Monday, February 23, 2026
Advertisement
Home उत्तर प्रदेश लखनऊ को ए.आई. सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा:मुख्यमंत्री

लखनऊ को ए.आई. सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा:मुख्यमंत्री

30
लखनऊ को ए.आई. सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा:मुख्यमंत्री
लखनऊ को ए.आई. सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा:मुख्यमंत्री
        मुख्यमंत्री ने IBM AI GovTech Innovation Centre का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री के समक्ष उ0प्र0 सरकार एवं आई0बी0एम0 के मध्य 02 एम0ओ0यू0 का आदान-प्रदान किया गया। प्रधानमंत्री की विजनरी लीडरशिप में भारत ने समग्र विकास की नई आधारशिला रखी। लखनऊ को ए0आई0 सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा। राज्य सरकार मेडटेक की दिशा में आई0आई0टी0 कानपुर के साथ मिलकर कार्य कर रही। वर्तमान में अलग-अलग क्षेत्रों में 07 सेण्टर ऑफ एक्सीलेंस प्रदेश में कार्यरत। क्वॉण्टम कम्प्यूटिंग के लिए उ0प्र0 की दावेदारी मजबूत। रोबोटिक्स के सेण्टर ऑफ एक्सीलेंस और ड्रोन टेक्नोलॉजी के सेण्टर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना हेतु बजट व्यवस्था। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आज डिजिटल इण्डिया की सफलता विभिन्न मंचों के माध्यम से प्रस्तुत हो रही। नई दिल्ली में आयोजित इण्डिया ए0आई0 इम्पैक्ट समिट में वैश्विक नेताओं ने प्रधानमंत्री के विजन को सराहा।

 

