
अयोध्या। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत आलेख्य निर्वाचक नामावली का प्रकाशन दिनांक 06 जनवरी, 2026 को किया गया है। इस क्रम में मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के पत्र संख्या-596/सी०ई०ओ०-4 दिनांक 19 फरवरी, 2026 द्वारा निर्गत निर्देशों के अनुपालन में आज दिनांक 22.02.2026 को विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया।
विशेष अभियान दिवस पर जनपद के समस्त मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा उपस्थित रहकर आलेख्य निर्वाचक नामावली, अनुपस्थित/शिफ्टेड/मृतक/डुप्ली केट मतदाताओं की सूची, तार्किक विसंगतियों की सूची तथा फार्म-6 (घोषण पत्र सहित), फार्म-6ए, फार्म-7 एवं फार्म-8 के साथ आवश्यक कार्यवाही की गई।समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के सभी मतदेय स्थलों का भ्रमण कर बूथ लेवल अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की गई तथा कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया गया।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अनिरुद्ध प्रताप सिंह द्वारा 275-अयोध्या विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने एम०एल०एम० इंटर कॉलेज (मतदेय स्थल संख्या-43, 44, 45, 46, 47), साहबदीन सीताराम बालिका इंटर कॉलेज (मतदेय स्थल संख्या-136 से 141), बापू बालिका इंटर कॉलेज (मतदेय स्थल संख्या-120 से 125) तथा श्याम सुंदर सरस्वती इंटर कॉलेज (मतदेय स्थल संख्या-126, 129, 142 से 147) का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संबंधित बीएलओ उपस्थित पाए गए।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, त्रुटि संशोधन एवं अपात्र नामों के विलोपन की प्रक्रिया पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण की जाए। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे विशेष अभियान का लाभ उठाकर निर्वाचक नामावली में अपने नाम की जांच कर आवश्यक प्रपत्र समय से जमा करें, ताकि शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार की जा सके।
























