पीडीए परिवार ने संविधान बचाने का लिया संकल्प

18
पीडीए परिवार ने संविधान बचाने का लिया संकल्प
पीडीए परिवार ने संविधान बचाने का लिया संकल्प
राजेन्द्र चौधरी
राजेन्द्र चौधरी

इटावा। आज इटावा के महेवा ब्लाक में आयोजित स्वाभिमान स्वमान समारोह एवं पीडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ0 भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा का अखिलेश यादव ने अनावरण किया। आज हम पीडीए परिवार के लोग संकल्प लेते हैं कि कोई कितना भी ताकतवर हो जाय, तानाशाह हो जाय लेकिन हम लोग बाबा साहब का संविधान नहीं बदलने देंगे। संविधान के प्रति ईमानदारी से एकजुटता के साथ खड़े रहेंगे और अपने वोट के अधिकार का इस्तेमाल करेंगे। अंग्रेजों के जाने और देश की आजादी के बाद बाबा साहब अम्बेडकर ने भारत को दुनिया का सबसे अच्छा संविधान दिया। संविधान देने के साथ-साथ हम सबको अधिकार दिलाने का काम किया लेकिन भाजपा सरकार अधिकारों को छीन रही है। भाजपा सरकार को संविधान की परवाह नहीं है। संविधान पर आ रहे खतरे को देखते हुए पीडीए परिवार ने संविधान बचाने का संकल्प लिया और नारा दिया। पीडीए की एकजुटता, बाबा साहब के संविधान, डॉ0 राममनोहर लोहिया के समाजवादी चिंतन और नेताजी के संघर्षों के बल पर समाजवादी पार्टी और इंडिया गठबंधन ने उत्तर प्रदेश में लोकसभा के चुनाव में सबसे ज्यादा सीटें जीती। भारतीय जनता पार्टी को बहुमत से दूर कर दिया। आज केन्द्र सरकार में भाजपा का बहुमत नहीं है। अखिलेश यादव ने कहा कि इटावा औरैया के लोग बहुत क्रांतिकारी है। इनका इतिहास बहुत महत्वपूर्ण रहा है। यहां चंबल और बीहड़ बगल में है। कहीं ऐसी बीहड़ नहीं है, जैसा यहां का है। यही नहीं 1857 की आजादी की लड़ाई में यहां के कलेक्टर एओ ह्यूम क्रांतिकारियों के डर से भाग गए थे। वे वैसे भागे थे जैसे दिल्ली में एक बाबा जी कपड़े पहन कर भागे थे। यह इतिहास के पन्नों में दर्ज है। बाद में उन्होंने कांग्रेस की स्थापना की थी। इटावा का इतिहास ए ओ ह्यूम से जुड़ा है। वहीं औरैया के लोग जानते है कि देश की आजादी में क्रांतिकारी गेंदा लाल दीक्षित का बहुत बड़ा योगदान है। मैनपुरी कांसपरेसी की वजह से उन्हें प्रताड़ना झेलनी पड़ी। गेंदालाल दीक्षित ने राम प्रसाद बिस्मिल जैसे क्रांतिकारियों को अपने साथ लेकर तमाम क्रांतिकारियों को जगाने का काम किया। पीडीए परिवार ने संविधान बचाने का लिया संकल्प

अखिलेश यादव ने कहा कि इटावा औरैया के क्षेत्र में तमाम साथी पैदा हुए जो अन्याय के खिलाफ लड़े। फूलन देवी का भी एक संघर्षपूर्ण इतिहास है। दुनिया के इतिहास में जितनी प्रताड़ना और अन्याय फूलन देवी के साथ हुआ उतना किसी महिला के साथ नहीं हुआ होगा। फूलन देवी पर जो फिल्म बनी उसमें अन्त में दिखाया गया कि एक पिछड़ी जाति की सरकार आयी, जिसने फूलन देवी के मुकदमें वापस लिये और छुडाया। फूलन देवी के साथ जो अपमान हुआ था उसके बदले सम्मान दिलाने के लिए नेताजी और समाजवादी पार्टी ने उनको लोकसभा पहुंचाने का काम किया। बहुत लोग इतिहास नहीं जानते हैं, जब फूलन देवी ने आत्मसमर्पण किया था तब तय हुआ था कि जो-जो डाकू इस समय आत्मसमर्पण कर रहे हैं उन्हें छोड़ दिया जाएगा। सबको छोड़ दिया गया लेकिन फूलन देवी को नहीं छोड़ा गया था। उसी शर्त के आधार पर नेताजी श्री मुलायम सिंह यादव ने मुख्यमंत्री बनने के बाद मुकदमें वापस लिए। फूलन देवी को छुडवाया और लोकसभा में पहुंचाया। इटावा और इस इलाके का इतिहास यह है। वहीं आज इतिहास को लोग अलग-अलग तरीके से देख रहे हैं। मुगले-आजम फिल्म बनाने वाले के. आसिफ इटावा के थे।

