Saturday, January 17, 2026
Advertisement
Home राष्ट्रीय भारत की तरफ बढ़ रहा बिपरजॉय चक्रवात

भारत की तरफ बढ़ रहा बिपरजॉय चक्रवात

249
भारत की तरफ बढ़ रहा बिपरजॉय चक्रवात
भारत की तरफ बढ़ रहा बिपरजॉय चक्रवात

भारत की तरफ बढ़ रहा बिपरजॉय चक्रवात, ला सकता है तबाही, मुंबई में हाई अलर्ट, गुजरात के तटीय इलाकों से लोगों को हटाया जा रहा।

अजय सिंह

अरब सागर में उठा शक्तिशाली चक्रवात बिपरजॉय भारत की तरफ बढ़ रहा है। पिछले 24 घंटे में इसने और विकराल रूप अख्तियार कर लिया है। 14-15 जून तक ये गुजरात के तट से टकराएगा। पहले यह पाकिस्तान की ओर जा रहा था।चक्रवात बिपरजॉय 6 जून 2023 को अरब सागर में उठा था। शुरुआती 6 दिनों तक ये कराची की तरफ बढ़ रहा था, लेकिन अब रास्ता बदलकर गुजरात की तरफ बढ़ रहा है। फिलहाल इसके बढ़ने की रफ्तार 8 किमी/घंटा है। आज दोपहर 12 बजे तक ये गुजरात के पोरबंदर से 320 किमी दूर था। मौसम विभाग का अनुमान है कि 14-15 जून को बिपरजॉय के गुजरात के तटीय इलाकों से टकराने की आशंका है। इस दौरान 150 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। 16 जून को ये चक्रवात धीमा पड़कर बेअसर हो जाएगा।

6 जून को उठे इस चक्रवात का असर 10 दिनों तक रह सकता है। यह हाल के दिनों में अब तक का सबसे लंबे समय तक रहने वाला तूफान है। समुद्र के ऊपर एक चक्रवाती तूफान जितने अधिक समय तक रहता है, उतनी ही ज्यादा ऊर्जा और नमी जमा होने की संभावना होती है। जिससे तूफान के और अधिक खतरनाक होने और जमीन से टकराने के बाद नुकसान पहुंचाने की संभावना बढ़ जाती है।

तूफान के रूट बदलने के बाद SDRF की टीम ने गुजरात के तटीय इलाकों से लोगों को हटाने का काम शुरू कर दिया है। SDRF की 10 टीमें तैनात की गई हैं।मौसम विभाग ने सौराष्ट्र, कच्छ समेत 10 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा मुंबई को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है। 16 जून को राजस्थान में आंधी-बारिश होने की आशंका है। तूफान की स्थिति को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को एक इमरजेंसी मीटिंग की, जिसमें गृह मंत्रालय, NDRF और सेना के अधिकारी मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री अमित शाह कल 13 जून को दिल्ली में राज्यों और यूनियन टेरिटरीज के आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्रियों के साथ बैठक करेंगे।

तूफान को ‘बिपरजॉय’ नाम बांग्लादेश ने दिया है। इसका मतलब ‘विपत्ति’ या ‘आपदा’ होता है। NDRF की 12 टीमें तैनात की गई हैं, वहीं 15 से ज्यादा टीमों को तैयार रहने के लिए कहा गया है।मुंबई में NDRF की 2 और टीमें भेजी गई हैं। वहां पहले से 3 टीमें तैनात हैं। वेस्टर्न रेलवे ने कहा है कि गुजरात के बिपारजॉय प्रभावित इलाकों में 56 ट्रेन रद्द की गई हैं। वहीं, 14-15 जून के दौरान 95 ट्रेन रद्द रहेंगी। कोस्ट गार्ड, आर्मी और नेवी की रेस्क्यू और रिलीफ टीमों को स्टैंडबाई पर रखा गया है। गुजरात में 21 हजार से ज्यादा नावों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है। तूफान के असर को देखते हुए गुजरात के कच्छ, राजकोट, भावनगर, पोरबंदर, गिर-सोमनाथ, द्वारका, जखौ, जाफराबाद में अलर्ट जारी कर दिया गया है। कच्छ जिले में धारा 144 लगा दी गई है। आज से तीन दिनों के लिए सभी स्कूल-कॉलेजों में छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं। तूफान के चलते गुजरात में अगले चार दिन तक आंधी चलेगी। सबसे ज्यादा असर सौराष्ट्र-कच्छ इलाके में होगा। BJP ने केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के नौ वर्ष पूरे होने पर आयोजित होने वाली सभाओं को रद्द कर दिया है। पार्टी ने 15 जून तक की सभाएं रद्द की हैं। कल देर रात तेज हवाएं चलने की वजह से मुंबई एयरपोर्ट पर ऑपरेशन प्रभावित हुआ।