Tuesday, February 24, 2026
Advertisement
Home राजनीति जनता सपा-बसपा-कांग्रेस से कर चुकी है किनारा-स्वतंत्र देव

जनता सपा-बसपा-कांग्रेस से कर चुकी है किनारा-स्वतंत्र देव

193

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि कोरोना जैसी विपदा की घड़ी में भाजपा की केंद्र व प्रदेश की सरकार देश को स्वस्थ भारत बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। विपक्ष को ऐसे हालात में भी कटाक्ष करने से फुर्सत नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अपराधियों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया जा रहा है। अपराधियों की संपत्ति पर सरकार का बुलडोजर चल रहा है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह इटावा, कानपुर, प्रयागराज व भदोही में पंचायत चुनाव संचालन समिति तथा वार्ड प्रभारियों के साथ तैयारी बैठक में पार्टी पदाधिकारियों से संवाद कर रहे थे। बैठकों में चुनाव के मद्देनजर किए गए कार्यो की समीक्षा की गयी तथा आगे के रणनीति भी तय की गई।


प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव जीतने के लिए बूथ स्तर पर जीत की नींव रखें। पूरी मेहनत ईमानदारी के साथ लगकर चुनाव जीतना है। जिसने बूथ जीत लिया उसने चुनाव जीत लिया। बूथ स्तर पर प्रत्याशियों को जिताना है, उसके लिए बूथ समितियों को मजबूत करना है। श्री सिंह ने कहा कि हमें देश को आत्मनिर्भर भारत बनाना है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकारें भ्रष्टाचार मुक्त भारत की ओर अग्रसर हैं। केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे पात्र व्यक्तियों को मिला है। इससे भ्रष्टाचार पर लगाम लगी है।

स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भ्रष्टाचार, अपराध, जातिवाद व परिवारवाद के कारण जनता सपा-बसपा-कांग्रेस से किनारा कर चुकी है। राज्य में योगी सरकार के आने के बाद कानून व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त हुई है और विकास भी अपनी गति से चल रहा है। भाजपा सरकारें सबको साथ लेकर सबका विकास करते हुए सबके विश्वास के साथ आगे बढ़ रही है। पंचायत चुनावों में पार्टी की विजय आत्मनिर्भर गांव से आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को साकार करेगी।