Monday, April 6, 2026
Advertisement
Home उत्तर प्रदेश आज़मगढ़ आजमगढ़ को मुख्यमंत्री योगी का बड़ा तोहफा

आजमगढ़ को मुख्यमंत्री योगी का बड़ा तोहफा

34
आजमगढ़ को मुख्यमंत्री योगी का बड़ा तोहफा
आजमगढ़ को मुख्यमंत्री योगी का बड़ा तोहफा

योगी आदित्यनाथ ने आजमगढ़ में विकास और आत्मनिर्भरता को नई दिशा देते हुए ‘दुग्ध अवशीतन केन्द्र’ का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उन्होंने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत कदम्ब का पौधरोपण भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब हर परिवार आत्मनिर्भर और खुशहाल बने। महिला स्वयं सहायता समूहों और मिल्क प्रोड्यूसर कंपनियों के जरिए हजारों महिलाओं को रोजगार और सम्मान मिल रहा है। उन्होंने बताया कि श्री बाबा गोरखनाथ कृपा मिल्क प्रोड्यूसर कम्पनी महिलाओं के सशक्तिकरण का उत्कृष्ट उदाहरण है, जहां हजारों बहनें आत्मनिर्भरता की नई मिसाल गढ़ रही हैं। साथ ही प्रदेश में बुनियादी ढांचे, रोजगार, दुग्ध उत्पादन, गोसंरक्षण और शहरी विकास योजनाओं के जरिए समग्र विकास को गति दी जा रही है।

आजमगढ़/लखनऊ। आज जनपद आजमगढ़ के ग्राम मिरिया रेहड़ा में श्री बाबा गोरखनाथ कृपा दुग्ध उत्पादक संस्था, गोरखपुर के विस्तारीकरण के अन्तर्गत नवनिर्मित ‘दुग्ध अवशीतन केन्द्र’ का शुभारम्भ करने के उपरान्त आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने श्री शेषनाथ सिंह मिल्क एण्ड आइस फैक्ट्री का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कृत्रिम गर्भाधान सेवा के अवशीतन केन्द्र सहित ‘गौसॉर्ट’ सेक्स सॉर्टेड सीमेन एवं कृत्रिम गर्भाधान सेवाओं का शुभारम्भ किया। उन्होंने हरी झण्डी दिखाकर ‘मोबाइल वेटनरी यूनिट’ को रवाना किया मुख्यमंत्री जी ने लखपति दीदी व बायोगैस प्लाण्ट की लाभार्थी बहनों का सम्मान किया। इससे पूर्व, उन्होंने मिल्क प्रोसेसिंग मशीनीकरण प्रक्रिया का अवलोकन तथा केन्द्र के परिसर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अन्तर्गत कदम्ब का पौधरोपण भी किया।

जब एक महिला आत्मनिर्भर होती है, तो पूरा परिवार आत्मनिर्भर होता है। एक परिवार आत्मनिर्भर होता है, तो समाज की महत्वपूर्ण कड़ी आत्मनिर्भर होती है। जब यह कड़ियां आपस में जुड़ती हैं, तो राष्ट्र निर्माण की इकाई सशक्त होती है और विकसित भारत की संकल्पना साकार होती है। विकसित भारत के लिए महिलाओं का आत्मनिर्भर होना आज की आवश्यकता है। 56 हजार बहनों के परिश्रम से श्री बाबा गोरखनाथ कृपा मिल्क प्रोड्यूसर कम्पनी आत्मनिर्भरता का संदेश दे रही है। मिल्क प्रोड्यूसर कम्पनी और उनके साथ जुड़ी हुई बहनों ने वह करके दिखाया है, जो अन्य लोगों के लिए असम्भव होता है। यह एक अभिनन्दनीय कार्य है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’, मातृ वन्दना योजना, लखपति दीदी, मिल्क प्रोड्यूसर कम्पनी जैसे कार्यां के माध्यम से महिला स्वावलम्बन तथा सुरक्षा की दिशा में सार्थक कार्य किये हैं। इन्हीं कार्यां की श्रृंखला में हम आज यहां उपस्थित हैं। इस चिलिंग प्लाण्ट को नेशनल डेयरी डेवलपमेन्ट बोर्ड द्वारा स्थापित किया गया है। आज इस प्लाण्ट के शुभारम्भ का अवसर उन्हें मिल रहा है। 55 रुपये प्रति लीटर की दर से 01 लाख 70 हजार लीटर दूध का कलेक्शन किया जा रहा है। इस दूध का दाम अन्नदाता किसानों तथा गौ-पालकों को मिल रहा है। इससे हमारे अन्नदाता किसान तथा गौ-पालक राष्ट्र निर्माण के कार्य में मजबूती के साथ अपना योगदान दे रहे हैं। इस दूध की गुणवत्ता की पूरी गारण्टी है। इसमें कोई मिलावट नहीं है।


