Sunday, February 22, 2026
Advertisement
Home उत्तर प्रदेश नमो भारत कॉरिडोर राष्ट्र को समर्पित-प्रधानमंत्री

नमो भारत कॉरिडोर राष्ट्र को समर्पित-प्रधानमंत्री

15
नमो भारत कॉरिडोर राष्ट्र को समर्पित-प्रधानमंत्री
नमो भारत कॉरिडोर राष्ट्र को समर्पित-प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री ने मेरठ में भारत के प्रथम रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम दिल्ली-मेरठ नमो भारत का सम्पूर्ण कॉरिडोर राष्ट्र को समर्पित किया। मेरठ मेट्रो तथा आर0आर0टी0एस0 के सराय काले खाँ से न्यू अशोक नगर, दिल्ली तक नमो भारत खण्ड और मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक नमो भारत खण्ड का उद्घाटन किया, मुख्यमंत्री कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। प्रधानमंत्री ने मेरठ मेट्रो व ‘नमो भारत’ ट्रेन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री ने मेरठ मेट्रो में मेरठ साउथ से शताब्दी नगर तक सफर किया। क्रान्ति भूमि मेरठ पर आज ‘विकसित उत्तर प्रदेश-विकसित भारत’ के लिए नई क्रान्ति को ऊर्जा मिल रही। 

‘नमो भारत’ सेमी हाई स्पीड ट्रेन तथा मेरठ मेट्रो का उद्घाटन होली के ठीक पूर्व मेरठवासियों के लिए उपहार। यह उपहार विकसित भारत की उस नींव को सुदृढ़ करने का नया मॉडल, जिसमें अत्याधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर के माध्यम से भारत की ताकत दिखाई देती। प्रदेश की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का निर्माण आगामी अप्रैल माह तक पूर्ण हो जाएगा, नोएडा इण्टरनेशनल एयरपोर्ट का निर्माण लगभग पूर्ण। ए0आई0 समिट में प्रधानमंत्री जी के विज़न और उसको धरातल पर क्रियान्वित करने के लिए वैश्विक नेताओं ने उनकी प्रशंसा की। प्रधानमंत्री जी की कार्यकुशलता व कार्यां की प्रभावी मॉनीटरिंग से इन्फ्रास्ट्रक्चर से सम्बन्धित 85 लाख करोड़ रु0 की परियोजनाओं को देशवासियों ने धरातल पर उतरते देखा। मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय कैबिनेट द्वारा नोएडा मेट्रो के नये रूट को स्वीकृति प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

   लखनऊ। आज मेरठ में भारत के प्रथम रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आर0आर0टी0एस0) दिल्ली-मेरठ नमो भारत का सम्पूर्ण कॉरिडोर राष्ट्र को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने समर्पित किया। उन्होंने मेरठ मेट्रो (मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक-21 कि0मी0) तथा आर0आर0टी0एस0 के सराय काले खाँ से न्यू अशोक नगर, दिल्ली तक नमो भारत खण्ड (05 कि0मी0) और मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक नमो भारत खण्ड (21 कि0मी0) का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की गरिमामयी उपस्थिति रही।मेरठ मेट्रो व ‘नमो भारत’ ट्रेन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। प्रधानमंत्री जी एवं मुख्यमंत्री जी ने मेरठ मेट्रो में मेरठ साउथ से शताब्दी नगर तक सफर किया। प्रधानमंत्री जी ने मेट्रो में दिव्यांग बच्चों, स्कूली बच्चों, मेडिकल छात्रों व अन्य लोगों से संवाद किया। इस अवसर पर इन परियोजनाओं पर आधारित डॉक्यूमेण्ट्री फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।

प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि बाबा औघड़नाथ की पावन धरा तथा क्रान्ति भूमि मेरठ पर आज ‘विकसित उत्तर प्रदेश-विकसित भारत’ के लिए नई क्रान्ति को ऊर्जा मिल रही है। आज पहली बार एक ही दिन और एक ही मंच से ‘नमो भारत रैपिड रेल’ और ‘मेट्रो सेवा’ का शुभारम्भ हो रहा है। विकसित भारत की कनेक्टिविटी कैसी होगी, यह सेवाएँ उसकी शानदार झाँकी है। शहर के भीतर के लिए मेट्रो तथा ट्विन सिटी के विजन को गति देने के लिए ‘नमो भारत’ जैसी आधुनिक ट्रेन के कार्य उत्तर प्रदेश में हुए हैं।

