Friday, March 27, 2026
Advertisement
Home विशेष सोम से ओम की यात्रा

सोम से ओम की यात्रा

413

सत्य, शिव और सुंदर की त्रयी विचारणीय है। इस त्रयी में सत्य महत्वपूर्ण है लेकिन सत्य को शिव भी होना चाहिए। सत्य और शिव का एकात्म सुंदर होता है। शिव अखिल ब्रह्म की ऊर्जा हैं। शिव और लोकमंगल पर्यायवाची हैं। लेकिन यह ऊर्जा सहज प्राप्य नहीं है। शिव प्राप्ति के प्रयास जरूरी हैं। पार्वती को भी शिव प्राप्ति के लिए महातप करना पड़ा था।

हृदयनारायण दीक्षित

वेदों में शिव का नाम रुद्र रूप में आया है। रुद्र का अर्थ होता है भयानक। रुद्र संहार के देवता हैं। विद्वानों के मत से उक्त शिव के सभी प्रमुख अवतार व्यक्ति को सुख, समृद्धि, भोग, मोक्ष प्रदान करने वाले एवं व्यक्ति की रक्षा करने वाले हैं।रुद्रावतार भगवान् शिव के अवतारों को कहा जाता है। शास्त्र अनुसार महादेव के २८ अवतार हुए थे उनमें भी १० प्रमुख है । कुछेक विद्वान रूद्र शिव को आयातित देवता मानते हैं। शिव उपासना पश्चिम एशिया व मध्य एशिया तक विस्तृत थी भी। वे इसी क्षेत्र को शिव उपासना का मूल केन्द्र बताने की गल्ती करते है लेकिन प्रख्यात माक्र्सवादी चिन्तक डाॅ0 रामविलास शर्मा ने भारतीय संस्कृति और हिन्दी प्रदेश (पृष्ठ 679) में लिखा है “वास्तव में शैवमत, वैष्णवमत, बौद्धमत इन सबके स्रोत भारत में थे। यहां से इन मतों का प्रसार मध्य एशिया और पश्चिमी एशिया में हुआ।” शिव उपासना का मूल केन्द्र भारत है। यजुर्वेद प्राचीन है। इसका 16वां अध्याय शिव की ही स्तुति है। यहां शिव कण-कण में व्याप्त चेतना हैं।

ओम शब्द की उत्पत्ति तीन ध्वनियों से हुई है, अ, उ और म। अ ब्रह्मा का वाचक है, उ विष्णु का वाचक है और म रुद्र का वाचक है। इसका मतलब है कि एक ध्वनि के उच्चारण से ही आप ब्रह्मा, विष्णु और महेश तीनों को ही याद कर लेते हैं।

संसार क्षर से क्षर की यात्रा है। भौतिक से भौतिक की ओर लेकिन जीवन में भौतिक के साथ चेतन भी है। अन्तर्यात्रा स्थूल से सूक्ष्म की यात्रा है। पत्ती, पुष्प से पेड़ और पेड़ से जड़ की यात्रा सुगम है। जड़ें देखते ही बीज का ध्यान आता है। फूल का पकना ही बीज है। बीज के भीतर अनंत संभावनाएं हैं। फिर पेड़, शाखा, पत्तियां और फूल। फिर-फिर बीज।ओम् बीज के भीतर की प्राण शक्ति है और सोम इसी बीज का पल्लवन पुष्पन। ऋग्वेद के सोम कम लोगों को याद हैं लेकिन सोमवार हर सातवें दिन उन्हीं की स्मृति दिलाता है। सोम से ओम् की यात्रा शिव है। यहां कोई भौगोलिक दूरी नहीं। सोम और ओम् साथ-साथ हैं। सोम शिव के ललाट पर हैं ही। शिव रूपक का सोम प्रतीक बड़ा प्यारा है। ऋग्वेद में सोम को पृथ्वी का निवासी बताया गया है। सोम असाधारण देवता हैं। वे जलों के पुत्र हैं और आनंददाता हैं।

कालिदास के ‘कुमार संभव’ में तपरत पार्वती को एक ब्रह्मचारी ने बहुत भड़काया “पार्वती! आप भी किस प्रेम में फंस गई। आपका सुंदर हांथ सांप लिपटे शंकर को कैसे छुएगा। कहां हंस छपी चूनर ओढ़े आप? और कहां खाल ओढ़े शंकर?” शिव शंकर के रूप-कुरूप पर उसने बहुत कुछ कहा। पार्वती ने कहा “संसार के सारे रूप शिव के ही हैं – विश्वकूर्तेखाधार्यते वपु।” शिव ही सभी रूपों में प्रकट होकर रूप रूप प्रतिरूप हैं।कालिदास के कथानक में तब शिव ने अपना रूप प्रकट कर दिया। शिव बोले “अब मैं तुम्हारा दास हूं, पार्वती – तवस्मि दासः।” मन करता है कि प्रश्न पूंछू शिव से – महादेव! इतना कठोर तप क्यों कराते हैं? लेकिन अपना प्रश्न वापस भी लेता हूं। शिव तप का पुरूस्कार भी तो देते हैं। तप प्रभाव में वे स्वयं भक्त के भी भक्त बन जाते हैं।ऋग्वेद वाले रूद्र शिव ‘सुगंधिं पुष्टिवर्द्धनं’ हैं। देवों को पुष्पार्चन किया जाता है लेकिन शिव को बेलपत्र और धतूरे का फल। शिव मस्त मस्त बिंदास देवता हैं। परम योगी। चरमोत्कर्ष वाले नृत्यकत्र्ता। श्रीकृष्ण के पास बांसुरी तो शिव के पास डमरू। बांसुरी की धुन पर तीनों लोक मोहित हुए थे तो डमरू की धुन पर तीनों लोक अस्तित्व में रहते हैं। शिव जब चाहते हैं, रूद्र हो जाते हैं। प्रलयंकर हो जाते हैं लेकिन यही रूद्र शिव भी हैं।