श्री बाबा गोरखनाथ कृपा मिल्क प्रोड्यूसर कम्पनी उत्तर प्रदेश की 5वीं ऐसी कम्पनी है, जो महिला स्वावलम्बन का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रही है। वर्ष 2019 में झांसी में बलिनी मिल्क प्रोड्यूसर कम्पनी के नाम से पहली कम्पनी प्रारम्भ की गयी थी। आज इससे 72 हजार से अधिक बहनें जुड़ी हैं, जो पूरे बुन्देलखण्ड में दुग्ध कलेक्शन का कार्य कर रही हैं। उनका टर्न ओवर सैकड़ों-करोड़ रुपयों का है। उन्हें इसका लाभांश भी प्राप्त होता है। इसी प्रकार लखनऊ, वाराणसी, आगरा में भी मिल्क प्रोड्यूसर कम्पनी कार्य कर रही है। इस वर्ष के बजट में प्रयागराज तथा बरेली में मिल्क प्रोड्यूसर कम्पनी बनाये जाने के लिए 200 करोड़ रुपये का प्राविधान किया गया है। महिला उद्यमिता तथा आत्मनिर्भरता का यह आदर्श उदाहरण हैं। श्री बाबा गोरखनाथ कृपा मिल्क प्रोड्यूसर कम्पनी के नव स्थापित दुग्ध अवशीतन केन्द्र के लोकार्पण अवसर पर आजमगढ़ की बहनों के परिश्रम को देखने के लिए आये हैं। इस मिल्क प्रोड्यूसर कम्पनी के साथ जुड़कर 56 हजार बहनें स्वावलम्बन का एक नया आदर्श प्रस्तुत कर रही हैं। विकसित भारत की संकल्पना तभी सार्थक होगी, जब प्रत्येक परिवार आत्मनिर्भर होगा और हर परिवार खुशहाल होगा। इस प्रकार की मिल्क प्रोड्यूसर कम्पनी एवं महिला स्वयं सहायता समूह के माध्यम से खुशहाली आगे बढ़ती है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री बाबा गोरखनाथ कृपा मिल्क प्रोड्यूसर कम्पनी द्वारा 01 लाख 70 हजार लीटर दूध का कलेक्शन किया जा रहा है। दूध की जांच प्रत्येक स्तर पर की जाती है। इसके लिए ग्राम स्तर पर उपकरण प्रदान किए गए हैं। दूध में मिलावट, फैट की मात्रा, दूध में उपलब्ध कण्टेण्ट आदि की जांच की जाती है। दूध कलेक्ट होकर चिलिंग प्लाण्ट में आता है, जहां पुनः उसकी जांच होती है। इसके बाद इस दूध को नेशनल डेयरी डेवलपमेण्ट बोर्ड द्वारा संचालित मदर डेयरी के माध्यम से घर-घर पहुंचाने अथवा वैल्यू एडीशन के साथ जोड़ने का कार्य किया जाता है। इस दूध से बटर, घी, आइसक्रीम, खीर व अन्य चीजें बनती हैं। यह अन्नदाता किसानों के परिश्रम का परिणाम है। गोवंश के संरक्षण के लिए प्रदेश सरकार 7,700 से अधिक निराश्रित गोआश्रय स्थल संचालित कर रही है। 15 लाख से अधिक गोवंश के लिए संरक्षण गृह बनाए गए हैं। प्रदेश सरकार गोवंश के संरक्षण के लिए तीन प्रकार की योजनाएं चला रही है। इसके तहत गोआश्रय स्थल या कान्हा उपवन संचालित किये जा रहे हैं। साथ ही, मुख्यमंत्री सहभागिता योजना के अन्तर्गत यदि कोई किसान अपने घर पर निराश्रित गोवंश रखता है, तो प्रदेश सरकार द्वारा सत्यापन के उपरान्त प्रति गाय 1,500 रुपए प्रतिमाह पशुपालक को उपलब्ध कराया जाता है। यह उत्तर प्रदेश सरकार की गौ माता के प्रति कृतज्ञता है। तीसरी योजनान्तर्गत, कुपोषित परिवारों को निराश्रित गोआश्रय स्थल से एक दुधारू गाय दी जाती है और प्रति माह 1,500 रुपए भी उपलब्ध कराए जाते हैं, जिससे वह परिवार सुपोषित हो सके और आने वाले समय में देश के विकास में अपना योगदान दे सके।


