा बिजली पासी, महाराजा सातन पासी सहित सामाजिक न्याय के लिए कार्य करने वाले प्रत्येक उन महापुरुषों को सम्मान देने का कार्य किया जाएगा, जिनके कारण यह समाज मजबूती के साथ जुड़ा हुआ है। गरीब, वंचित सहित समाज के हर तबके का व्यक्ति यहां पर जाकर अपना सम्मान व्यक्त कर सके, कोई भी अराजक तत्व इन मूर्तियों को क्षतिग्रस्त न कर सके, इस दिशा में यह कार्य किये जा रहे हैं। डबल इंजन सरकार प्रत्येक वंचित तथा अति पिछड़ों के विकास तथा सम्मान को प्राथमिकता दे रही है। यह कार्य लगातार आगे बढ़ेंगे। सरकार यह सुनिश्चित कराएगी कि गांव में बने सामुदायिक शौचालयों में स्वच्छता के कार्यक्रमों से जुड़ी बहनों को समय पर मानदेय मिले।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने गोरखपुर में वीरांगना झलकारी बाई कोरी, बदायूं में वीरांगना अवन्तीबाई लोधी तथा लखनऊ में वीरांगना ऊदा देवी पासी के नाम पर पी0ए0सी0 की तीन महिला बटालियनों का गठन किया है। यह सामाजिक न्याय का उदाहरण है, जहां हर एक का सम्मान होता है। हमने समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री असीम अरूण की पहल पर कन्नौज के सरकारी मेडिकल कॉलेज का नाम पुनः बाबा साहब डॉ0 भीमराव आंबेडकर के नाम पर किया है। सन्त रविदास जी महाराज की पावन जन्मभूमि वाराणसी में माघी पूर्णिमा पर लाखों लोग एकत्रित होते हैं। पहले वहां कार्यक्रमों के लिए जगह नहीं मिल पाती थी। सिंगल लेन की सड़क थी। डबल इंजन सरकार ने वहां दो लाख लोगों के कार्यक्रम के लिए पार्क विकसित किया तथा वहां सन्त रविदास जी महाराज की भव्य प्रतिमा स्थापित करायी। सिंगल लेन सड़क को 04-लेन की सड़क में बदल दिया गया। अन्न क्षेत्र तथा अतिथि क्षेत्र के लिए भवन बनाये गये। यह उस महापुरुष के प्रति हमारी कृतज्ञता है, जिसने भारत की भक्ति परम्परा को बहुत ऊंचाईयां दी हैं।
पहले महर्षि वाल्मीकि जी की पावन साधना स्थली लालापुर, चित्रकूट पर कब्जा किया जा रहा था। हमने वहां रोपवे का विकास किया है। वहां सड़क का निर्माण हो चुका है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में बने इण्टरनेशनल एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखा गया है। इन महापुरुषों ने समाज के लिए अपना जीवन समर्पित किया है। बाबा साहब की जयन्ती पर आयोजित आज का यह कार्यक्रम इन्हीं महापुरुषों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने का अवसर है। लखनऊ में हमारी सरकार ने तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द जी के माध्यम से भारत रत्न डॉ0 भीमराव आंबेडकर स्मारक एवं सांस्कृतिक केन्द्र बनाने के कार्य को आगे बढ़ाया है। इसके प्रथम चरण का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। द्वितीय चरण के कार्यां को जुलाई, 2026 तक पूर्ण किये जाने के निर्देश दिये गये हैं। यहां पर वंचित वर्गों के बच्चों के लिए बाबा साहब के जीवन-दर्शन पर शोध करने का प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराया जाएगा। यह सामाजिक न्याय के प्रति जनचेतना जागृत करने का केन्द्र होगा। इसमें छात्रावास, शोध केन्द्र, ऑडिटोरियम, बाबा साहब की भव्य प्रतिमा का निर्माण हो रहा है। इसके माध्यम से समाज अपने महापुरुषों के योगदान के विषय में जानकर गौरव की अनुभूति कर सकेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने बाबा साहब से जुड़े पांच स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया है। इनमें महु, मध्य प्रदेश स्थित उनकी जन्मस्थली पर बाबा साहब का भव्य स्मारक बना है। बाबा साहब ने लन्दन, ब्रिटेन में जिस भवन में रहकर उच्च शिक्षा ग्रहण की थी, उस भवन को खरीदकर बाबा साहब का स्मारक बनाकर अनुसूचित जाति/जनजाति के छात्रों के लिए स्कॉलरशिप की