
जिला महिला अस्पताल का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के दिए निर्देश।
अयोध्या। जिलाधिकारी श्री शशांक त्रिपाठी ने सोमवार को जिला महिला अस्पताल का स्थलीय निरीक्षण कर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं की गुणवत्ता, साफ-सफाई, मरीजों को दी जा रही सेवाओं तथा व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान आयुष्मान रूम, लेबर रूम, वेटिंग एरिया, वार्ड रूम, नवजात शिशु चिकित्सा इकाई (SNCU), आयुष्मान वार्ड, प्राइवेट वार्ड,पेयजल व्यवस्था,एवं आपातकालीन निकासी व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं तीमारदारों से संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने, मरीजों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने तथा आवश्यक दवाओं एवं उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए तथा उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से नवजात शिशु चिकित्सा इकाई एवं लेबर रूम की व्यवस्थाओं को गंभीरता से परखा तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने आपातकालीन निकासी व्यवस्था की भी समीक्षा करते हुए सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने को कहा। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ देवेंद्र भटौरिया,अधीक्षक, चिकित्सक गण एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
























