

सिंधी छात्र के हत्या से प्रदेश के सिंधी समाज में आक्रोश। मृतक छात्र के परिजनों को एक करोड़ का मुआवजा दे गुजरात सरकार। अहमदाबाद के एक स्कूल में चाकुओं से गोदकर हुई हत्या।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सिंधी अकादमी के पूर्व उपाध्यक्ष एवं सिंधी पंचायत के महासचिव नानक चंद लखमानी ने अहमदाबाद के एक स्कूल में सिंधी समाज के एक बालक की निर्मम हत्या पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने इस मामले के दोषियों को कड़ी सजा दिलाए जाने की मांग की है। उन्होंने सिंधी समाज की ओर से गुजरात सरकार से पीड़ित परिवार के प्रति सहानुभूति दिखाते हुए उन्हें एक करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराए जाने की मांग की है।
उल्लेखनीय है कि अहमदाबाद के एक स्कूल में कक्षा दस के पन्द्रह वर्षीय सिंधी समाज के एक बालक नयन संतानी (यूवी) को उसी स्कूल के कक्षा नौ के एक मुस्लिम छात्र ने अपने कुछ दोस्तों के साथ मिलकर चाक़ू से हमला कर हत्या कर दी । यह समाचार सुनकर लखनऊ का सिंधी समाज अत्यंत आहत है एवं आक्रोश में है । उन्होंने कहा कि प्रदेश का सिंधी समाज पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता है और दुख की इस घड़ी में उनके साथ है ।
लखनऊ सिंधी समाज ने गुजरात सरकार एवं अहमदाबाद पुलिस प्रशासन से मांग करता है कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए तथा पुलिस द्वारा यह भी ज़रूर जांच की जाए कि इन दोषी बच्चों को हत्या जैसे वीभत्स कार्य करने हेतु किसने उकसाया । इसमें यदि दोषी बालकों के परिवार की कोई संलिप्तता है तो उसकी भी जांच की जाए । पीड़ित परिवार द्वारा स्कूल प्रशासन पर भी लापरवाही बरतने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। जांचोपरांत आरोप सही पाए जाने पर ज़िला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के द्वारा स्कूल प्रशासन की भी जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सिंधी समाज गुजरात एवं उत्तर प्रदेश शासन से अपेक्षा करता है कि विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा के कड़े प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। लखनऊ सिंधी समाज शीघ्र ही पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करने के लिए शांति मार्च निकालेगा। सिंधी छात्र के हत्या से सिंधी समाज में आक्रोश: नानकचंद
