आज यहां एक मोबाइल वेटनरी यूनिट को मुख्यमंत्री जी ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया है। यह यूनिट टोल-फ्री नम्बर पर कॉल आने पर घर-घर जाकर बीमार गायों का इलाज करेगी। यहां पर कृत्रिम गर्भाधान सेवाओं को भी प्रारम्भ किया गया है। इसके अन्तर्गत घर में अगर उन्नत नस्ल की गाय है, तो कृत्रिम गर्भाधान से उससे भी उन्नत किस्म की बछिया होगी। गोबर गैस प्लाण्ट के माध्यम से अपने घरों में ईंधन की आपूर्ति करने वाली लखपति दीदियों का सम्मान किया गया है। गौ माता दूध देने के साथ-साथ घर में ईंधन की आपूर्ति भी कर सकती हैं। गोबर गैस प्लाण्ट लगाने से गौ सेवा के साथ-साथ ईंधन की सुविधा का लाभ भी प्राप्त होगा और ईंधन के लिए दुनिया के दूसरे देशों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।राष्ट्र निर्माण के इसी कार्यक्रम को आगे बढ़ाने की दृष्टि से आज हम आजमगढ़ आये हैं। आजमगढ़ का अपना महत्व है। यह ऋषि-मुनियों की तपस्या की भूमि रही है। आजमगढ़ तत्व-चिंतकों, विचारकों और देश के स्वाधीनता आन्दोलन की महत्वपूर्ण भूमि भी है। वीर कुंवर सिंह ने अपने शौर्य से इसी भूमि से अंग्रेजों को भागने के लिए मजबूर किया था। आजमगढ़ का हरिहरपुर कला की चारों विधाओं-गायन, वादन, नृत्य तथा नाट्य की भूमि रहा है। हमने कला का सम्मान करने के लिए हरिहरपुर में संगीत महाविद्यालय स्वीकृत किया है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि वह मुख्यमंत्री बनने के बहुत पहले से ही आजमगढ़ से जुड़े हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने आजमगढ़ के विकास के लिए जो कार्य किये हैं, वह किसी और ने नहीं किये। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से आजमगढ़ को लखनऊ से कनेक्टिविटी प्रदान की गयी है। पहले आजमगढ़ से लखनऊ या प्रयागराज जाने में कठिनाई का सामना करना पड़ता था। यहां से लखनऊ जाने में पहले 06 घण्टे का समय लगता था। अब यह दूरी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के माध्यम से ढाई से पौने तीन घण्टे में तय की जा सकती है। गोरखपुर जाने में अब डेढ़ घण्टे से भी कम समय लगता है। पहले यह दूरी तय करने में तीन से चार घण्टे का समय लगता था। इसी प्रकार यहां हुए इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास से वाराणसी और प्रयागराज की दूरी तय करने में भी बहुत कम समय लगता है।


