परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश ने डी.टी.टी.आई. एवं संभागीय परिवहन कार्यालय, अयोध्या का किया निरीक्षण।
अयोध्या। परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश महोदय द्वारा डी.टी.टी.आई. (ड्राइविंग ट्रेनिंग एंड टेस्टिंग इंस्टीट्यूट), अयोध्या तथा संभागीय परिवहन कार्यालय, अयोध्या का निरीक्षण किया गया। डी.टी.टी.आई., अयोध्या के निरीक्षण के दौरान आयुक्त महोदय द्वारा सड़क सुरक्षा एवं प्रवर्तन कार्यों की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान निर्देशित किया गया कि रॉन्ग साइड ड्राइविंग के अभियोग में चालानित वाहन चालकों को मोटर वाहन अधिनियम की धारा-19 के अंतर्गत नोटिस निर्गत करते हुए उन्हें डी.टी.टी.आई., अयोध्या में पुनः प्रशिक्षण (Re-training) प्रदान किया जाए, जिससे यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़े तथा भविष्य में इस प्रकार के उल्लंघनों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। तत्पश्चात डी.टी.टी.आई. परिसर स्थित टेस्टिंग ट्रैक एवं उपलब्ध प्रशिक्षण सुविधाओं का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान महोदय ने परिसर में वृक्षारोपण भी किया तथा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर के विकास हेतु आवश्यक निर्देश प्रदान किए।
इसके उपरांत परिवहन आयुक्त उत्तर प्रदेश द्वारा संभागीय परिवहन कार्यालय, अयोध्या का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय अभिलेखों एवं रिकॉर्ड को सुव्यवस्थित एवं व्यवस्थित ढंग से संधारित किए जाने के निर्देश दिए गए, जिससे आवश्यक सूचनाओं एवं अभिलेखों की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके। साथ ही विभिन्न पटलों पर कार्यरत कर्मचारियों को कंप्यूटर प्रणाली का स्वयं संचालन करने, तकनीकी दक्षता बढ़ाने तथा लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। तत्पश्चात आयुक्त, अयोध्या मंडल, अयोध्या के सभागार में अयोध्या एवं बस्ती संभाग के समस्त परिवहन अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष शत-प्रतिशत राजस्व वसूली सुनिश्चित किए जाने के निर्देश प्रदान किए गए।
सड़क सुरक्षा की समीक्षा के दौरान महोदय ने ओवरस्पीडिंग, ड्रंकन ड्राइविंग, बिना हेलमेट वाहन संचालन तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सघन एवं प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई संचालित किए जाने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से प्रवर्तन कार्यवाही को और अधिक प्रभावी बनाने तथा जन-जागरूकता कार्यक्रमों को नियमित रूप से संचालित किए जाने पर विशेष बल दिया।
परिवहन आयुक्त ने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना सभी संबंधित विभागों एवं आमजन की सामूहिक जिम्मेदारी है तथा यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन से ही दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है।



