लखनऊ। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री राजेंद्र चौधरी को दिल का दौरा पड़ने के बाद सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उनकी तबीयत बिगड़ने पर तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव अस्पताल पहुंचे और राजेंद्र चौधरी का हाल-चाल लिया। उन्होंने डॉक्टरों से उनकी सेहत की विस्तृत जानकारी ली और बेहतर से बेहतर इलाज़ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। राजेंद्र चौधरी मुलायम सिंह यादव के बेहद करीबी रहे हैं और अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री काल से उनके साये की तरह रहते आए हैं।
सपा के वरिष्ठ नेता एवं मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया। शुरुआती जानकारी में हार्ट अटैक की आशंका जताई गई थी, जबकि बाद में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बताया कि उन्हें कार्डियक अरेस्ट के बाद अस्पताल लाया गया। अब उन्हें राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है,फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
अखिलेश बोले- रिपोर्ट आने के बाद स्थिति होगी स्पष्ट अस्पताल में मीडिया से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि राजेंद्र चौधरी की अचानक तबीयत खराब हो गई थी, जिसके बाद उन्हें बिना देर किए सिविल अस्पताल लाया गया। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों ने तुरंत उपचार शुरू कर दिया है और उन्हें लगातार निगरानी में रखा गया है। अखिलेश ने कहा कि चिकित्सकीय जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद ही स्वास्थ्य की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि डॉक्टरों के प्रयास से राजेंद्र चौधरी जल्द स्वस्थ होंगे। ताजा जानकारी के मुताबिक अब उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।



