Wednesday, February 11, 2026
Advertisement
Home उत्तर प्रदेश जनता ने योगी को फिर से मुख्यमंत्री बनाया- अमित शाह

जनता ने योगी को फिर से मुख्यमंत्री बनाया- अमित शाह

263

जनता ने योगी को फिर से मुख्यमंत्री बनाया, हमने तो बस आज नेता चुना है।

लखनऊ। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश में मुख्य केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में आज भाजपा विधानमंडल दल की बैठक में योगी आदित्यनाथ को दूसरी बार मुख्यमंत्री बनाने के लिए विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद कहा कि योगी जी को उत्तर प्रदेश की जनता ने बनाया है। उन्होंने कहा कि हमने आज एक बार फिर से उन्हें दल नेता जरूर चुना है परंतु प्रधानमंत्री जी ने चुनाव की प्रक्रिया की शुरुआत में ही कह दिया था कि हम उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में एक बार फिर से सुशासन की सरकार बनाने जा रहे हैं।

अमित शाह ने कहा कि 2014 से लेकर अब तक प्रदेश की जनता ने प्रत्येक चुनाव में प्रधानमंत्री मोदी पर अपना विश्वास जताया है। राजनीति के पंडितों को राजनीतिक मीमांसा करते समय इस पर गहन विचार करना होगा कि आखिर जनता ने बार बार अपना विश्वास भारतीय जनता पार्टी नेतृत्व पर कैसे जताया है।शाह ने कहा कि यह जो बदलाव आया है यह देश की जनता के प्रति हमारी समर्पित कार्यशैली के चलते संभव हुआ है। उत्तर प्रदेश के विकास की जो नींव डालने का काम पांच साल में हुआ है, उसको अगली पांच वर्ष आम जनता की आकांक्षा को पूरा करने हेतु और आगे ले जाना है। हम सब विजय के आनंद के साथ आज यह संकल्प लेकर जाएं कि सुरक्षा और सुशासन का जो भाव जनता ने पसंद किया है वह और अच्छे ढंग से आगे बढ़ाया जाए।

योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार के कारण उनकी मंशा के अनुरूप कार्यप्रणाली अपनाकर हम लोगों ने कार्य शुरू किए, और उत्तर प्रदेश में पहले पांच वर्ष के कालखंड में जबकि कोरोना जैसी महामारी भी थी हम जनता जनार्दन के प्रति अपनी जवाबदेही पूरी कर पाए। उसी के बदले जनता ने जाति, मजहब और कुशासन को नकारकर फिर से प्रचण्ड बहुमत देकर हमे सुशासन और विकास के उन कार्यों को और आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी सौंपी है।

उत्तर प्रदेश तो प्रकृति और परमात्मा का प्रदेश है यहां सब कुछ संभव है। दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री मोदी जी का मार्गदर्शन हमे निरंतर प्राप्त होता है।मुझे आज एक बार फिर से उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी निर्वाहन करने का अवसर मिला है, इसके लिए मैं केन्द्रीय पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद देश के गृहमंत्री अमित शाह जी, उनके साथ रघुवर दास जी का आभार प्रगट करता हूँ। जो जिम्मेदारी मुझे मिली है उसके लिए बिना डिगे पूरी तन्मयता और समर्पण भाव से हम लोग कर्तव्य पूरा करेंगे।