ऊर्जामंत्री ने विकास कार्यों का लिया जायजा

लखनऊ/आगरा। ऊर्जा मंत्री ने विकास कार्यों का लिया जायजा,प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए0के0 शर्मा ने आज आगरा जनपद की फतेहाबाद नगर पंचायत पहुंचकर वहां के विकास कार्यों, क्षेत्रीय लोगों तथा सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर अधिकारियों के साथ नगर पंचायत कार्यालय में बैठक की। नगर विकास मंत्री ए0के0 शर्मा ने एसडीएम फतेहाबाद जे0पी0 पांडेय एवं अधिशाषी अधिकारी फतेहाबाद राघवेंद्र शर्मा को सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने, विकास कार्यों में तेजी लाने तथा लोगों की मूलभूत समस्याओं का तत्काल समाधान करने व सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए।


मंत्री जी को सफाई कर्मचारियों ने अपनी समस्याएं बताते हुए कहा कि हमें मासिक मानदेय समय पर नहीं मिलता, झाड़ू की व्यवस्था नहीं की जा रही तथा मशीनें उपलब्ध नहीं हैं, ठंडी में वर्दी नहीं मिली। इस पर मंत्री जी ने अधिकारियों को इन सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने को कहा। उन्होंने सफाई कर्मचारियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि आप अपने नगर को साफ सुथरा, स्वच्छ एवं सुंदर बनाएं, जिससे कि यहां का जनजीवन खूबसूरत बने। यहां से लोग बाहर जाने के बजाय बाहर से लोग यहां पर आकर रहे। बाहरी लोग यहां आकर उद्योग लगा सके, जिससे कि यहां की बेरोजगारी दूर हो सके। मंत्री जी ने सफाई कर्मियों से उनके बच्चों की पढाई लिखाई के बारे में भी पूंछा। उन्होंने बच्चों को नियमित स्कूल भेजने को कहा। उन्होंने कहा कि जीवन में सभी को अपने समर्थ के हिसाब से संघर्ष करना पड़ता है। बच्चों की पढ़ाई के साथ उनका पालन पोषण पूरी जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए।

प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए0के0 शर्मा आज सायं 5:00 बजे 765/400 केवी विद्युत उपकेंद्र फतेहाबाद, आगरा तथा उ0प्र0 पावर ट्रांसमिशन कारपोरेशन लिमिटेड ललितपुर-आगरा पारेषण तंत्र तथा ललितपुर-आगरा 765 केवी ट्रांसमिशन लाइन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपकेन्द्र की लॉगबुक,उपस्थिति रजिस्टर , इनकमिंग/आउटगोइंग सप्लाई चार्ट, ग्रिड मैप तथा परिसर में बने व बोल्टेज को अप/डाउन करने वाले रिएक्टर, सप्लाई देने वाले ट्रांसफार्मर का भी निरीक्षण किया।ए0के0 शर्मा ने उपस्थित अधिकारियों से इस उपकेन्द्र एवम् ट्रांसमिशन के संचालन और यहां से हों रही विद्युत आपूर्ति के बारे में जानकारी ली। अधीक्षण अभियंता फतेहाबाद श्री विनोद सिंह ने बताया कि इस उपकेंद्र से 07 स्थानों को विद्युत आपूर्ति की जाती है। यहां से शहरों को 24 घंटे, गांव को 18 घण्टे तथा कस्बों को 20 घंटे विद्युत् आपूर्ति की जाती है। आगरा के लिए 400 केवी की 03 लाइन तथा मथुरा के लिए 400 केवी की 02 लाइन जाती हैं। इस उपकेन्द्र की क्षमता 3000 मेगावाट है और यह वर्ष 2016 में उर्जीकृत किया गया था।


नगर विकास मंत्री ने एसडीएम फतेहाबाद जे0पी0 पांडेय तथा अधिशाषी अधिकारी राघवेंद्र शर्मा को नगर की नियमित साफ़ सफाई करने, सफ़ाई में मशीनों का अधिक से अधिक प्रयोग करने, सफ़ाई कर्मियों का मासिक मानदेय नियमित रूप से देने, नाली, खड़ंजा व तालाब बनाने पर विशेष ध्यान देने को कहा। इस दौरान फतेहाबाद विधायक छोटेलाल वर्मा ने रामनगर में बनाए 20 करोड़ रूपए की लागत से 03 किलोमीटर लंबाई का बनाए जा रहे नाले की समस्या को उठाया,जिसके निर्माण में देरी हो रही है तथा गलत निर्माण से नाले का पानी ढलान की ओर नहीं जा रहा। इस पर मंत्री जी ने सीएनडीएस कार्यदाई संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर टी0पी0 शर्मा को फोन लगाकर नाले का निरीक्षण करने तथा खामियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। विधायक के पीएम आवास योजना में भ्रष्टाचार की शिकायत पर उन्होंने एसडीएम को इसकी जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने को कहा।

ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस उपकेन्द्र से विद्युत आपूर्ति के संबंध में किसी भी प्रकार की शिकायत न आने पाए। यह बहुत ही महत्वपूर्ण विद्युत उपकेंद्र एवम् ट्रांसमिशन लाइन है। इसका चौबीसों घण्टे संचालन किया जाए और नियमित रूप से इसकी निगरानी की जाय। इस उपकेंद्र की साफ सफाई एवम् रख रखाव पर विशेष ध्यान दें। विधायक फतेहाबाद छोटेलाल वर्मा ने बताया कि उनके अथक परिश्रम से इस ट्रांसमिशन लाइन और उपकेंद्र का संचालन हो सका है, जिससे इस क्षेत्र को सुचारू रूप से विद्युत आपूर्ति हो रही है। दक्षिणांचल विद्युत् वितरण निगम के प्रबन्ध निदेशक भी इस दौरान उपकेन्द्र में पहुंचे थे।

फतेहाबाद नगर पंचायत की पूर्व चेयरमैन आशा देवी ने इस दौरान बताया कि विगत 05 वर्षो में 1250 पीएम आवास दिए गए। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की मूर्ति की स्थापना दीनदयाल पार्क में और कराई जानी है। उन्होंने बताया कि 05 से 10 वर्षों में यहां पर काफी बदलाव हुआ है। इस नगर पंचायत का काफी विकास हुआ है। यहां पर बिजली आई, नाली, खड़ंजा व सड़के बनाई गई। लोगों की अब इसे नगर पालिका परिषद बनवाने की मांग है। इस दौरान नगर विकास मंत्री ने नगर पंचायत कार्यालय का एवं वहां के कार्यालय परिसर में रखी हुई मशीनो और ट्रैक्टर ट्राली आदि का भी निरीक्षण किया तथा खराब चीजों को शीघ्र बनवाने को कहा। इस दौरान नगर के गणमान्य नागरिक,नगर पंचायत के वित्त नियंत्रक, सफाई कर्मचारियो में अनिल, जितेंद्र कुमार, महेश, हरीश, कमल एवं महिला सफाई कर्मचारी भी उपस्थित थी। ऊर्जा मंत्री ने विकास कार्यों का लिया जायजा

Related Articles

Back to top button