वोट बैंक के लिए पिछली सरकारों ने महाराजा सुहेलदेव के योगदान को भुला दिया था। भारत माता के इस वीर सपूत ने 1,000 वर्ष पहले अपने शौर्य से विदेशी आक्रांताओं को नेस्तनाबूद कर दिया था। हमारी सरकार ने आजमगढ़ में महाराजा सुहेलदेव के नाम पर विश्वविद्यालय बनाने का काम किया है। यहां की चीनी मिल का पुनरुद्धार किया गया है। वर्तमान में मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण एवं नये शहर प्रोत्साहन योजना के तहत यहां तमसा गार्डन एन्क्लेव आवासीय योजना स्वीकृत की गयी है। इस योजना के लिए आजमगढ़ विकास प्राधिकरण को 400 करोड़ रुपये उपलब्ध कराये गये हैं। जिससे यहां 02 हजार से अधिक आवासीय भूखण्ड उपलब्ध होंगे। इसके साथ ही यहां कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स, पार्क, ओपेन जिम, बैंक, स्कूल, अस्पताल, विद्युत सबस्टेशन, सामुदायिक केन्द्र सहित सुरक्षा की प्रभावी व्यवस्था की जाएगी।


हमारी सरकार ने आजमगढ़ एयरपोर्ट का विकास भी किया है। मार्गां के विकास के लिए जनप्रतिनिधियों द्वारा जो प्रस्ताव दिये गये थे, उन सभी को हमने स्वीकृति प्रदान की है। इसका परिणाम है कि आज आजमगढ़ चारों ओर से फोरलेन कनेक्टिविटी से जुड़ चुका है। विकास के साथ ही अब आजमगढ़ को उसकी पहचान भी मिल रही है। पहले आजमगढ़ के नाम पर यहां के लोगों को होटलों व धर्मशालाआें में कमरे नहीं मिलते थे। डबल इंजन सरकार ने आपको सम्मान दिलाने का काम किया है। आज बिना भेदभाव विकास का लाभ सभी को मिल रहा है। प्रत्येक गरीब को प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत रसोई गैस के निःशुल्क कनेक्शन, निःशुल्क विद्युत कनेक्शन तथा निःशुल्क राशन की सुविधा का लाभ मिला है। हर गरीब को आयुष्मान भारत योजना के तहत प्रतिवर्ष 05 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा कवर प्रदान किया जा रहा है।


योगी ने कहा कि यह काम पहले भी हो सकते थे, लेकिन पहले की सरकारों के एजेण्डे में विकास तथा गरीब कल्याण और बाबा साहब द्वारा बनाये गये संविधान के प्रति सम्मान नहीं था। इसका परिणाम था कि गरीब भूखे मरते थे, किसान आत्महत्या करते थे और नौजवानों को नौकरी नहीं मिलती थी। डबल इंजन सरकार ने 09 लाख नौजवानां को सरकारी नौकरी प्रदान की है। वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट योजना के माध्यम से 03 करोड़ नौजवानों को उत्तर प्रदेश में ही रोजगार मिला है। सुरक्षा के बेहतर माहौल से उत्तर प्रदेश में हुए निवेश से 65 लाख नौजवानों को रोजगार मिला है।श्रमिकों के बच्चों के लिए आजमगढ़ में अटल आवासीय विद्यालय बन चुका है। हरिऔध कला केन्द्र सांस्कृतिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केन्द्र बन चुका है। मकरहां, अतरौलिया तथा फूलपुर पवई में राजकीय पॉलिटेक्निक स्वीकृत हो गया है। राजकीय इण्टर कॉलेज, जमुड़ी तथा दिव्यांगजन के लिए समेकित विशेष माध्यमिक विद्यालय, अतरौलिया स्वीकृत किया जा चुका है। लालगंज में 100 शैय्यायुक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र स्वीकृत किया गया है। आजमगढ़ में बाढ़ से बचाव कार्यों के साथ अन्य विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है।