आज का यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश की डबल इंजन सरकार की कार्य संस्कृति को दर्शाता है। हमारी कार्य संस्कृति है कि जिस कार्य का शिलान्यास किया जाए, उसे पूरा करने के लिए दिन-रात एक कर दिया जाए। अब परियोजनाएँ पहले की तरह लटकती नहीं हैं। ‘नमो भारत’ तथा मेट्रो सेवा के शिलान्यास का अवसर उन्हें मिला था। आज उन्हें ही इनके लोकार्पण का भी सौभाग्य मिला है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज उन्होंने मेरठ मेट्रो में सफर किया। इस दौरान अनेक युवाओं और अन्य यात्रियों से उनकी बातचीत हुई। उन सभी का यह कहना था कि उन्होंने कभी भी इतने शानदार कार्य की कल्पना नहीं की थी। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ साल पहले तक यहाँ शाम होने तक पूरे रूट पर सन्नाटा हो जाता था, भय का माहौल था। अब एक ओर कानून-व्यवस्था भी सुदृढ़ हुई है तथा लोगों को सुविधाजनक और सुरक्षित यात्रा का भी माध्यम मिला है। ‘नमो भारत’ रैपिड रेल नारी शक्ति के सामर्थ्य का भी प्रतीक बनी है। इसमें ट्रेन ऑपरेटर, स्टेशन कण्ट्रोल सहित अधिकतर कार्यों में बेटियाँ ही कार्यरत हैं। बेटियाँ ही इन कार्यों का नेतृत्व कर रही हैं।

सभी को पहली ‘नमो भारत’ रैपिड रेल तथा मेरठ मेट्रो के लिए बधाई देते हुए प्रधानमंत्री जी ने कहा कि मेरठ की धरती से उनका एक विशेष नाता रहा है। वर्ष 2014, 2019 तथा 2024 में लोकसभा चुनावों के दौरान मेरठ से ही उनकी चुनावी सभाओं की शुरुआत हुई थी। मेरठ के किसानों, उद्यमियों, लघु उद्योगों से जुड़े कारीगरों एवं श्रमिकों, दुकानदारों ने हमेशा अपना आशीर्वाद उन्हें दिया है।हमारी सरकार ने अपनी नीतियों में विकास को सर्वोपरि रखा है। वर्ष 2014 से पहले भारत में मेट्रो का विस्तार बहुत धीमी गति से हो रहा था। पिछली सरकार के समय में देश के केवल 05 शहरों में ही मेट्रो चल पायी थी, जबकि आज हमारी सरकार के कार्यकाल में देश के 25 शहरों में मेट्रो चलने लगी है। आज मेट्रो के मामले में भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा नेटवर्क बन चुका है। उत्तर प्रदेश में मेरठ के अलावा कई शहरों में मेट्रो पर कार्य चल रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा विगत 11 वर्षों में देश के दर्जनों शहरों तक मेट्रो पहुँची। हमारी सरकार देश की जनता को टै्रफिक जाम और प्रदूषण से मुक्त सुविधाएँ और अन्य व्यवस्थाएँ देना चाहती है। इसीलिए आज ‘नमो भारत’ जैसी आधुनिक सेमी हाई स्पीड ट्रेन तथा वन्दे भारत ट्रेनें चल रही हैं। पहले यह कार्य सम्भव ही नहीं थे, क्योंकि फाइलें घोटालों में ही दब जाती थीं। मेट्रो तथा उससे जुड़ी अधिकतर टेक्नोलॉजी हमें विदेशों से आयात करनी पड़ती थी। हमने घोटाले बंद किए और देश को आत्मनिर्भरता के रास्ते पर आगे बढ़ाया। हमारी प्राथमिकता देश का विकास तथा देशवासियों की सुविधा और समृद्धि है।

नमो भारत कॉरिडोर राष्ट्र को समर्पित-प्रधानमंत्री
नमो भारत कॉरिडोर राष्ट्र को समर्पित-प्रधानमंत्री

आज शुभारम्भ की गई परियोजनाओं से मेरठवासियों सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों का जीवन बदलने वाला है। सराय काले खाँ, आनन्द विहार, गाजियाबाद और मेरठ के स्ट्रेशनों पर भारतीय रेल, मेट्रो और बस अड्डों को आपस में जोड़ा गया है। देश में यह पहली बार हो रहा है, जब एक ही स्टेशन और एक ही ट्रैक पर ‘नमो भारत’ और मेट्रो रेल चलेगी। अब एक ही प्लेटफॉर्म से लोग शहर के भीतर यात्रा कर पाएंगे, और उसी स्टेशन से दिल्ली भी आ जा सकेंगे। इससे मेरठ के पढ़ाई, नौकरी करने वाले तथा हजारों कामकाजी उन लोगों को फायदा होगा, जो रोजाना दिल्ली आते-जाते रहते हैं। अब दिल्ली में नौकरी करने वाले मेरठ के लोगों को वहां किराए का घर लेने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ेगा।

डबल इंजन सरकार आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर पर जो धनराशि खर्च कर रही है, उससे लोगों का पैसा भी बच रहा है और उन्हें रोजगार भी प्राप्त हो रहा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में नये-नये एक्सप्रेस-वे, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर तथा जेवर में इण्टरनेशनल एयरपोर्ट जैसे इन्फ्रास्ट्रक्चर निर्मित हो रहे हैं। जब यह प्रोजेक्ट बनते हैं, तब रोजगार उपलब्ध होते हैं। बाद में इनके बन जाने पर नये-नये उद्योग लगते हैं और नये कारोबार आते हैं, तो इससे भी रोजगार मिलते हैं।