व्यवस्था की गयी है। दिल्ली में जहां बाबा साहब ने अपना सार्वजनिक जीवन व्यतीत किया, वहां डॉ0 भीमराव आंबेडकर अन्तरराष्ट्रीय एवं सास्कृतिक केन्द्र का निर्माण किया गया है। बाबा साहब की दीक्षा भूमि नागपुर तथा चैत्य भूमि मुम्बई में भी भव्य स्मारक बनाये गये हैं। बाबा साहब डॉ0 भीमराव आंबेडकर के दर्शन के अनुरूप आज डबल इंजन सरकार द्वारा प्रत्येक गरीब तथा वंचित वर्ग के लोगों को निःशुल्क राशन, आयुष्मान कार्ड, उज्ज्वला योजना के तहत निःशुल्क रसोई गैस कनेक्शन, निःशुल्क विद्युत कनेक्शन, प्रधानमंत्री तथा मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास व शौचालय आदि का लाभ दिया जा रहा है। डबल इंजन सरकार प्रत्येक वंचित, अति पिछड़े, गरीब, नौजवान तथा महिला के साथ मजबूती से खड़ी है।

हमें बाबा साहब डॉ0 भीमराव आंबेडकर के व्यक्तित्व से प्रेरणा लेनी चाहिए। उनका कहना था कि वह शुरु से अन्त तक भारतीय रहेंगे। बाबा साहब डॉ0 भीमराव आंबेडकर अपने परिश्रम और पुरुषार्थ से वंचितों के मसीहा बन गये। हमें भारत माता तथा देश की एकता और अखण्डता के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार्य नहीं करना चाहिए। जब कोई भारत के संविधान, तिरंगे, राष्ट्रगीत तथा राष्ट्रगान का अपमान करता है, तो वह बाबा साहब का अपमान करता है। हम ऐसी कोई भी बात स्वीकार्य नहीं करें, जो बाबा साहब के दर्शन के अनुरूप न हो। आज कुछ स्वार्थी ताकतें बाबा साहब के नाम का स्मरण कर रही हैं। यह वही लोग हैं, जिन्हें वंचितों, गरीबों और महिलाओं के उत्थान से हमेशा नफरत रही है। ऐसे लोगों ने सामाजिक न्याय के पुरोधाओं का हमेशा अपमान किया है। आज यह लोग नये तरीके से लोगों को गुमराह करने का प्र्रयास कर रहे हैं। बाबा साहब को चुनाव से वंचित करने का प्रयास किया गया। उन्हें भारतरत्न न मिले, इसके लिए हर प्रकार के षड्यंत्र रचे गये। आज ऐसे लोग संविधान की प्रति लेकर घूम रहे हैं। इनकी वास्तविकता को समझने की आवश्यकता है। बाबा साहब डॉ0 भीमराव आंबेडकर के नाम पर राजनीति करने वाले लोगों के वास्तविक चरित्र को अब जनता जान चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे लोगों से पूछा जाना चाहिए कि बाबा साहब तथा संत रविदास जी महाराज के नाम पर बने जनपदों का नाम क्यों बदला गया। प्रदेश के सबसे बड़े चिकित्सा संस्थान के0जी0एम0यू0 का नाम जिन महापुरुष के नाम पर था, उसे क्यों बदला गया। लखनऊ के भाषा विश्वविद्यालय तथा कन्नौज के सरकारी मेडिकल कॉलेज का नाम क्यों बदला गया। कौन लोग थे, जो गरीबों, वंचितों के हक पर डाका डाल रहे थे और इन्हें मिलने वाले जमीन के पट्टे के अधिकार से वंचित कर रहे थे। ऐसे लोगों ने स्वच्छ भारत मिशन के अन्तर्गत मिलने वाले शौचालयों पर रोक लगायी तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हर गरीब को मिलने वाले आवास की योजना को लागू नहीं करने दिया। इन्हांने गरीबों तथा वंचितों की पीड़ा को कभी महसूस नहीं किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि तीन दिन पूर्व उन्हें जनपद लखीमपुर खीरी जाने का अवसर मिला था। वहां थारू जनजाति के वंचितों को अब तक नागरिकता नहीं मिल पायी थी। हमने ऐसे 4,356 वंचित लोगों को भौमिक अधिकार प्रदान किये हैं। वर्ष 1971 में पूर्वी पाकिस्तान/बांग्लादेश से लखीमपुर खीरी में विस्थापित परिवारों को भी भौमिक अधिकार दिए गये हैं। 56 वर्षां से उन्हें कोई अधिकार नहीं मिला था। इस अवसर पर महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री बेबी रानी मौर्य, समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण, सांसद ब्रजलाल, विधान परिषद सदस्य डॉ0 लालजी प्रसाद निर्मल, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
























