
आज सपा मुख्यालय लखनऊ में डॉ0 राममनोहर लोहिया सभागार में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की अध्यक्षता में नवनिर्वाचित लोकसभा सदस्यों की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में पूर्व सांसद गुरु जी उदय प्रताप सिंह, राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रो0 रामगोपाल यादव, राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, सांसद डिम्पल यादव, राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद नरेश उत्तम पटेल, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल उपस्थित रहे। अखिलेश यादव ने आज सभी नवनिर्वाचित सांसदों को जीत की बधाई दी। नवनिर्वाचित सभी सांसदों से मुलाकात करते हुए उन्होंने कहा कि सभी सांसदों ने बहुत परिश्रम किया है। इस भीषण गर्मी में लगातार रात-दिन मेहनत की है, जिससे परिणाम अच्छा रहा। हमने जनता के मुद्दे उठाए और जनता ने समझा। आज समाजवादी पार्टी सबसे ज्यादा सीट जीतकर देश की तीसरे नम्बर की पार्टी बन गई है। भाजपा की मनमर्जी के खिलाफ जनता की जीत
अखिलेश यादव ने कहा कि पार्टी को बड़े पैमाने पर जनता का समर्थन मिलने से हमारी जिम्मेदारी बहुत बढ़ गई है। जनता की समस्याओं का उठाना, उनके हित में अपनी बात रखना समाजवादियों का संघर्श लोकसभा में जारी रहेगा। सकारात्मक राजनीति का दौर शुरू हुआ है। जनता के मुद्दों की जीत हुई है। समाजवादी पार्टी का जनता के हितों के लिए संघर्ष जारी रहेगा। लोकसभा के चुनाव परिणामों ने साम्प्रदायिकता को सदैव के लिए महत्वहीन कर दिया है। भाजपा की मनमर्जी के खिलाफ जनता की मर्जी की जीत हुई है। अब हमें सन् 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी करनी होगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी का पीडीए वास्तविक एजेंडा है जिसमें सामाजिक न्याय की अवधारणा है। यह एक पड़ाव है। समाजवादी पार्टी की लड़ाई लम्बी है। समाजवादी व्यवस्था परिवर्तन के रास्ते पर चलने के लिए संकल्पित है।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा का लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति कोई विश्वास नहीं है। भाजपा ने सत्ता में रहते हुए संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया है। भाजपा सत्ता का दुरूपयोग करने को अपना अधिकार मानती है। भाजपा विपक्ष से नफरत करती है और उसके नेताओं का उपहास उड़ाती है। उन्हें फर्जी मुकदमों में फंसाती है। भाजपा का काम समाज में दूरी पैदा करना और समाज में नफरत फैलाना है। भाजपा गैंग की तरह काम करती है। यह एक संगठित गैंग है जिसका जनसरोकारों से कोई लेना देना नहीं है। भाजपा की मनमर्जी के खिलाफ जनता की जीत