
मुख्यमंत्री जी खुद बतायें कि सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ हम किस दिन सभा करें, आन्दोलन करें और पदयात्रा करें।
गाय को गुड़ और रोटी खिलाकर सिर्फ दिखावे और ढोंग के लिए फोटो वायरल करते हैं मुख्यमंत्री, चारा-पानी और रखरखाव के अभाव में तड़प-तड़प कर दम तोड़ रही हैं गौमाता।
गरीब जनता की गाढ़ी कमाई को सरकार लूट रही है, भ्रष्टाचारियों पर कोई कार्यवाही नहीं
सरकार लाख दमन कर ले, फर्जी मुकदमा लिखे, जेल भेजे, गौमाता और किसान को बचाने के लिए कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता सरकारी दमन का मुकाबला करने के लिए तैयार।
डा0 उमा शंकर पाण्डेय
लखनऊ, उ0प्र0 कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री अजय कुमार लल्लू जी ने पुलिस द्वारा अपने आवास पर नजरबंद रखे जाने के दौरान आज अपने आवास पर प्रेस प्रतिनिधियों से वार्ता करते हुए कहा कि उ0प्र0 में आज अघोषित इमरजेंसी है। अगर गाय माता को बचाने के लिए, किसानों को बचाने के लिए कांग्रेस पार्टी पदयात्रा करना चाहती है तो सरकार क्यों रोक रही है? कांग्रेस पार्टी ने गाय बचाओ-किसान बचाओ यात्रा निकालने का संकल्प लिया और कल उसी के तहत हम लोगों ने ललितपुर से गाय बचाओ-किसान बचाओ पदयात्रा निकाली थी।
पूरे प्रदेश में गौशालाओं में गाय माता सरकारी अभाव और सरकारी उदासीनता के नाते तड़प-तड़प कर मर रही हैं। न चारे का इंतजाम है और न ठंड से बचने का उनके पास कोई साधन और व्यवस्था है, न टिन शेड की व्यवस्था है। ललितपुर से जो वीडियो आया, वायरल हुआ वह तस्वीर अपने आपमें काफी विचलित करने वाली थी। मैनपुरी, आगरा, बुन्देलखण्ड ही नहीं प्रदेश के सभी लगभग अधिकांश जिलों की स्थिति कमोवेश यही है। कांग्रेस महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी जी ने पत्र लिखा। सरकार केा सुझाव दिया।
सरकार को उसे संज्ञान लेना चाहिए था, उस पर फौरी कार्यवाही करनी चाहिए थी लेकन सरकार ने उनकी भी नहीं सुनी। किसान आत्महत्या कर रहा है, मजबूर है। लगातार कर्ज के बोझ से दबा है। सरकार ने आय बढ़ाने की स्वामीनाथन आयोग की सिफारिश लागू करने की और साथ ही साथ किसानों के कर्जमाफी की बात की थी।
लेकिन कर्जमाफी तो छोड़िये सरकार ने फसलों का मुआवजा तक देने का काम नहीं किया। उ0प्र0 से लगभग 50 लाख से अधिक किसानों का हस्ताक्षर इस बात का गवाह है जहां एक तरफ भाजपा की सरकार कह रही है कि किसान उ0प्र0 का आंदोलित नहीं है, यह प्रमाण है कि उ0प्र0 का किसान भी काले कृषि कानूनों का विरोध कर रहा है। गायों की दुर्दशा और गाय माता की स्थिति को देखते हुए कज जब ललितपुर से पदयात्रा शुरू की।
इस सरकार ने दमन का रास्ता अपनाया। मुझे वहां से उठाकर, पार्टी कार्यकर्ताओं को उठाकर ललितपुर पुलिस लाइन में लाकर रखा। इत्तेफाक देखिए, इस सरकार ने मुझे पूरे चाक चैबन्द में एक आपराधिक व्यक्ति की तरह ट्रीट करने की स्थिति बनाई और वहां से पूरी फोर्स लगभग पांच थाने की फोर्स, सीओ, एसडीएम और बंद गाड़ी में बिना सूचना के मुझे मध्य प्रदेश में लाकर रोका गया। मध्य प्रदेश से रोकने के बाद रात्रि में मुझे वहां से लाकर हमारे घर में कैद रखा गया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हमारा योगी जी से सवाल है -कि योगी जी यह बताइयें क्या इस उ0प्र0 में गाय माता का बचाने के लिए, किसानों को बचाने के लिए यात्रा निकालना गुनाह है? क्या हमारा संवैधानिक अधिकार नहीं है? हम योगी जी से यह भी सवाल करना चाहते हैं कि योगी जी आप ही दिन सुरक्षित करिये कि कौन से दिन हम सरकार की नीतियों के खिलाफ आन्दोलन करें, सभा करें, यात्रा निकालें। पूरी तरह यह सरकार दमन की राजनीति कर रही है।
लेाकतंत्र की हत्या करती जा रही है। बंगाल में यही भारतीय जनता यात्रा निकालती है। सभाएं करती है। हैदराबाद में सभाएं करती है। जहां-जहां भाजपाशासित प्रदेश नहीं हैं वहां-वहां बड़ी-बड़ी सभाएं करती कार्यक्रम करती है, वहां किसी तरह की रोक-टोक नहीं है लेकिन उ0प्र0 में अगर कांग्रेस पार्टी का कोई भी कार्यकर्ता किसानों के मुद्दों को लेकर, गाय माता को बचाने के लिए या किसी विषय को लेकर आन्दोलन करता है तो यह सरकार दमन की राजनीति करती है, मुकदमा लिखती है, जेल भेजती है। आज झांसी में हमारे कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा किया उन्हें भी उठाकर हिरासत में ले लिया गया।
अजय कुमार लल्लू ने अस्थि कलस हाथ में लेकर कहा कि यह अस्थिकलस गाय माता की है, यह हमने ललितपुर से उस मिट्टी को भरा है जहां गाय माता ने दम तोड़ा है। इस अस्थिकलश को मैं चित्रकूट ले जाकर पवित्र मंदाकिनी नदी में विसर्जित करना चाहता हूं। सरकार यह बताये कि इस अस्थिकलश को मैं कब ले जाकर वहां विसर्जित कर सकता हूं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी गाय माता और किसानों को मरते हुए नहीं देख सकती। लड़ाई जारी रहेगी। हम अंतिम दम तक लड़ेंगे। योगी सरकार मुकदमा लिखें, जेल भेजंे, दमन कर लें। मुझे लाख घर में कैद कर लें। कांग्रेस पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता आज गाय माता को बचाने के लिए, किसानों को बचाने के लिए संकल्पित है, प्रतिबद्ध है। यात्रा चलेगी, रूकेगी नहीं। चाहे जो भी परिणाम हो कांग्रेस पार्टी उसे झेलने के लिए तैयार रहेगी। इस सरकार के दमन का मुकाबला करेगी।
























