
उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल ने शुरू किया व्यापारी जागरूकता अभियान। खाद्य सुरक्षा पर लखनऊ में व्यापारी जागरूकता बैठक, FSSAI नियमों की दी गई जानकारी। 16 अगस्त से राजधानी में बड़े पैमाने पर चलेगा व्यापारी जागरूकता अभियान – संजय गुप्ता व्यापारी हित और उपभोक्ता स्वास्थ्य के लिए आदर्श व्यापार मंडल की बड़ी पहल
लखनऊ। उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल ने राजधानी लखनऊ में खाद्य सुरक्षा विभाग के सहयोग से “व्यापारी जागरूकता अभियान” की शुरुआत की। इस अभियान का उद्देश्य है—नागरिकों को उच्च गुणवत्ता वाला खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना और व्यापारियों को खाद्य सुरक्षा नियमों की जानकारी देना। मंगलवार देर शाम अयोध्या रोड स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित इस बैठक में खाद्य सुरक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं किराना, रेस्टोरेंट और खाद्यान्न व्यापारियों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने की, जबकि नगर अध्यक्ष हरजिंदर सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। खाद्य सुरक्षा विभाग से सहायक आयुक्त विजय प्रताप सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी नीतिका केसरी, जितेन्द्र पटेल एवं मोहम्मद शाकिब ने व्यापारियों को FSSAI के नियमों की विस्तृत जानकारी दी।
अधिकारियों ने दिए अहम निर्देश,खाद्य सुरक्षा अधिकारी नीतिका केसरी ने व्यापारियों को नियमों के पालन संबंधी विस्तृत जानकारी दी:-
- सभी व्यापारी FOSCOS पोर्टल पर लाइसेंस एवं पंजीकरण करें।
- FSSAI नंबर का उल्लेख बिक्री बिल पर अनिवार्य है।
- जिन विक्रेताओं के पास FSSAI लाइसेंस नहीं है, उनसे खाद्य पदार्थ न खरीदें।
- बेकरी, मिठाई शॉप, होटल एवं रेस्टोरेंट अपनी हाइजीन रेटिंग अवश्य कराएं।
- सभी विक्रेता D1 वार्षिक विवरण समय पर भरें, अन्यथा विलंब शुल्क देना पड़ेगा।
- खरीद-बिक्री से संबंधित दस्तावेज सुरक्षित रखें और मांगने पर दिखाएं।
उत्पीड़न नहीं, जागरूकता है लक्ष्य:-
सहायक आयुक्त विजय प्रताप सिंह ने कहा, “विभाग का उद्देश्य व्यापारियों का उत्पीड़न नहीं, बल्कि उन्हें जागरूक कर नागरिकों को बेहतर खाद्य सेवा उपलब्ध कराना है।”
16 अगस्त से होगा बड़ा अभियान:-
प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने घोषणा की कि 16 अगस्त से राजधानी में बड़े पैमाने पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिसमें व्यापारियों को प्रशिक्षण और मार्गदर्शन दिया जाएगा। उन्होंने कहा, “संगठन का उद्देश्य व्यापारियों के हितों की रक्षा करते हुए आम जनता को उच्च गुणवत्ता वाला खाद्यपदार्थ प्रदान करना है। इसके लिए विभाग और व्यापारी दोनों को मिलकर कार्य करना होगा।”
व्यापारी समुदाय की सक्रिय भागीदारी:-
इस बैठक में नगर अध्यक्ष हरजिंदर सिंह के साथ-साथ उपाध्यक्ष श्यामसुंदर अग्रवाल, संजय अग्रवाल, अजय प्रताप सिंह, संदीप गुप्ता, प्रकाश मोहन भार्गव, अभिषेक केसरवानी, दिनेश शर्मा, संतोष गुप्ता समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। व्यापारी हित और उपभोक्ता स्वास्थ्य के लिए आदर्श व्यापार मंडल की बड़ी पहल