ओम (ॐ) शब्द से इंसान को शारीरिक लाभ भी होते हैं…..

  • ॐ और थायरॉयड: ॐ का उच्चारण करने से गले में कंपन पैदा होती है जो कि थायरायड ग्रंथि पर सकारात्मक प्रभाव डालती है।
  • ॐ और घबराहट: अगर आपको घबराहट महसूस होती है तो आप आंखें बंद करके 5 बार गहरी सांसे लेते हुए ॐ का उच्चारण करें।
  • ॐ और तनाव: यह शरीर के विषैले तत्वों को दूर करता है इसलिए तनाव को दूर करता है।
  • ॐ और खून का प्रवाह: यह हार्ट को चुस्त-दुरूस्त रखता है और खून का प्रवाह अच्छा करता है।
  • ॐ और पाचन: इसके उच्चारण से पाचन शक्ति बढ़िया होती है।
  • ॐ और स्फूर्ति: यह शरीर में युवावस्था वाली स्फूर्ति का संचार करता है।
  • ॐ और थकान: थकान को मिटाने के लिए इससे अच्छा उपाय कोई नहीं।
  • ॐ और फेफड़े: इसके उच्चारण से फेफड़े दुरूस्त होते हैं।
  • ॐ और रीढ़ की हड्डी: ऊं के उच्चारण से कंपन पैदा होता है जो रीढ़ की हड्डी को मजबूती प्रदान करता है।
  • ॐ और नींद: नींद ना आने की समस्या इससे कुछ समय में ही दूर हो जाती है। इसलिए बेड पर जाते ही इंसान को ॐ का उच्चारण करना चाहिए।
हिंदू धर्म में आध्यात्म और आस्था से ऊपर एक ध्वनि को स्थान दिया गया है और यह भी कहा गया है कि इस ध्वनि के उच्चारण मात्र से ही इंसान तनाव मुक्त होकर सीधे परमात्मा से जुड़ने की कोशिश करता है, वह ध्वनि है- ‘ओम।’ 

ऋग्वेद में “जो रूद्र है, वही शिव भी है।” त्रिशूल उनका हथियार। सोंचता हूं कि ये तीन शूल क्या हैं? ये दैविक, दैहिक और भौतिक कष्ट तो नहीं हैं? या भौतिक, आधिभौतिक और आध्यात्मिक वेदनाएं हैं। शिव दुख हारी हैं – त्रिशूल धारक जो हैं। लेकिन सोंचने से मन नहीं भरता। मन यहां, वहां, जहां, तहां भागता ही है। मैं मन ही मन यजुर्वेद के शिव संकल्प मंत्र दोहराता हूं – “हमारा मन भागता है।यहां वहां। ऐसा हमारा मन शिव संकल्प से भरापूरा हो – तन्मे मनः शिव संकल्पं अस्तु।” मैं राजनीति में हूं सो मंच, माला, माइक का त्रिशूल भीतर गहरे तक धंसा हुआ है। कह सकता हूं कि मैं भी त्रिशूलधारी हूं। सोम सामने है, भीतर ओम है। लेकिन सोम से वंचित हूं। ओम् की अनुभूति नहीं। पढ़ा सुना काम आता नहीं। करूं तो क्या करूं? ऋग्वेद के ऋषि वशिष्ठ ने आर्तभाव से पुकारा था न्न्यम्बक रूद्र को – हमें पकी ककड़ी की तरह मृत्यु बंधन से मुक्त करो। मैं स्वयं भी डंठल से चिपका हुआ पका फल हूं। शिव निर्णय लें कि मुझे ‘उर्वारूकमिव बन्धनान मृत्योरमोक्षीय’ मृत्युबंधन कब मुक्त करना है?

