
मुख्यमंत्री ने वाराणसी में विकास कार्यों, निर्माण परियोजनाओं एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। धार्मिक स्थल श्रद्धा के केन्द्र, इसके दृष्टिगत इन स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। श्री काशी विश्वनाथ धाम में आने वाले दर्शनार्थियों के साथ किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। गोदौलिया पर निर्माणाधीन रोप-वे स्टेशन पर तेजी से कार्य करने के निर्देश, आमजन की सहूलियत को देखते हुए रोप-वे का समुचित किराया निर्धारित किया जाए। होली एवं आगामी पर्वों के दृष्टिगत चाक-चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित करें।घाटों एवं मन्दिरों के पास निर्माण कार्य के दौरान किसी भी ऐतिहासिक धरोहर का प्रत्येक दशा में संरक्षण किया जाए।मणिकर्णिका एवं हरिश्चन्द्र घाट के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश। नगर की स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए मशीनों का उपयोग किया जाए। दालमण्डी सड़क चौड़ीकरण के कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण किए जाने के निर्देश।कोई भी धार्मिक क्रिया-कलाप धार्मिक स्थल के परिसर में ही किए जाएं, किसी भी नई परम्परा को अनुमति नहीं।अविवादित वरासत से जुड़े लम्बित वादों का अविलम्ब निस्तारण किया जाए।
वाराणसी । जनपद वाराणसी में विकास कार्यों, निर्माण परियोजनाओं एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा की तथा अधिकारियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने गोदौलिया पर निर्माणाधीन रोप-वे स्टेशन पर यात्रियों के चढ़ने तथा उतरने की सुदृढ़ व्यवस्था के दृष्टिगत तेजी से कार्य करने के निर्देश दिए। आमजन की सहूलियत को देखते हुए रोप-वे का समुचित किराया निर्धारित किया जाए।
धार्मिक स्थल श्रद्धा के केन्द्र हैं। इसके दृष्टिगत इन स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। श्री काशी विश्वनाथ धाम में आने वाले दर्शनार्थियों के साथ किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। इसके लिए उन्होंने पुलिस एवं मन्दिर प्रशासन को व्यवस्था में उचित सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्री काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर में निर्मित दुकानों तक श्रद्धालुओं की पहुंच सुनिश्चित की जाए तथा विक्रय की जाने वाली सामग्रियों का उचित मूल्य लिया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि घाटों एवं मन्दिरों के पास निर्माण कार्य के दौरान किसी भी ऐतिहासिक धरोहर का प्रत्येक दशा में संरक्षण किया जाए। उन्होंने मणिकर्णिका एवं हरिश्चन्द्र घाट के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। नगर में सीवरेज एवं वॉटर सप्लाई हेतु अमृत-2 योजना के अन्तर्गत कार्यों को व्यवस्थित ढंग से कराए जाने के निर्देश देते हुए कहा कि इन कार्यों की सघन मॉनिटरिंग हो। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्य के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता पर सुनिश्चित करायी जाए।
नगर की स्वच्छता व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए मशीनों के उपयोग पर बल दिया। उन्होंने शहर में उपयुक्त स्थलों का चयन कर, वहां व्यवस्थित तरीके से वेण्डिंग ज़ोन बनाने के साथ ही नगर में कान्हा उपवन एवं स्ट्रीट डॉग सेण्टर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने उचित मुआवजा वितरित कर दालमण्डी सड़क चौड़ीकरण के कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए। आमजन की सुरक्षा के दृष्टिगत विद्युत तारों की अण्डरग्राउण्ड केबलिंग का कार्य मानक के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए। गर्मी के मौसम में कहीं भी पेयजल की समस्या न होने पाए।
कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि कोई भी धार्मिक क्रिया-कलाप धार्मिक स्थल के परिसर में ही किए जाएं। किसी भी नई परम्परा को अनुमति नहीं होगी। यह सुनिश्चित किया जाए कि तीव्र आवाज वाले साइलेन्सर व प्रेशर हॉर्न का प्रयोग न हो तथा सड़कों पर अतिक्रमण कर वाहन पार्क न किए जाएं। उन्होंने कहा कि स्कूली बच्चों में जागरूकता लाए जाने के उद्देश्य से उन्हें ट्रैफिक नियमों की जानकारी दी जाए।कोडीन कफ सिरप के मामलों में अवैध कारोबार में संलिप्त वास्तविक जिम्मेदार लोगों पर कार्यवाही की जाए। पर्व एवं त्यौहारों के दृष्टिगत अवैध एवं जहरीली शराब की बिक्री कही भी न हो। शराब के अवैध ट्रांसपोर्टेशन पर कड़ी नजर रखी जाए। उन्होंने जनपद में होली एवं आगामी पर्वों के दृष्टिगत चाक-चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री जी ने लम्बित राजस्व वादों का गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा के अन्दर निस्तारण सुनिश्चित किए जाने के निर्देश देते हुए कहा कि अविवादित वरासत से जुड़े लम्बित वादों का अविलम्ब निस्तारण किया जाए। अधिकारी नियमित जनसुनवाई करें और मेरिट के आधार पर शिकायतों का समुचित समाधान सुनिश्चित कराएं। जनपद एवं कमिश्नरी स्तर पर व्यापार एवं उद्योग बन्धु तथा बैंकों की नियमित बैठकें करायी जाएं। इनमें प्राप्त शिकायतों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए।
आमजन के प्रति पुलिस का विनम्र व्यवहार एवं शिकायतों के प्रति पुलिस द्वारा समुचित रिस्पॉन्स दिया जाए। सभी जिमों की जांच कराएं तथा यह सुनिश्चित कराया जाए कि इनमें महिलाओं के लिए महिला ट्रेनर की व्यवस्था हो। अवैध गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों के साथ ही इनमें संलिप्त पुलिस कर्मियों पर भी कठोर कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। सड़क सुरक्षा समिति की नियमित बैठकें की जाएं। इस सम्बन्ध में अधिक से अधिक जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएं।
मुख्यमंत्री के समक्ष भविष्य की प्रस्तावित परियोजनाओं के सम्बन्ध में प्रस्तुतिकरण किया गया। जनपद में निर्माणाधीन विभिन्न विकास कार्यों के सम्बन्ध में मुख्यमंत्री जी को अवगत कराया गया कि वर्तमान में लगभग 17 हजार करोड़ रुपये लागत की 74 परियोजनाएं संचालित हैं, जिनकी नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। कानून-व्यवस्था, गौतस्करों एवं साइबर अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही, अवैध शराब कारोबार, मिशन शक्ति, आगामी 14 व 15 मार्च को प्रस्तावित पुलिस उपनिरीक्षक परीक्षा की तैयारियों तथा यातायात व्यवस्था के सम्बन्ध में प्रस्तुतिकरण दिया गया। बैठक में स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवीन्द्र जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।























