भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार से कोई क्षेत्र अछूता नहीं:अखिलेश

भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार से कोई क्षेत्र अछूता नहीं। भाजपा सरकार में किसान हर तरफ से मारा जा रहा।

राकेश यादव

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों ने किसानों के सामने संकट पैदा कर दिया है। बढ़ती महंगाई के कारण खेती का लागत मूल्य लगातार बढ़ता जा रहा है। खाद, बीज, कीटनाशक, डीजल की बढ़ी कीमतों के कारण किसानों की समस्या बढ़ गयी है। भाजपा ने किसानों को धोखा दिया है। किसानों की आय दुगनी का वादा किया था लेकिन बढ़ती लागत मूल्य के कारण आय पहले से भी कम हो गई। भाजपा सरकार किसानों की फसलों के लिए समय से खाद-बीज का इंतजाम नहीं कर रही है। किसान परेशान है। फसलों को लेकर सरकार की पहले से कोई तैयारी नहीं है। किसानों पर एक तरफ मौसम की मार है तो दूसरी तरफ सरकार बिजली नहीं दे पा रही है। कम बारिश के अंदेशा से किसान बेहद चिन्तित है। धान की फसल पर संकट मंडरा रहा है। भाजपा सरकार में किसान हर तरफ से मारा जा रहा हैं। न खाद-बीज की व्यवस्था है और न बिजली-पानी का इंतजाम है। जो बीज मिलते भी हैं। वे नकली निकल जाते हैं। दवाएं भी नकली बिक रही है। किसानों को फसलों को सही दाम नहीं मिल रहा है। बिचौलिए फसलों की लूट कर लेते है। इस सरकार में किसान ठगा महसूस कर रहा है।

भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार से कोई क्षेत्र अछूता नहीं है। भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार और लूट का खामियाजा किसान भुगत रहा है। भाजपा के धोखे से किसानों में आक्रोश है। किसान 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से हटाकर समाजवादी पार्टी की सरकार लाएगा। समाजवादी पार्टी की सरकार में किसानों के हित में फैसले होंगे। किसानों की फसलों का सही मूल्य मिलेगा। समय पर खाद-बीज का इंतजाम होगा। समाजवादी पार्टी की सरकार में किसान सर्वोपरि रहा है। समाजवादी पार्टी ही किसानों की पार्टी है।

Related Articles

Back to top button