आज युद्ध के कारण पूरी दुनिया में पेट्रोलियम उत्पादों के लिए हाहाकार है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देशवासियों को गौरव की अनुभूति करनी चाहिए कि ऐसे माहौल में भी भारत में सब कुछ अच्छे से चल रहा है। हमारा दायित्व है कि घर में पी0एम0 सूर्यघर योजना के अन्तर्गत रूफटॉप सोलर पैनल लगवाएं। इससे घर में पर्याप्त बिजली भी मिलेगी और बिजली का बिल 60 प्रतिशत तक कम हो जाएगा। इसमें सरकार द्वारा सब्सिडी भी दी जा रही है। देश प्रथम हमारी सरकार का एजेण्डा है। डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने कहा था कि ‘एक देश में दो प्रधान, दो विधान, दो निशान नहीं चलेंगे’। बाबा साहब डॉ0 भीमराव आम्बेडकर ने जो संविधान बनाया, वह पूरे देश में समान रूप से लागू होना चाहिए। कश्मीर में धारा-370 के कारण भारत का संविधान लागू नहीं हो पा रहा था। प्रधानमंत्री जी ने कश्मीर से धारा-370 समाप्त कर बाबा साहब डॉ0 भीमराव आम्बेडकर और डॉ0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपने का साकार किया है। अयोध्या में श्रीराम मन्दिर का निर्माण एक सपना था। डबल इंजन सरकार के कार्यकाल में अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि विवाद समाप्त हुआ और भव्य श्रीराम जन्मभूमि मन्दिर का निर्माण हो गया है।


श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि मुख्यमंत्री जी ने उत्तर प्रदेश को सर्वात्तम प्रदेश बनाने का संकल्प लिया है। उनके नेतृत्व में प्रदेश में कानून के राज की स्थापना हुई है। उत्तर प्रदेश दुग्ध उत्पादन में देश में प्रथम स्थान पर है। देश के कुल दुग्ध उत्पादन का 16 से 17 प्रतिशत उत्पादन उत्तर प्रदेश में हो रहा है। यह प्रदेश की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन कर रहा है। कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश देश में विकास का रोल मॉडल बना है। उत्तर प्रदेश प्रत्येक सेक्टर में पहले पायदान पर रहते हुए निरन्तर आगे बढ़ रहा है। डेयरी उद्योग आमजन, किसानों तथा पशुपालकों से जुड़ा उद्योग है। इस प्लाण्ट के लोकार्पण से इन सभी के हाथों को मजबूत करने का कार्य हुआ है। बाबा गोरखनाथ कृपा दुग्ध उत्पादक संस्था की चेयरपर्सन नीरज ने मुख्यमंत्री जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका गतिशील नेतृत्व तथा उत्तर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं ग्रामीण महिलाओं के जीवन में ऐतिहासिक परिवर्तन ला रही हैं। मुख्यमंत्री जी के मार्गदर्शन व सहयोग से हम सभी आत्मनिर्भर व आत्मविश्वासी बन रही हैं। इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य राम सूरत राजभर, विक्रान्त सिंह ‘रिशु’, विधायक राम बिलाश चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, एन0डी0डी0बी0 डेयरी सर्विसेज के प्रबन्ध निदेशक डॉ0 सी0पी0 देवानन्द तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।