

भाजपा पीडीए की एकता और ताकत से घबराई हुई है। पीडीए जितना मजबूत और एकजुट होगा भाजपा उतना ही ज्यादा साम्प्रदायिक राजनीति करेगी भाजपा के पास महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार का कोई जवाब नहीं है। भाजपा सामाजिक न्याय की बात नही करती जनता के बुनियादी मुद्दों से ध्यान हटाने का काम करती है। समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय और दलितों, पिछड़़ोे, अल्पसंख्यकों, किसानों को उनका हक और सम्मान दिलाने के लिए काम कर रही है। समाजवादी पार्टी विकास और न्याय के लिए काम करती है। भाजपा के लोग नफरत फैलाने की राजनीति करते है। जो लोग देश में जगह-जगह खोदाई की बात कर रहे है, ये सब एक दिन देश का सौहार्द खो देंगे। अखिलेश यादव ने कहा कि अगर हर जगह खुदाई होगी तो देश आगे नही बढ़ेगा। अगर विकसित भारत बनना है तो बहुत चीजों पर कार्य करना होगा। सबका सम्मान करना होगा। एक न्यूज चैनल के साथ इण्टरव्यू में अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश मेें भाजपा के खिलाफ मजबूती से लड़ रही है। हमने पीडीए को एकजुट करके 2024 के चुनाव में भाजपा को हराया है। हमारे कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर पर मेहनत की है। भाजपा से जमीन पर लड़ना होगा। 2027 के विधान सभा चुनाव में जनता 2024 से भी बेहतर परिणाम देगी। पीडीए एकता से घबराई भाजपा-अखिलेश
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की लड़ाई भाजपा की साम्प्रदायिक नफरत और भेदभाव की राजनीति से है। जो भाजपा को हराएगा हम उसके साथ है। भाजपा विकास की बात नही करती है। प्रधानमंत्री जी ने दस साल पहले गंगा सफाई का वादा किया था। लेकिन आज भी गंगा मां साफ नहीं हुई। नदियों के नाले आज भी गंगा में जा रहे है। कानपुर, कन्नौज समेत तमाम जगह नाले गंगा में जा रहे है। भाजपा अपने वादों पर चर्चा नहीं कर रही है। प्रधानमंत्री जी जिस एक्सप्रेस वे पर हरक्यूलिस जहाज से उतरे थे, वह एक्सप्रेस वे समाजवादी सरकार डिजाइन किया हुआ हैं। समाजवादी सरकार ने एक्सप्रेस वे बनाया, लखनऊ, कानपुर, आगरा, नोएडा की मेट्रो समाजवादी सरकार की देन है। समाजवादी सरकार ने लखनऊ में गोमती नदी पर रिवरफ्रन्ट बनाया। गोमती नदी साफ रहे इसके लिए नालों को रोका। नदियों की सफाई के लिए एक मॉडल बनाया लेकिन भाजपा सरकार ने उस काम को नहीं पूरा होने दिया। गोमती रिवर फ्रन्ट गुजरात के साबरमती रिवरफ्रन्ट से बेहतर बना है, इसीलिए भाजपा को दिक्कत है।
भाजपा ने उपचुनाव में पुलिस और सत्ता का दुरुपयोग किया। संविधान में लोकतंत्र में सभी को वोट का अधिकार मिला है, भाजपा ने वोट डालने से रोका। पुलिस ने भाजपा के लिए वोट डाले, और पुलिस ने भाजपा को जिताया। पुलिस के एक अधिकारी ने महिलाओं को रिवाल्वर दिखाकर डराया, वोट डालने से रोका। समाजवादी पार्टी ने चुनाव आयोग में तीन सौ से ज्यादा शिकायत की। समाजवादी पार्टी हमेशा से ईवीएम के खिलाफ है। हम ईवीएम से चुनाव जीतकर ईवीएम को हटाएंगे। दुनिया के तमाम विकसित देशों में ईवीएम से चुनाव नही होता हैं। जर्मनी समेत कई देशों में ईवीएम से वोटिंग असंवैधानिक है। ईवीएम से वोटिग से पता चल जाता है, कहां किसे वोट मिला, इससे दुश्मनियां बढ़ रही हैं। मतदान गुप्त होता है। सीक्रेट वोटिंग बैलेट से ही हो सकता है।अखिलेश यादव ने कहा कि हमने समाज को जातियों में नहीं बांटा। हम तो वंचित और शोषित जातियों को उनका हक दिलाने की लड़ाई लड़ रहे है। समाज को जातियों में ऋषि मनु ने बांटा है। मै जोड़ने की और सामाजिक न्याय दिलाने का काम कर रहा हँू। मेरे मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद भाजपा ने मुख्यमंत्री आवास गंगाजल से क्यों धुलवाया था, मन्दिर से जाने के बाद मन्दिर क्यों धुलवाया था।
अखिलेश यादव ने कहा कि लोकसभा सदन चलना चाहिए। सरकार को चलाना चाहिए। सदन चलेगा तभी सभी मुद्दों और समस्याओं पर चर्चा होगी। हमारे लिए संभल पर चर्चा होना प्राथमिकता था। क्या कोई कल्पना कर सकता है कि सर्वे के बहाने माहौल इतना खराब कर दिया जायेगा। संभल में घटना प्रशासन के अधिकारियों ने कराया। वहां प्रशासन की नाकामी है। जब कभी संभल की घटना की जांच होगी, न्यायालय का फैसला आयेगा तो अधिकारी ही दोषी पाए जायेंगे। संभल में सब कुछ अधिकारियों का कराया हुआ है। जो जानें गयीं है उसके लिए अधिकारी ही जिम्मेदार हैं। हम लोग संभल में पीड़ितों का दुखः दर्द बांटने जाना चाहते थे लेकिन सरकार ने नही जाने दिया। भाजपा सरकार किसी की बात नहीं सुनना चाहती है। किसान, नौजवान सभी परेशान हैं। नोएडा में किसान अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं। पिछली सरकार में किसानों की सब मांगे मानी गयी थीं लेकिन यह सरकार नहीं मान रही, किसानों की बात नहीं सुनना चाहती है। किसानों को कालकोठरी में डाल दिया। किसानों को उनके परिवार से भी नहीं मिलने दे रही है। जो किसानों की बात नही सुन सकते वो किसानों की आय क्या दोगुनी करेंगे।
बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के साथ जो हो रहा है उस पर प्रधानमंत्री जी और भाजपा सरकार से पूछना चाहिए। अगर इस मुद्दे पर विपक्ष से सवाल पूछा जाता है इसका मतलब है प्रधानमंत्री कमजोर हैं। राजनीतिक दल विदेश नीति के सवाल पर खुले मंच पर राय नहीं रख सकते हैं। बांग्लादेश में जो हो रहा है वह विदेश नीति की असफलता है। एक साधु-संत को जेल में डाल दिया गया। वहां लोगों के साथ गलत व्यवहार हो रहा है। इसका मतलब है विदेश नीति गड़बड़ है। भाजपा सरकार पड़ोसी देशों से सम्बन्ध ठीक नही रख पा रही है। जो हमारे लोग विदेश में रह रहे है उनकी सुरक्षा नहीं कर पा रही है। यह केन्द्र सरकार की नाकामी है। पीडीए एकता से घबराई भाजपा-अखिलेश