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज यहाँ IBM AI GovTech Innovation Centre का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी के समक्ष आई0बी0एम0 एवं उत्तर प्रदेश सरकार के मध्य 02 एम0ओ0यू0 का आदान-प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान यू0पी0 डिजिटल गवर्नेन्स तथा आई0बी0एम0 की विकास यात्रा पर आधारित लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गयी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की विजनरी लीडरशिप में भारत ने समग्र विकास की नई आधारशिला रखी है। विगत 11 वर्ष में इन्फ्रास्ट्रक्चर व डीपटेक के क्षेत्र में भारत ने जिन ऊँचाइयों को प्राप्त किया है, वह अद्भुत, आश्चर्यजनक व दुनिया के लिए कौतुहल का विषय है। प्रदेश सरकार ने तय किया है कि लखनऊ को ए0आई0 सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा। यदि आई0बी0एम0 इस कार्य में सहयोग करेगी, तो इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आई0बी0एम0 ने आई0आई0टी0 कानपुर में देश का पहला कम्प्यूटर स्थापित करने में योगदान दिया था। क्वॉण्टम कम्प्यूटिंग के लिए उत्तर प्रदेश की दावेदारी मजबूत है, क्योंकि प्रदेश लगातार इस दिशा में आगे बढ़ रहा है। प्रदेश सरकार, आई0आई0टी0 कानपुर व आई0बी0एम0 क्वॉण्टम कम्प्यूटिंग की दिशा में कार्य करने के लिए तत्पर हैं। तीनों मिलकर आगे बढ़ेंगे, तो प्रधानमंत्री जी के विजन के अनुरूप क्वॉण्टम कम्प्यूटिंग का कार्यक्रम उत्तर प्रदेश से प्रारम्भ होकर डीपटेक की दिशा में आगे बढ़ने में सफल होगा।
      गत वर्ष उन्हें आई0आई0टी0 कानपुर में डीपटेक पर आधारित कॉन्फ्रेंस में भाग लेने का अवसर प्राप्त हुआ था। राज्य सरकार ने मेडटेक के लिए आई0आई0टी0 कानपुर के साथ मिलकर कार्य किया है। वर्तमान में अलग-अलग क्षेत्रों में 07 सेण्टर ऑफ एक्सीलेंस प्रदेश में कार्यरत हैं, जो उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं। हेल्थ सेक्टर में लखनऊ का एस0जी0पी0जी0आई0 अच्छा कार्य कर रहा है। आई0आई0टी0 कानपुर भी उत्कृष्ट कार्य कर रहा है।
आज डिजिटल इण्डिया की सफलता विभिन्न मंचों के माध्यम से प्रस्तुत हो रही है। वैश्विक नेताओं ने नई दिल्ली में आयोजित इण्डिया ए0आई0 इम्पैक्ट समिट में प्रधानमंत्री जी के विजन को सराहा। प्रधानमंत्री जी की लीडरशिप में डिजिटल इण्डिया की सफलता की कहानी सबके सामने है। 140 करोड़ भारतवासियों को डिजिटल पहचान पत्र प्राप्त हुआ। 50 करोड़ लोग भारत में आयुष्मान भारत की सुविधा प्राप्त कर रहे हैं। देश के 50 करोड़ परिवार पारदर्शी बैंकिंग प्रणाली के अन्तर्गत डी0बी0टी0 के माध्यम से अपने खातों में शासन की सुविधा और योजनाओं का सीधे लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कल गौतमबुद्धनगर जनपद में प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में प्रदेश की पहली सेमीकण्डक्टर यूनिट की आधारशिला रखी गयी है। प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में रोबोटिक्स के सेण्टर ऑफ एक्सीलेंस हेतु धनराशि का प्राविधान किया है। इससे पूर्व, ड्रोन टेक्नोलॉजी के लिए भी सेण्टर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना हेतु बजट की व्यवस्था की गयी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी आबादी वाला राज्य उत्तर प्रदेश प्रत्येक क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार प्रत्येक सेक्टर में कार्य कर रही है, जिसका परिणाम आज उत्तर प्रदेश में दिखायी दे रहा है। प्रदेश के इन्फ्रास्ट्रक्चर में टेक्नोलॉजी का बेहतर उपयोग कर प्रत्येक वर्ग के जीवन में परिवर्तन लाया जा रहा है।
लखनऊ को ए.आई. सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा:मुख्यमंत्री
लखनऊ को ए.आई. सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा:मुख्यमंत्री
विधान सभा में ए0आई0 टूल व टेक्नोलॉजी का बेहतर उपयोग करते हुए हमने आम नागरिक के जीवन में परिवर्तन लाने से सम्बन्धित दो उदाहरण प्रस्तुत किए। वर्ष 2017 से पूर्व 40 वर्षों तक प्रदेश की जनता इन्सेफेलाइटिस बीमारी का सामना कर रही थी। इस बीमारी से प्रदेश के लगभग 50 हजार बच्चों की मृत्यु हुई थी। हम लोग उस समय केवल उपचार तक ही सीमित थे। हमने डाटा को कलेक्ट तथा उसका विश्लेषण करने का प्रयास ही नहीं किया था। हम यह मान लेते थे कि यह सामान्य बीमारी है, लेकिन जब डाटा एनालिसिस किया गया, तो पता चला कि जहाँ पर शुद्ध पेयजल नहीं है, खुले में शौच है, उन स्थानों पर यह बीमारी ज्यादा है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने स्वच्छ भारत अभियान और जल जीवन मिशन के अन्तर्गत हर घर नल की योजना को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया। आज प्रदेश में इन्सेफेलाइटिस की बीमारी पूरी तरह समाप्त हो चुकी है और इससे कोई मृत्यु नहीं होती है।
ए0आई0 अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति के जीवन में किस प्रकार परिवर्तन ला सकता है, यह हमने हेल्थ सेक्टर में देखा है। उन्होंने शिक्षा क्षेत्र में ड्रॉप आउट रेट का उल्लेख करते हुए कहा कि लोग मानते थे कि बेटियाँ स्कूल दूर होने की वजह से नहीं जा पाती थीं। प्रत्येक गाँव में स्कूल खोल दिए गए। गाँवों में स्कूल होने के बावजूद भी लोग बेटियों को स्कूल नहीं भेजते थे। जब वहाँ का डाटा कलेक्ट किया गया तो पता चला कि ड्रॉप आउट रेट का कारण बेटियों के लिए टॉयलेट का अभाव है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व व मार्गदर्शन में प्रत्येक स्कूल में बालक व बालिकाओं के लिए अलग-अलग टॉयलेट तथा पेयजल की व्यवस्था करायी गईं। हमने बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में ड्रॉप आउट रेट को न्यूनतम करने में सफलता प्राप्त की है। यह दर्शाता है कि हम बेहतर तरीके से टेक्नोलॉजी का उपयोग कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने आई0बी0एम0 के सी0ई0ओ0 एवं चेयरमैन डॉ0 अरविन्द कृष्णा को IBM AI GovTech Innovation Centre के इनिशिएटिव को आगे बढ़ाने व सकारात्मक योगदान देने के लिए धन्यवाद दिया। डॉ0 अरविन्द कृष्णा ने उत्तर प्रदेश व भारत की भूमि के साथ अपने भावनात्मक सम्बन्धों को सभी के समक्ष प्रस्तुत किया। इस अवसर पर आई0बी0एम0 इण्डिया/साउथ एशिया के प्रबन्ध निदेशक संदीप पटेल, आई0आई0टी0 कानपुर के डायरेक्टर प्रो0 मणीन्द्र अग्रवाल, शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा आई0बी0एम0 के अन्य पदाधिकारी व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।