बसपा संस्थापक मान्यवर कांशीराम जी को पहली बार इटावा के मतदाताओं ने लोकसभा में पहुंचाने का काम किया था। नेताजी और समाजवादी पार्टी ने उन्हें जिताने का काम किया था। इटावा के चंबल में पहले जहां डाकू थे वहां अब शेर पैदा हो रहे हैं। देश की पहली लॉयन सफारी इटावा में बनायी गयी। गोरखपुर में शेर इटावा से गये है। गोरखपुर में शेर पिजड़े में रखे गये है। इटावा लॉयन सफारी में शेर खुले में घूमते हैं। इटावा में बाबा साहब की प्रतिमा लगाकर बड़ा काम हुआ है। बाबा साहब से बड़ा स्कॉलर, इकोनामिस्ट और समाज सुधारक, अधिवक्ता कोई नहीं था। वह संविधान सभा के अध्यक्ष बने। उन्हीं का योगदान है तभी हमारे देश को दुनिया का सबसे अच्छा संविधान मिला। बाबा साहब ने जीवन भर भेदभाव देखा। बचपन से लेकर पूरी उम्र तक उन्होंने भेदभाव देखा। उन्हें पढ़ाई से लेकर हर जगह भेदभाव का सामना करना पड़ा। समाज में जो हजारों साल पुरानी बुराई थी वह आज भी खत्म नहीं हुई है। क्योंकि बुराई बढ़ाने वाले आज भी समाज में है। पहले बहुत सारे लोग मंदिरों में नहीं जा सकते थे। घुस नहीं पाते थे, अगर घुस जाते थे तो सजा मिलती थी। उन्हें दूसरी भावना से देखा जाता था। आदमी, आदमी से घृणा का यह भाव दुनिया में कहीं नहीं देखा जा रहा है। केवल यहीं ऐसा होता है।

पिछले चुनाव के समय जब मैं एक मंदिर में गया, वहां से लौटा तो पता चला कि भाजपा के लोगों ने उसे गंगा जल से धुलवाया जबकि उस मंदिर के पुजारी पंडित जी कह रहे थे मत धोइये। लेकिन भाजपा के लोगों ने मंदिर धोया। एक जज साहब कुर्सी पर बैठे तो उन्होंने गंगा जल से धोया। जिस मुख्यमंत्री आवास में तमाम लोग रहे, मायावती जी मुख्यमंत्री आवास में रहती थीं, उनके जाने के बाद जब हम लोग आवास में गये तो गंगा जल से नहीं धोया गया था लेकिन हमारे जाने के बाद जब अब के मुख्यमंत्री, जो अपने आप स्टैम्प लगाकर योगी बन गये है, वे मुख्यमंत्री आवास में गये तो उन्होंने गंगाजल से धुलवाया। यह भेदभाव आज भी है। मैं सोचता हॅू कि जब हम लोगों के साथ ऐसा व्यवहार होता है तो जो हमारे और बहुजन समाज के लोग हैं उनके साथ न जाने कैसा-कैसा व्यवहार होता होगा। आज हर स्तर पर भेदभाव देखा जा रहा है। आरक्षण छीना जा रहा है। सरकारी स्कूल बंद किए जा रहे है। पीडीए को आगे बढ़ने से रोका जा रहा है। भाजपा संस्थाओं में अपने लोगों को बैठा रही है।

