
20 को होगा 36.50 करोड़ पौधरोपण। सौमित्र वन में मुख्यमंत्री करेंगे वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ। वन मंत्री ने किया कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण। 20 को होगा 36.50 करोड़ पौधरोपण-अरुण सक्सेना
राकेश यादव
लखनऊ। प्रदेश के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डा अरूण कुमार सक्सेना ने कहा कि 20 जुलाई को 36.50 करोड़ पौधे रोपित किए जायेंगे। इस वृक्षारोपण अभियान में युवा, बुजुर्ग, बच्चों समेत सभी लोग अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे। यह अभियान सिर्फ हमारा नहीं, हम सभी लोगों का है। यह बात मंगलवार को वन मुख्यालय के परिजात हाल में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही। इससे पहले उन्होंने अकबर नगर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम का स्थलीय निरीक्षण किया। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अधिकारियों को निर्देश भी दिए।
वन मंत्री ने निरीक्षण के दौरान वन विभाग द्वारा रोपे जाने वाले पौधों को देखा तथा अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी दशा में पौधों को रोपण के बाद पौधों की सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये जायें। जहां आवश्यकता हो वहां ट्री गार्ड लगाकर पौधों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाये। किसी भी दशा में एक पौधा सूखना व नष्ट होना नहीं चाहिए। उन्होंने सौमित्र वन में आंवला, इमली, नीम, महुआ, पीपल, पाकड़, सागौन इत्यादि के पौधों को प्राथमिकता के आधार पर रोपित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सौमित्र वन में जनता द्वारा दस हजार पौधे रोपित किये जायेगें, जिनकी सुरक्षा व देखभाल का पुख्ता इंतजाम वन विभाग के अधिकारियों द्वारा किया जायेगा। साथ ही पौधों को सिंचाई का भी विशेष ध्यान रखा जाये। इस मौके पर अपर मुख्य सचिव वन मनोज कुमार सिंह, प्रधान मुख्य वन संरक्षक समेत वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान मुख्य वन संरक्षक रेनू सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी लखनऊ शितांशु पाण्डेय सहित वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे। 20 को होगा 36.50 करोड़ पौधरोपण-अरुण सक्सेना