

भाजपा झूठ का एक्सप्रेस-वे है। उत्तर प्रदेश में भाजपा राज में पिछले आठ सालों में अगर सच में विकास हुआ है तो फिर हटाने की बात क्यों हो रही है…? अखिलेश यादव ने कहा कि सच तो यह है कि आठ साल में भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार, लूट और बेईमानी के सारे रिकार्ड तोड़ दिए हैं। भ्रष्टाचार के पैसे पर एकाधिकार के लिए भाजपा के अंदर एक हाई-वे बनाया जा रहा है, जो लखनऊ से गोरखपुर जाता है। विकास के झूठे प्रचार में जिनकी तस्वीर तक नहीं है, वे अपने आप ही ससम्मान वापस चले जाए तो अच्छा है। उनकी तस्वीर भी उनके काम की तरह गोल है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने आठ साल में सामाजिक सद्भाव को नुकसान पहुंचाया है। नफरत और भेदभाव की राजनीति की। पूरे प्रदेश में अराजकता का माहौल बनाया। अपराधियों और भ्रष्टाचारियों को संरक्षण दिया है। प्रदेश में इतना भ्रष्टाचार कभी नही था। सत्ता के शीर्ष से लेकर नीचे तक सरकारी धन की लूट हो रही है। भाजपा सरकार में निवेश से लेकर शिक्षा व्यवस्थाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, सड़क निर्माण, सड़कों के गड्ढे, गोशालाओं के नाम पर भारी भ्रष्टाचार हो रहा है। भाजपा झूठ का एक्सप्रेस-वे-अखिलेश यादव
भाजपा सरकार में गोशालाओं को सेवाभाव से नहीं चलाया जा रहा है। गोशालाओं में भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार की दुर्गन्ध है। कमीशनखोरी चरम पर है। गौशालाओं के नाम पर सरकारी बजट भाजपा नेताओं और समर्थकों की जेब में जा रहा है। गोशालाओं में साफ-सफाई नहीं है। गायों के खाने-पीने की व्यवस्था नहीं है। पूरे प्रदेश से आये दिन गायों की भूख और बीमारी से मरने की खबरें आती है। भाजपा सरकार में गौशालाओं और गायों के नाम पर पैसों की बंदरबांट हो रही है। आज प्रदेश भर में गोशालाओं में गंदगी का अंबार है। गौशालाएं गायों के लिए कैदखाना बन गयी है। वहां कोई व्यवस्था नहीं है। प्रदेश में हर दिन गायें बेमौत मर रहीं है। इस दुर्दशा के लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है। भाजपा सरकार गायों की भूख, बीमारी और मौतों के पाप की भागीदार है। इसे इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
भाजपा ने आठ साल में उत्तर प्रदेश को बर्बाद कर दिया है। प्रदेश में कोई सुरक्षित नहीं है। गुण्डों, और अपराधियों को खुली छूट है। सरकार संरक्षित गुण्डे पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यकों पर हमले कर रहे हैं। तोड़फोड़ कर रहे हैं। कानून व्यवस्था ध्वस्त है। जंगलराज है। भाजपा सरकार में समाजवादी पार्टी के एक बहुत ही वरिष्ठ दलित सांसद श्री रामजी लाल सुमन का घर और परिवार भी सुरक्षित नहीं है। उनके घर पर दिनदहाड़े गुण्डों और अराजक तत्वों ने हमला कर दिया तो आम जनता की क्या सुरक्षा हो सकती है? उत्तर प्रदेश में अराजक तत्वों के हौसले इतने बढ़े हुए है कि उसी शहर में मुख्यमंत्री जी की मौजूदगी में भी समाजवादी पार्टी के दलित समाज से आने वाले बहुत वरिष्ठ सांसद के घर पर हमला कर तोड़फोड़ की गयी है। अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री जी और पूरी भाजपा घूम-घूम कर सरकारी पैसे से चाहे जितना झूठा प्रचार करें जनता सच्चाई समझ रही है। जनता भाजपा की बदनीयती, बेईमानी से वाकिफ हो चुकी है। किसान, नौजवान, पीडीए समाज एकजुटता के साथ 2024 के लोकसभा चुनाव की तरह 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को सबक सिखाएगा। भाजपा झूठ का एक्सप्रेस-वे-अखिलेश यादव