केजीएमयू में अब इलाज कराना हुआ महंगा

पंजीकरण शुल्क दो गुना करने की तैयारी के साथ अन्य इलाज में भी 10 प्रतिशत की होगी बढ़ोत्तरी।

लखनऊ केजीएमयू में इलाज कराने के लिए अब मरीजों को ज्यादा जेब ढीली करनी होगी। ओपीडी में परामर्श के लिए पंजीकरण शुल्क दोगुना करने की तैयारी है। इसके साथ ही अन्य इलाज की फीस भी 10 प्रतिशत बढ़ाई जाएगी। हॉस्पिटल बोर्ड में पास होने के बाद अब प्रस्ताव कार्य परिषद में फाइनल मंजूरी के लिए रखे जाएंगे।

केजीएमयू की ओपीडी में इस समय पर्चे का शुल्क एक रुपया है, लेकिन पहले मरीज से रजिस्ट्रेशन के नाम पर 50 रुपये लिए जाते हैं। अब यह शुल्क सौ रुपये करने की तैयारी है। यह पंजीकरण छह माह के लिए मान्य होगा। हॉस्पिटल बोर्ड में यह प्रस्ताव रखते वक्त तर्क दिया गया कि विवि की आय बढ़ाने के लिए ऐसा करना जरूरी है, जिसे सदस्यों ने मान लिया। अब अन्य मदों में भी बढ़ोतरी की जानी हैं।

केजीएमयू में कार्य परिषद की बैठक 22 जून को होगी। इसमें इन शुल्कों में बढ़ोत्तरी के फैसलों के साथ विभिन्न विभागों के नियुक्ति संबंधी लिफाफे खोलने पर भी दोबारा चर्चा होगी। केजीएमयू में इस समय प्राइवेट कमरों का एक दिन शुल्क 18 सौ रुपये लगता है। इसे भी बढ़ाकर 2500 रुपये करने का प्रस्ताव है।

प्लास्टिक सर्जरी डिपार्टमेंट के आईसीयू में भी मरीजों को शुल्क चुकाने का प्रस्ताव हॉस्पिटल बोर्ड की बैठक में पास हो चुका है। केजीएमय में सुविधाएं भी बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। अब विभागवार पैथालॉजी कलेक्शन सेंटर खुलेंगे। जिससे मरीजों और तीमारदारों की भागदौड़ बचेगी। शताब्दी भवन में ऑक्सीजन के स्तर का पता लगाने के लिए जरूरी एबीजी जांच की सुविधा शुरू होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button