उत्तर प्रदेश की धरती श्रम व सृजन की धरती है। यहाँ के किसान, पशुपालक, छोटे लघु उद्यमी, बुनकर तथा शिल्पकार विरासत और विकास के मंत्र को साकार कर रहे हैं। जब भारत का सामर्थ्य बढ़ता है, तो उत्तर प्रदेश के इन सभी लोगों का सामर्थ्य भी विकसित होता है। दुनिया के लोगों में भारत के प्रति बहुत आस्था है। लोग बहुत आशावान हैं। अनेक विकसित देश आज भारत के साथ व्यापारिक समझौते कर रहे हैं और हमारे साथ जुड़ने को उत्सुक हैं, क्योंकि उन्हें भारत के विकास में अपना भविष्य दिखता है। उन्हें भारत की युवा शक्ति में उम्मीदें दिखती हैं। उन्हें लगता है कि भारत में 21वीं सदी की चुनौतियों का समाधान देने की ताकत है।

विगत वर्षों में हमारी सरकार ने जो वैश्विक समझौते किए हैं, उससे लघु और कुटीर उद्योगों से जुड़े लोगों को बहुत फायदा होगा। मेरठ के स्पोर्ट्स का सामान व कैंची बनाने वाले, मुरादाबाद का पीतल, खुर्जा की क्रॉकरी, बागपत के होम फर्निशिंग उद्योग, सहारनपुर की लकड़ी की नक्काशी सहित प्रदेश के लेदर, टेक्सटाइल तथा ज्वैलरी से जुड़े हर लघु और कुटीर उद्योगों को इन समझौतों का बहुत अधिक लाभ होने वाला है।

हमारी प्राथमिकता देश के छोटे-बड़े शहरों के सामर्थ्य को दुनिया के कोने-कोने तक ले जाने की है। हमें उत्तर प्रदेश के जनपदों की पहचान को आगे बढ़ाना है। मेरठ सहित यह पूरा क्षेत्र एम0एस0एम0ई0 उद्योगों का बहुत बड़ा केन्द्र है। इस वर्ष के केन्द्र सरकार के बजट में लघु उद्योगों के लिए 10 हजार करोड़ रुपये के विशेष फण्ड की घोषणा की गयी है। इससे उत्तर प्रदेश में एम0एस0एम0ई0 क्षेत्र से जुड़े लोगों को ऋण मिलना बहुत आसान होगा। बजट में कपड़ा उद्योग तथा बुनकर समाज के लिए महात्मा गाँधी ग्राम स्वराज योजना की घोषणा की गयी है। इससे खादी, हैण्डलूम तथा हस्तशिल्प को विश्व बाजार तक पहुँचाने में मदद मिलेगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले छोटे कारीगर केवल 10 लाख रुपये तक का सामान कोरियर से भेज सकते थे। अब यह सीमा पूरी तरह हटा दी गयी है। इससे मेरठ सहित उत्तर प्रदेश के सभी बुनकर और अन्य छोटे उद्यमी ऑनलाइन ऐप के जरिए अमेरिका या यूरोप के ग्राहकों को भी अपने प्रोडक्ट आसानी से बेच पाएंगे। हमारी सरकार को चौधरी चरण सिंह जी को भारत रत्न देने का सौभाग्य मिला है। डबल इंजन सरकार उनके विजन पर चलते हुए किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसके लिए फूड प्रोसेसिंग पर बहुत बल दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत मिलने वाली धनराशि छोटे किसानों के बहुत काम आ रही है। अब तक उत्तर प्रदेश के किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 95 हजार करोड़ रुपये प्राप्त हो चुके हैं। इसमें मेरठ के किसानों को भी लगभग 800 करोड़ रुपये मिले हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि एक ओर देशवासी भारत को विकसित भारत बनाने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। दूसरी ओर कुछ लोग भारत की सफलता को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। विगत दिनों भारत में ए0आई0 पर आधारित दुनिया का सबसे बड़ा सम्मेलन हुआ, जिसमें लगभग 20 देशों के राष्ट्राध्यक्ष और 80 से अधिक देशों के प्रतिनिधि भारत आए। दुनिया के विकासशील देशों में ऐसा सम्मेलन आज तक कभी नहीं हुआ। पूरा देश गर्व से भर गया था। यह देश का कार्यक्रम था, किसी पार्टी विशेष से जुड़ा कार्यक्रम नहीं था। कुछ लोगों ने भारत के इस वैश्विक आयोजन को अपनी गन्दी राजनीति का अखाड़ा बना दिया।

इस अवसर पर केन्द्रीय कौशल विकास व उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी, केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री  पंकज चौधरी, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह, जल शक्ति राज्य मंत्री दिनेश खटीक,ऊर्जा राज्य मंत्री सोमेन्द्र तोमर सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।