Monday, March 9, 2026
Advertisement
Home उत्तर प्रदेश महिलाओं को रोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है-प्रतिभा सिंह

महिलाओं को रोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है-प्रतिभा सिंह

22
महिलाओं को रोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है-प्रतिभा सिंह
महिलाओं को रोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है-प्रतिभा सिंह
राजू यादव
राजू यादव

 अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर लागन उद्यमी महिला फाउंडेशन की ओर से लोलई गांव में महिला सम्मान एवं होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के कमजोर एवं वंचित वर्ग की उन महिलाओं को सम्मानित करना था, जो छोटे-छोटे प्रयासों के माध्यम से आत्मनिर्भर बनते हुए अपने परिवार और समाज के लिए प्रेरणा बन रही हैं। कार्यक्रम का आयोजन फाउंडेशन की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के नेतृत्व में किया गया। मुख्य अतिथि डिंपल यादव मैनपुरी की सांसद रहीं। उन्होंने लोलई और मल्हौर क्षेत्र की महिलाओं से संवाद करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। अपने सम्बोधन में डिंपल यादव ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद साहस, मेहनत और आत्मविष्वास के साथ आगे बढ़ने वाली महिलाएं समाज की असली ताकत हैं। उन्होंने कहा कि कमजोर वर्ग की महिलाओं में अपार क्षमता है और यदि उन्हें उचित अवसर और सहयोग मिले तो वे समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं। इस सराहनीय पहल के लिए लागन उद्यमी महिला फाउंडेशन की पूरी टीम को बधाई दी।

प्रतिभा सिंह ने कहा कि महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए उन्हें रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ना बेहद जरूरी है। उनका मानना है कि जब महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत होंगी, तभी समाज और देश का समग्र विकास संभव हो पाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार और समाज दोनों की जिम्मेदारी है कि महिलाओं को कौशल विकास, शिक्षा और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार और समाज के विकास में अहम भूमिका निभा सकें। महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए विभिन्न योजनाओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों को भी बढ़ावा देने की आवश्यकता है। आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और उन्हें सही अवसर मिलने पर वे देश की प्रगति में और अधिक योगदान दे सकती हैं।


    कार्यक्रम की आयोजक एवं फाउंडेशन की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि उनका लक्ष्य अधिक से अधिक महिलाओं को रोजगार से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने झांसी की रानी के साहस और संघर्ष का उदाहरण देते हुए महिलाओं को आत्मविश्वास और हौसले के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले डॉक्टरों को भी सम्मानित किया गया। सम्मानित चिकित्सकों में डॉ. शेली महाजन, डॉ. अमित रंजन, डॉ. नेहा साहू, डॉ. ज्योति, डॉ. गुंजन तथा डॉ. हर्षा महान शामिल रहे।इसके अलावा महिला सम्मान श्रेणी के अंतर्गत आंगनबाड़ी कार्यकत्री, आशा बहू, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं तथा सामाजिक, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यवसाय और योग जैसे क्षेत्रों में सक्रिय रूप से कार्य कर रही महिलाओं को भी सम्मानित किया गया। इनके कई महिलायें वर्तमान में सिलाई, पार्लर, सब्जी व अन्य वस्तुओं की दुकानें कैसे लघु उद्योग कर रहीं हैं।


    कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. निर्मला पंत (निदेशक, लखनऊ कैंसर संस्थान), अमिता कन्नौजिया, डॉ. ज्योति और मीरा पुरवार उपस्थित रहीं। साथ ही उर्वशी आहूजा, लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रोफेसर तथा डॉ. राम मनोहर लोहिया संस्थान की निमिषा सोनकर सहित कई गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन एंकर जोहरी ने किया। इस दौरान पंकज जायसवाल, डॉ. प्रियंका यादव और अमित कुमार भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में होली मिलन समारोह का आयोजन भी किया गया, जिसमें सभी ने आपसी भाईचारे और उत्साह के साथ एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं। महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में यह आयोजन एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।