जिलाधिकारी प्रोएक्टिव होकर कार्य करें-मुख्य सचिव

मुख्य सचिव ने वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग के माध्यम से समस्त मण्डलायुक्त एवं जिलाधिकारियों के साथ साप्ताहिक समीक्षा बैठक की कहा कि उद्यमियों को जनपदों में उपलब्ध भूमि के विकल्प दिये जायें। जिलाधिकारी प्रोएक्टिव होकर कार्य करें-मुख्य सचिव

ब्यूरो निष्पक्ष दस्तक

लखनऊ।  मुख्य सचिव की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग के माध्यम से समस्त मण्डलायुक्तों एवं जिलाधिकारियों के साथ साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मुख्य सचिव ने कहा कि अगले माह में ग्राउण्ड ब्रेकिंग सेरेमनी प्रस्तावित है। इसे ध्यान में रखते हुए सभी जिलाधिकारी प्लानिंग करें और प्रोएक्टिव होकर कार्य करें। जीबीसी के लिये जो भी लक्ष्य जनपदों को दिये गये हैं, उससे अधिक प्रस्तावों को जीबीसी के लिये तैयार कराने का प्रयास करें। उद्यमियों को हर संभव मदद उपलब्ध करायें। लैण्ड फैसिलिटेशन के लिए सभी जनपदों में विशेष अभियान चलाया जाये। उद्यमियों को जनपदों में उपलब्ध भूमि के विकल्प दिये जायें। जिन क्षेत्रों में अधिक संभावनायें हैं, वहां विशेष प्रयास कर नये एमओयू कराने का प्रयास करें। उन्होंने जिन जनपदों में जीबीसी के लिये चिन्हित किये गये एमओयूज के वेरीफिकेशन का कार्य लम्बित हैं, उन्हें प्रगति लाने के निर्देश दिये। उन्होंने इनवेस्ट यूपी के अधिकारियों से कहा कि उद्यमी मित्र के अलावा वेरीफिकेशन कार्य के लिये किसी अन्य को भी अधिकृत किया जाये, ताकि वेरीफिकेशन का कार्य समय से पूरा हो जाये।


        उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस कार्यक्रम बहुत महत्वपूर्ण है। इस मौके पर वोटिंग प्रतिशत बढ़ाने के लिये प्रयास करें। अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ें।  इसके अलावा आगामी लोक सभा चुनाव में वोटिंग प्रतिशत बढ़ाने के लिए इनोवेटिव प्रयास करें। सभी जनपदों में जन जागरूकता कार्यक्रम सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित करायी जाये। जिन बूथ पर वोटिंग का प्रतिशत कम रहा है, उन पर विशेष तौर पर ध्यान दें। इस कार्य में जनपद स्तर पर युवक मंगल, दल, महिला मंगल दल, विभिन्न संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, क्लबों आदि का सहयोग लिया जाये। सभी जनपदों में 24 जनवरी से 26 जनवरी तक यूपी दिवस तथा 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस मनाया जायेगा। इस दौरान कहीं कोई भी अप्रिय घटना घटित न हो। पुलिस व प्रशासन सतर्क रहे और लगातार नजर बनाये रखें। प्रदेश में अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिये विकास खंड स्तरीय रोजगार मेला का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को अवशेष सभी विकास खण्डों में आगामी 31 जनवरी तक रोजगार मेला का आयोजन कराने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि रोजगार मेला में अधिक से अधिक कंपनियों को आमंत्रित किया जाये, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार मिल सके। बैठक में बताया गया कि द्वितीय चरण में अगले माह पुनः रोजगार मेला का आयोजन किया जायेगा।


         उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (पीएमकेवीवाई 4.0) के तहत 02 लाख लोगों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है। इस योजना में महाविद्यालय, माध्यमिक एवं विश्वविद्यालयों को जोड़ा जाये, ताकि आवंटित लक्ष्य के सापेक्ष प्रशिक्षण प्रारम्भ हो सके। बैठक में बताया गया कि इसमें 2858 आईटीआई, 472 पॉलीटेक्निक, 82 इंजीनियर कॉलेज को पंजीकृत कर लक्ष्य आवंटित किया जा चुका है। प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुनिश्चित कराने के लिये प्रशिक्षण केन्द्रों का समय-समय पर निरीक्षण किया जाये। एप्रेंटिशिप स्कीम की भी उद्योग बंधु की बैठक में समीक्षा की जाये। ऐसे अधिष्ठान जहां 3 से 29 कर्मचारी हो तो ऑप्शनल तथा 30 से अधिक तो अनिवार्य रूप से योजना के तहत कर्मचारियों को एप्रेंटिशिप पर रखने के लिये कहें।

       इस मौके पर जिलाधिकारी औरैया ने जनपद औरेया में हेल्थ सेक्टर की उल्लेखनीय उपलब्धियों को प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बताया। उन्होंने बताया कि जनपद को पॉपुलेशन फाउण्डेशन ऑफ इंडिया की ओर से 7वां जेआरडी टाटा मेमोरियल अवार्ड प्राप्त हुआ है, जिसमें 2 लाख रूपये की नगद धनराशि भी मिली है। जनपद में पहली बार 3 फर्स्ट रेफरल यूनिट (एफआरयू) को ऑपरेशनलाइज कराकर सीजेरियन ऑपरेशन प्रारम्भ कराया गया। गर्भवती महिलाओं की एचआईवी स्क्रीनिंग में जुलाई, 2023 में जनपद प्रथम स्थान पर रहा है। इसके अलावा पूर्ण टीकाकरण एवं एचबीएनसी प्रोग्राम में अगस्त, 2023 और सितम्बर, 2023 में राज्य में प्रथम स्थान पर रहा। इसी तरह माह अक्टूबर, 2023 व नवम्बर, 2023 में एचबीएनसी प्रोग्राम में जनपद राज्य में प्रथम स्थान पर रहा। इस अवसर पर प्रमुख सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य पार्थसारथी सेन शर्मा, प्रमुख सचिव नियोजन आलोक कुमार, प्रमुख सचिव प्राविधिक शिक्षा एम0देवराज सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण आदि उपस्थित थे। जिलाधिकारी प्रोएक्टिव होकर कार्य करें-मुख्य सचिव

Related Articles

Back to top button