हर व्यक्ति को न्याय दिलाना सरकार की प्रतिबद्धता:मौर्य

38
हर व्यक्ति को न्याय दिलाना सरकार की प्रतिबद्धता:मौर्य
हर व्यक्ति को न्याय दिलाना सरकार की प्रतिबद्धता:मौर्य

जनता दर्शन कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने सुनी जन समस्याएं, दिए त्वरित समाधान के निर्देश। हर व्यक्ति को न्याय दिलाना सरकार की प्रतिबद्धता:मौर्य

लखनऊ। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को अपने लखनऊ कैंप कार्यालय पर आयोजित जनता दर्शन में प्रदेश भर से आए सैकड़ों लोगों की व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित व प्रभावी समाधान के स्पष्ट निर्देश दिए। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न जनपदों — जैसे फर्रुखाबाद, बस्ती, बाराबंकी, बदायूं, सुल्तानपुर, कौशांबी, बरेली, फिरोजाबाद और शाहजहांपुर से आए फरियादियों ने भूमि विवाद, राजस्व, चिकित्सा सहायता, पेंशन, आवास, सड़क, बिजली-पानी, पुलिस कार्रवाई, शिक्षा और रोजगार से जुड़ी समस्याएं रखीं।

उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि “जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जहां आवश्यक हो, वहां मौके पर जाकर निरीक्षण किया जाए और पीड़ितों को समयबद्ध राहत दी जाए।” उन्होंने जोर देकर कहा कि हर पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिलना चाहिए।

श्री मौर्य ने जनता दर्शन को जन संवाद का सशक्त माध्यम बताते हुए कहा, “यह मंच सीधे तौर पर जनता की आवाज़ को सरकार तक पहुंचाता है। हमारी सरकार जनहित के लिए संकल्पित है और कोई भी पीड़ित निराश नहीं लौटे-यही हमारी प्राथमिकता है।” उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध और संतुष्टिपरक समाधान किया जाए, जिम्मेदारी तय की जाए और लापरवाही पर कड़ी कार्यवाही हो। विशेषकर भूमि विवादों और उत्पीड़न के मामलों को गंभीरता और संवेदनशीलता से लेते हुए उन्होंने कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने स्वयं फरियादियों के पास जाकर संवाद किया और एक-एक समस्या को गंभीरता से सुना। बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगों की शिकायतों को विशेष प्राथमिकता दी गई। अंत में उप मुख्यमंत्री ने संबंधित जिलाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों व शासन के वरिष्ठ अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर समाधान की प्रक्रिया में तत्परता लाने के निर्देश दिए। हर व्यक्ति को न्याय दिलाना सरकार की प्रतिबद्धता:मौर्य