अन्तर्राष्ट्रीय हिन्दी ओलम्पियाड में सी.एम.एस. छात्रों को गोल्ड मेडल


लखनऊ। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, चौक कैम्पस के पाँच मेधावी छात्रों ने अन्तर्राष्ट्रीय हिन्दी ओलम्पियाड में गोल्ड मेडल अर्जित कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। गोल्ड मेडल जीतने वाले छात्रों में वरदान कश्यप, स्वास्तिक अस्थाना, फबेहा आतिफ, इकरा शाहिद एवं आर्यन यादव शामिल हैं, जिन्होंने ओलम्पियाड में पूरे 100 प्रतिशत अंक अर्जित किये हैं। यह ओलम्पियाड हिन्दी ओलम्पियाड फाउण्डेशन, नई दिल्ली के तत्वावधान में आयोजित हुआ, जिसमें देश-विदेश के प्रतिष्ठित विद्यालयों के छात्रों ने प्रतिभाग कर हिन्दी ज्ञान का प्रदर्शन किया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में सी.एम.एस. के इस प्रतिभाशाली छात्र ने अपने शानदार प्रदर्शन से साबित कर दिया कि आज के युग में सफल होने के लिए देश के प्रत्येक छात्र को अपनी मातृभाषा एवं राष्ट्रभाषा का उत्कृष्ट ज्ञान होना आवश्यक है, साथ ही साथ हिन्दी भाषा का ज्ञान छात्रों के नैतिक व चारित्रिक विकास हेतु भी अपरिहार्य है। प्रतियोगिता के आयोजकों ने सी.एम.एस. छात्रों के हिन्दी ज्ञान की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए गोल्ड मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने इन मेधावी छात्रों के उज्जवल भविष्य की कामना की है। उक्त जानकारी सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी श्री हरि ओम शर्मा ने दी है। श्री शर्मा ने बताया कि सी.एम.एस. के छात्र अंग्रेजी भाषा में तो अपने ज्ञान का परचम लहराते ही हैं, साथ ही मातृभाषा हिन्दी में भी अपना
आधिपत्य स्थापित करते हैं। सी.एम.एस. का लक्ष्य बच्चों को वर्ल्ड लीडर के रूप में तैयार करने वाली शिक्षा उपलब्ध कराना है, ताकि वे कल के विश्वव्यापी समाज का नेतृत्व अपने विकसित मानवीय दृष्टिकोण से कर सके। इसी की बदौलत सी.एम.एस. के मेधावी छात्र विभिन्न राष्ट्रीय व अन्तर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में सर्वाधिक पुरस्कार जीतकर प्रदेश व देश का नाम गौरवान्वित कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button