पंचायती राज, ग्राम्य विकास, पशुधन एवं खाद्य विभाग के अन्नपूर्णा भवन निर्माण की समीक्षा,जिलाधिकारी ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश।
अयोध्या। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में ग्राम्य विकास, जिला स्वच्छता समिति (पंचायती राज विभाग), पशुधन विभाग तथा जिला खाद्यान्न समिति (खाद्य एवं रसद विभाग) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्री कृष्ण कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।
व्यक्तिगत शौचालय निर्माण समय से पूर्ण कराए:शशांक त्रिपाठी
जिला स्वच्छता समिति की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने व्यक्तिगत शौचालय निर्माण की प्रगति पर विशेष जोर देते हुए लक्ष्य के अनुरूप सभी निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एस0एल0डब्ल्यू0एम0 के अंतर्गत अवशेष धनराशि ग्राम पंचायतो को एलोकेट करने के निर्देश दिए। साथ ही शेष भुगतान हेतु आवश्यक धनराशि का समय से प्रस्ताव शासन को भेजा जाए। उन्होंने प्राप्त आवेदनों के सापेक्ष शत-प्रतिशत शौचालय निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विकास खंड सोहावल में सर्वाधिक लंबित प्रकरण पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण कर प्रगति में सुधार लाने के निर्देश दिए। गोबर गैस प्लांट की स्थापना के लिए एजेंसी चयन प्रकिया की प्रगति जानी। गो आश्रय स्थलों पर वर्मी कंपोस्ट क्रियाशीलता की भी समीक्षा हुई।
लापरवाही पर नोडल अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश
पशुधन विभाग की समीक्षा के दौरान पशुओं के टीकाकरण, पशु स्वास्थ्य सेवाओं, नेपियर एवं हरे चारे की उपलब्धता तथा जनसहभागिता की विस्तार से समीक्षा की गई। गोआश्रय स्थलों के निरीक्षण में लापरवाही पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देश दिया कि जिन नामित नोडल अधिकारियों ने निर्धारित समय पर निरीक्षण नहीं किया है, उनका वेतन अग्रिम आदेश तक रोकने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी गोआश्रय स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखने, नर एवं मादा गोवंशों को पृथक रखने तथा गोवंशों के संरक्षण एवं समुचित देखभाल की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अन्नपूर्णा भवन निर्माण शीघ्र पूर्ण कराए: जिलाधिकारी
जिला खाद्यान्न समिति की बैठक में अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप सभी भवनों का निर्माण समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए। रुदौली एवं कामाख्या क्षेत्र में भूमि विवाद के कारण लंबित निर्माण कार्यों पर उन्होंने उपजिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, क्षेत्राधिकारी एवं जिला पंचायती राज अधिकारी को संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण कर विवाद का तत्काल समाधान करते हुए निर्माण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने रुदौली तहसील में रिक्त उचित दर दुकान के संबंध में एक सप्ताह के भीतर प्रस्ताव तैयार कर आवंटन प्रक्रिया पूर्ण करने के भी निर्देश दिए।
जी राम जी के कार्यों की भी हुई समीक्षा
ग्राम्य विकास विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जी-राम-जी के अंतर्गत अधिक से अधिक कार्य तत्काल प्रारंभ कराने पर बल दिया, ताकि मानव सृजन का लक्ष्य समय से प्राप्त किया जा सके। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी अधिकारी नियमित अनुश्रवण करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करें। बैठक में संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



