Wednesday, March 18, 2026
Advertisement
Home उत्तर प्रदेश अयोध्या रंजिश में बर्बाद की फसल! दबंगों पर जहर डालने का आरोप

रंजिश में बर्बाद की फसल! दबंगों पर जहर डालने का आरोप

41
रंजिश में बर्बाद की फसल! दबंगों पर जहर डालने का आरोप
रंजिश में बर्बाद की फसल! दबंगों पर जहर डालने का आरोप
कुलदीप वर्मा
कुलदीप वर्मा

खेत में लहलहाती खड़ी गेहूं की फसल को जहर डालकर बर्बाद करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि रंजिश के चलते दबंगों ने उसकी पूरी मेहनत पर पानी फेर दिया। इतना ही नहीं, विरोध करने पर धमकी और दबाव बनाने की भी बात कही जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पटरंगा पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रूदौली/अयोध्या। जनपद के थाना पटरंगा क्षेत्र अंतर्गत शहबाजचक गांव में खेत विवाद को लेकर खड़ी गेहूं की फसल नष्ट करने का मामला सामने आया है। गांव की निवासी गयादेई पत्नी स्वर्गीय पीतांबर ने गांव के ही कुछ लोगों पर साजिशन खेत में जहरीला रसायन डालकर फसल बर्बाद करने का आरोप लगाया है। पीड़िता के मुताबिक 14 मार्च 2026 को आरोपित राम मनोहर, दीपचंद, रामसनेही, सचिन और प्रवेश ने उनके करीब 10 बिस्वा गेहूं के खेत में ‘राउंडअप’ छिड़क दिया, जिससे पूरी फसल सूख गई और उन्हें भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ी।

गयादेई ने बताया कि पहले आपसी सहमति से 15 दिन के भीतर फसल काटकर बंटवारा करने की बात तय हुई थी, लेकिन आरोपितों ने समझौते की अनदेखी करते हुए जबरन यह कदम उठाया। विरोध करने पर गाली-गलौज, मारपीट की कोशिश और करंट लगाकर जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़िता ने दावा किया है कि घटना से संबंधित ऑडियो रिकॉर्डिंग भी उसके पास सुरक्षित है। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है, जिस पर संज्ञान लेते हुए पटरंगा थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में थाना अध्यक्ष शशिकांत यादव ने बताया कि आरोपों के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।