अखिलेश यादव ने कहा कि कोई मनु महाराज थे, वही सब गड़बड़ कर गये। तभी से हम लोगों के साथ भेदभाव हो रहा है। यह तो बाबा साहब का संविधान है, जो सम्मान दिलाता है। संविधान हम सबके लिए संजीवनी है। हम चाहते हैं देश संविधान से चले लेकिन कुछ लोग देश को अपने अहंकार से चलाना चाहते हैं। कुछ लोग संविधान को संविधान न मानकर कोरी किताब मानते हैं। हम चाहते हैं कि जय जवान, जय किसान नारे के साथ जय संविधान जोड़ दिया जाय। यह संविधान हमारे लिए बुनियाद है। कर्मग्रन्थ है। जो लोग देश को मनु विधान से चलाना चाहते हैं उनसे कहना चाहता हॅू कि यह देश सिर्फ बाबा साहब के संविधान से चलेगा। संविधान हमें हक दिलाता है। जो हक मारना चाहते है वही संविधान विरोधी है। अगर संविधान कमजोर होगा तो देश का लोकतंत्र कमजोर होगा। लोकतंत्र कमजोर होगा तो तानाशाही आयेगी जो लोग मनु विधान से चलना चाहते है वे देश को एकतंत्र से चलाना चाहते हैं। वे एक रंगी है। वे लोकतंत्र के पक्षधर नहीं है। जब लोगों पर संकट आता है तो संविधान ढाल बनता है। संविधान रक्षा करता है और शक्ति देता है। संविधान को कोई ठेस पहंुचेगी तो समाजवादी लोग पीडीए को एकजुट कर लड़ाई लड़ेंगे। अभी तक संविधान ने पीडीए को बचाया है। अब संविधान बचाने की जिम्मेदारी पीडीए की है। भाजपा के लोग कहते है कि 80 और 20 की लड़ाई है लेकिन यह लड़ाई 80 और 20 की नहीं, 90 और 10 की है। 90 फीसदी पीडीए है। पीडीए समाजवादी पार्टी के साथ है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा झूठी पार्टी है। मुख्यमंत्री जी अर्थव्यवस्था को लेकर बड़ी-बड़ी बातंे करते हैं। जनता को धोखा दे रहे है। किसानों के गेहूं की खरीद नहीं हो रही। किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई। खाद की बोरी से खाद गायब हो गयी। इस सरकार में किसानों को जबरदस्ती नैनो यूरिया खरीदवा दी। नैनो यूरिया से कोई लाभ नहीं हुआ। जिस तरह से उद्योगपति देश का पैसा लेकर भाग गये वैसे ही नैनो यूरिया बनाने वाले भी भारत छोड़ कर भाग गए। कीटनाशक दवाएं महंगी हो गयी, डीजल, पेट्रोल, गैस सिलेण्डर महंगा हो गया। इस सरकार ने किसानों का आलू नहीं खरीदा। किसान परेशान है। निवेश के नाम पर झूठ बोला। इन्वेस्टर मीट के नाम पर बड़ी-बड़े उद्योगपति बुलाये गये। एमओयू किया। बोले कि 40 लाख करोड़ का एमओयू किया। लेकिन कोई उद्योग, कारखाना नहीं लगा। भाजपा सरकार ने पहले अमेरिका से समझौता किया अब चीन से समझौता कर लिया है। आज भारत का सबसे ज्यादा व्यापार चीन से हो रहा है। सब सामान चीन से आ रहा है। मोबाइल और इसके अंदर का सब सामन चीन का है।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार समाज में नफरत फैला रही है। इनकी नजर लोगों की जमीन, मकान, दुकान पर है। भाजपा समाज में दूरियां बढ़ाने वाला कानून बनाती है। यह नाकाम सरकार है। नौजवानों को बेरोजगार बना दिया। नौकरी नहीं दी। फौज में एक लाख सेना की कमी है। सरकार नौजवानों की भर्ती नहीं कर रही है। समाजवादी सरकार आने पर हम फौज में अग्निवीर योजना खत्म कराने का काम करेंगे। अग्निवीर हम स्वीकार नहीं करेंगे। नौजवानों को नौकरी रोजगार देंगे। समाजवादी सरकार ने विश्वस्तरीय आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे बनाया। मंडियां बनायी। समाजवादी सरकार ने ऐसा एक्सप्रेस-वे बनाया उस पर लड़ाकू विमान उतारे गये। भाजपा सरकार ने बुन्देलखंड एक्सप्रेस-वे में भ्रष्टाचार किया। हाई-वे के निर्माण में लूट हुई। सरकार में किसानों के गेहूं की खरीद नहीं की। बड़ी-बड़ी प्राइवेट कम्पनियों को खुली छूट दे दी। यही कम्पनियां किसान का गेहूं सस्ते में खरीद कर पैकेट का आटा महंगा बेचती हैं। किसान का गेहूं सस्ते में जाता है और पैकेट का आटा महंगा मिल रहा है। मुनाफा उद्योगपतियों को हो रहा है।