ओम के उच्चारण को लेकर यह भी कहा जाता है कि अगर आप एकांत में बैठकर कुछ समय तक ओम का उच्चारण करते हैं और फिर इस उच्चारण को रोक देते हैं, तो भी यह आपके मन, मस्तिष्क और शरीर के भीतर इस ध्वनि का उच्चारण होता रहता है। इस ध्वनि को सुनने के लिए बस आपको एकाग्र होने की जरूरत है।

शिव सोम प्रेमी हैं। सोम प्रकृति की सृजन शक्ति है। सृजन की यही शक्ति शिव ललाट की दीप्ति है। शिव के माथे पर सोम चन्द्र हैं। ऋग्वेद के ऋषियों के दुलारे सोम वनस्पतियों के राजा हैं। सोम प्रसन्न होते हैं, वनस्पतियां औषधियां उगती हैं खिलती हैं खिलखिलाती हैं। भारतीय सप्ताह में एक दिन सोम का। पहला दिन रविवार रवि का तो दूसरा दिन सोमवार सोम का। शिवभक्तों को सोमवार प्रीतिकर है। शिव भी सोमवार का दिन भक्तों के लिए ही खाली रखते होंगे।मैं सच नहीं जानता। रूद्राभिषेक कभी किया नहीं? काशी बहुत जाता हूं लेकिन मंदिर में शिव पूजन दर्शन बहुत पहले एक बार ही हुआ। मैंने समूची वाराणसी को सोम शिव पाया। हर-हर महादेव की गूंज व लोक उल्लास। पौराणिक शिव बड़े आकर्षक हैं। बैल की सवारी और पार्वती से बतरस। ‘विज्ञान भैरवतंत्र’ में शिव और पार्वती के मध्य गहन दार्शनिक संवाद का उल्लेख है। कालिदास ने शिव बरात का मनोरम शब्द चित्र खींचा है।

बताया है कि शिव बरात नगर पहुंची। स्त्रियां अपना कामधाम छोड़कर छतों की ओर भागी। एक की जूड़े की माला टूट गई। एक ने दांयी आंख में ही काजल लगाया था, वह बाई आंख का काजल लगाना छोड़ भाग चली। पार्वती शिव जगत् के माता पिता हैं। विवाह के बाद सभी देवों ने शुभकामनाएं दीं।” सूरदास भी श्रीकृष्ण की बरात में गाना चाहते थे- सूरदास होई कुटिल बराती गीत सुमंगल गइहौं। अजब अंतर्विरोध, सुमंगल गीत लेकिन कुटिल बराती।

Free Download Mahakal Photos and Wallpaper | महाशक्ति
 ओम ध्वनि मिट्टी के एक कण से लेकर आसमान में हर जगह विद्यमान है। पूरे अंतरिक्ष में ओम ही मौजूद है।

भारतीय साहित्य शिव-पार्वती के सम्वाद से भरापूरा है। पार्वती प्रश्नाकुल हैं और शिव समाधानकत्र्ता। तुलसीदास के रामचरित मानस में पार्वती ने सीधे राम के अस्तित्व पर ही प्रश्न पूंछा। शिव ने ब्रह्म तत्व समझाया लेकिन पार्वती ने स्वयं परीक्षा ली। यह भी उचित था। अनुभव करना सुनने से ज्यादा श्रेष्ठ है। लेकिन शिव सब जानते थे।वे प्रतिपल यत्र तत्र सर्वत्र उपस्थित हैं। उनके कण्ठ मंे विष है। वे नीलकंठ हैं। गले में सांप भी हैं लेकिन चन्द्रमा शिव का प्रिय आभूषण है। शरद् चन्द्र की पूनो शिव रस सोम की ही वर्षा करती है। सोम और चन्द्र पर्यायवाची हैं। शिव ने सनत कुमारों को बताया कि उनके तीन नेत्र हैं। सूर्य दांया नेत्र है और बांया चन्द्रमा। अग्नि मध्य नेत्र हैं।

शिव भोले शंकर हैं, औघड़दानी हैं। गण समूहों के मित्र हैं। गणों के साथ स्वयं भी नृत्य करते हैं। गण देवता गणेश स्वाभाविक ही उनके पुत्र हैं। वे रूद्र शिव एशिया के बड़े भूभाग में प्राचीन काल से ही उपासित हैं। शिव गूढ़ रहस्य हैं। युधिष्ठिर के मन में शिव जिज्ञासा थी। शर शैय्या पर लेटे भीष्म से उन्होंने तमाम प्रश्न पूछे थे।वे भीष्म से शिव गुण भी सुनना चाहते थे। भीष्म ने कहा, “शिवगुणों का वर्णन करने में मैं असमर्थ हूं। वे सर्वत्र व्यापक हैं। वे प्रकृति से परे और पुरूष से विलक्षण हैं। श्रीकृष्ण के अलावा उनका तत्व दूसरा कोई नहीं जानता। फिर अर्जुन से कहा, “रूद्र भक्ति के कारण ही श्रीकृष्ण ने जगत् को व्याप्त किया है।” यहां श्रीकृष्ण के विराट का कारण भी शिव तत्व का बोध है। मैं शिव तत्व से अपरिचित हूं पर देवतंत्र का रसिया हूं। मैं भारत के मन के साथ मन मिलाते हुए ऐसे देवों के देव महादेव को नमस्कार करता रहा हूं।

देश दुनिया की ताजातरीन सच्ची और अच्छी खबरों को जानने के लिए बनें रहें www.nishpakshdastak.com के साथ।