चीनी की बढ़ती कीमतों पर जिलाधिकारी का कड़ा रुख

चीनी की बढ़ती कीमतों पर जिलाधिकारी अयोध्या का कड़ा रुख, चीनी मिलों एवं थोक विक्रेताओं की होगी प्रभावी निगरानी।

अयोध्या। जनपद में चीनी के बढ़ते बाजार भाव को नियंत्रित करने तथा उपभोक्ताओं को उचित मूल्य पर चीनी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के दृष्टिगत जिलाधिकारी अयोध्या श्री  शशांक त्रिपाठी द्वारा प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। भारत सरकार एवं शासन द्वारा चीनी के मूल्य, स्टॉक एवं जमाखोरी/कालाबाजारी की निगरानी के संबंध में जारी निर्देशों के अनुपालन में जनपद में चीनी मिलों एवं थोक विक्रेताओं के स्टॉक तथा थोक एवं फुटकर बिक्री मूल्य का नियमित सत्यापन कराया जा रहा है।

इसी क्रम में मे. के.एम. शुगर मिल, मोतीनगर तथा मे. बलरामपुर चीनी मिल लिमिटेड, यूनिट–रौजागांव से चीनी की बिक्री व्यवस्था, थोक विक्रेताओं को की जा रही आपूर्ति, कमीशन एजेंटों की भूमिका, वर्तमान स्टॉक तथा जनपद से बाहर चीनी भेजे जाने संबंधी विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। जांच के दौरान यह तथ्य संज्ञान में आया है कि कुछ मामलों में चीनी मिलों से थोक विक्रेताओं को चीनी की बिक्री कमीशन एजेंटों के माध्यम से किए जाने तथा बिलिंग रेट के अतिरिक्त अनधिकृत वसूली की शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिससे बाजार में चीनी के मूल्य में अनावश्यक वृद्धि की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इस संबंध में संबंधित पक्षों से तथ्यात्मक स्पष्टीकरण एवं अभिलेख मांगे गए हैं।

जिला खाद्य विपणन अधिकारी, अयोध्या ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में चीनी के स्टॉक एवं मूल्य की सतत निगरानी की जा रही है। यदि जांच में अनियमितता, जमाखोरी, कालाबाजारी अथवा आवश्यक वस्तु अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का स्पष्ट उद्देश्य है कि जनपद में चीनी की पर्याप्त उपलब्धता बनी रहे और उपभोक्ताओं से निर्धारित/उचित मूल्य से अधिक वसूली न हो। आमजन से भी अपील है कि चीनी की अधिक कीमत वसूले जाने अथवा अनियमित बिक्री की कोई शिकायत होने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करें।

Related Articles

Back to top button