Monday, May 18, 2026
Advertisement
Home उत्तर प्रदेश राष्ट्रहित सर्वोपरि भाजपा की पहचान:योगी

राष्ट्रहित सर्वोपरि भाजपा की पहचान:योगी

28
राष्ट्रहित सर्वोपरि भाजपा की पहचान:योगी
राष्ट्रहित सर्वोपरि भाजपा की पहचान:योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बोले: राष्ट्र प्रथम की भावना ने भाजपा को बनाया दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में ‘भाजपा का इतिहास और विकास’ विषय पर आयोजित जिला प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक यात्रा और राष्ट्रवाद आधारित राजनीति पर विस्तार से अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने “राष्ट्र प्रथम, दल द्वितीय और व्यक्तिगत हित अंतिम” के सिद्धांत को आधार बनाकर देश और समाज के विकास की दिशा में निरंतर कार्य किया है। साथ ही उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से संस्थापकों के मूल्यों और आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी ने जनपद गोरखपुर में ‘भाजपा का इतिहास और विकास’ विषय पर आयोजित जिला प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने स्थापना के 50 वर्ष से भी कम समय में दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल के रूप में अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने केंद्र के साथ-साथ देश के 22 राज्यों में अपने दम पर सरकार बनाकर अपनी विचारधारा को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया है। कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन किया, जिसमें केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा गोरखपुर के विकास कार्यों को प्रदर्शित किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा हमेशा “राष्ट्र प्रथम, दल द्वितीय और व्यक्तिगत हित अंतिम” की विचारधारा पर कार्य करती रही है। उन्होंने कहा कि राजनीति में जब मूल्यों, आदर्शों और राष्ट्रवाद की चर्चा होती है तो देश और दुनिया के लोगों के सामने भाजपा और उसके नेतृत्व की छवि उभरकर सामने आती है।

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीनदयाल उपाध्याय के योगदान का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को याद करते हुए कहा कि उन्होंने कश्मीर में धारा 370 और परमिट सिस्टम के खिलाफ आवाज उठाई थी। उनका नारा “एक देश में दो प्रधान, दो विधान और दो निशान नहीं चलेंगे” देश की एकता और अखंडता का प्रतीक बना। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय सिद्धांत का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही वास्तविक समृद्धि का आधार है।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बदली तस्वीर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों में भाजपा के संस्थापकों की कल्पनाओं को धरातल पर उतारा गया है। उन्होंने कहा कि धारा 370 हटाने, अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण, गरीब कल्याण योजनाओं और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा करोड़ों लोगों को आवास, शौचालय, स्वास्थ्य सुरक्षा, मुफ्त राशन और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का लाभ दिया गया है।

बूथ को बताया चुनाव का केंद्र बिंदु

मुख्यमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन के मूल्यों और आदर्शों को आत्मसात करने की अपील की। उन्होंने कहा कि चुनावी सफलता के लिए बूथ स्तर की संरचना मजबूत होना आवश्यक है। उन्होंने कहा, “बूथ जीता, तो चुनाव जीता”, इसलिए सभी कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए कार्य करना चाहिए।