गंगा एक्सप्रेस-वे को हरिद्वार तक विस्तारित करने का प्रस्ताव स्वीकृत

गंगा एक्सप्रेस-वे को हरिद्वार तक विस्तारित करने का प्रस्ताव स्वीकृत मंत्रिपरिषद ने गंगा एक्सप्रेस-वे को हरिद्वार तक विस्तारित करने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की है। परियोजना की अनुमानित लम्बाई लगभग 147 कि0मी0 है। प्रस्तावित निर्माण कार्य हेतु राज्य सरकार की सम्भावित व्यय भार लागत 10,761 करोड़ रुपये है। इसमें केन्द्र सरकार द्वारा किसी प्रकार की भागीदारी अपेक्षित/प्रस्तावित नहीं है। उत्तराखण्ड की सीमा पर स्थित जनपद बिजनौर में उत्तर प्रदेश से हरिद्वार तक जाने के लिए मुख्य रूप से मात्र एक राष्ट्रीय मार्ग (संख्या एन0एच0 34, मेरठ-बिजनौर-हरिद्वार राष्ट्रीय मार्ग) की सुविधा ही उपलब्ध है। इस एक्सप्रेस-वे का निर्माण हो जाने से बिजनौर, हरिद्वार से सीधे जुड़ जाएगा एवं गंगा एक्सप्रेस-वे के माध्यम से इसका सुलभ सम्पर्क प्रदेश की राजधानी से भी हो जाएगा। इससे इस क्षेत्र का चहुंमुखी आर्थिक विकास सम्भावित है।


परियोजना की डिजाइन स्पीड 120 कि0मी0 प्रति घण्टा तथा ज्यामितीय संरचना 06 लेन (08 लेन तक विस्तारणीय) होगी। प्रस्तावित आर0ओ0डब्ल्यू0 120मी0 होगा। गंगा एक्सप्रेस-वे को हरिद्वार तक विस्तारित किए जाने के फलस्वरूप पावन गंगा के तट पर स्थित 02 कुम्भ नगरी हरिद्वार एवं प्रयागराज के मध्य प्रवेश नियंत्रित एक्सप्रेस-वे नेटवर्क के माध्यम से एक दु्रतगामी यातायात व्यवस्था उपलब्ध हो जाएगी। इससे प्रदेश में धार्मिक पर्यटन में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। निर्णय के क्रियान्वयन से प्रत्यक्ष/अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार सृजित होना सम्भावित है।

Related Articles

Back to top button