अखिलेश यादव ने कहा कि गायें तभी बचेगी जब उनका दूध अधिक कीमत पर खरीदा जायेगा। सरकार बताए कि गौशालाओं में कितनी गायें है। उन्हें खाने के लिए क्या मिलता है। हर दिन कितनी गायों की मौत हो रही है। गायों की रखवाली, दवाई के लिए कितना पैसा खर्च होता है बताएं, उन्होंने कहा कि भाजपा ने समस्याएं पैदा की है। भ्रष्टाचार का रिकार्ड तोड़ दिया है। इतना भ्रष्टाचार कभी किसी सरकार में नहीं हुआ। भ्रष्टाचार में सरकार का करीबी आईएएस शामिल था। यह पैसे की बंटवारे की लड़ाई है। भाजपा सरकार में पुलिस अपहरण कर रही है। पुलिस पुलिस को पकड़ रही है। इस सरकार ने पुलिस को भी खराब कर दिया। पुलिस लोगों की मदद के बजाय उनके घर खाली कराती है। भाजपा पुलिस से वोट लुटवाती है। पुलिस से वोट पड़वाती है। पुलिस से बेईमानी कराती है। अस्पतालों में इलाज नहीं मिल रहा है। समाजवादी सरकार में लखनऊ में कैंसर हॉस्पिटल बनवाया गया था। उसे भाजपा सरकार ने बर्बाद कर दिया। सैफई का मेडिकल कॉलेज भी बर्बाद कर दिया। जिला अस्पताल भगवान भरोसे है। एम्बूलेंस सेवा खराब कर दिया। समाजवादी सरकार में लखनऊ में अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनवाया। वहां आईपीएल 20-20 मैच हो रहा है।

अखिलेश यादव ने कहा कि इतिहास में अच्छी और बुरी दोनों चीजे हैं। इतिहास को लेकर झगड़ा नहीं करना चाहिए। किसी को इतिहास उठाकर देखिए अच्छा-बुरा सब मिल जायेगा। जो इतिहास आगे न बढ़ने दे, विकास को रोकता हो, जो इतिहास लड़ाता हो। एकता को नुकसान पहुंचाता हो उसके पन्ने नहीं पलटना चाहिए। उस इतिहास को इतिहास ही रहने देना चाहिए। अगर कोई भी हमारे रामजी लाल सुमन या किसी कार्यकर्ता का अपमान करेगा तो हम लोग खड़े रहेंगे और सम्मान की लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि ये सेना-वेना सब नकली है। हिटलर ने भी इसी तरह ट्रूपर्स बनायी थी। अपने कार्यकर्ताओं को पुलिस की वर्दी पहनाकर वह विरोधियों को पिटवाता था। इसी तरह से ये भी कोई सेना नहीं है। सब बीजेपी वाले है। इनके चेहरे मिला लीजिए। सब बीजेपी के लोग निकलेंगे। ये बीजेपी के टूपर्स हैं।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार संविधान के अनुसार काम नहीं कर रही है। कुछ अधिकारी संविधान का पालन नहीं कर रहे हैं। समाजवादी, अम्बेडकरवादी और बाबा साहब के अनुयायी मिलकर इस निकम्मी सरकार को हटाने का काम करेंगे। भाजपा सरकार बेईमान सरकार है। भाजपा के लोग थानों, तहसीलों में दलाली कर रहे हैं। हम सभी एकजुट होकर भाजपा सरकार हटाएंगे। मतदाता सूची में बेईमानी नहीं करने देना है। अभी से मतदाता सूची को देखकर काम करना है। आज का दिन गौरव का दिन है। बाबा साहब ने संविधान दिया है, उसी पर चलकर बाबा साहब का सपना पूरा करना है। बाबा साहब ने सामाजिक न्याय देने का काम किया। बाबा साहब का सपना अभी पूरा नहीं हुआ है। कार्यक्रम का आयोजन इटावा के सांसद जितेन्द्र दोहरे ने किया। इस अवसर पर सांसद देवेश शाक्य,आदित्य यादव, अंशुल यादव, विधायक प्रदीप यादव, रेखा वर्मा, जिलाध्यक्ष प्रदीप शाक्य, पूर्व मंत्री अशोक यादव, गोपाल यादव, कृष्ण यादव, बीरू भदौरिया, सर्वेश गौतम समेत बड़ी संख्या में नेता, कार्यकर्ता और आम जनता मौजूद रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व चेयरमैन हामिद खां ने की। पीडीए परिवार ने संविधान बचाने का लिया संकल्प