Saturday, January 17, 2026
Advertisement
Home राजनीति भाजपा का जनसंपर्क अभियान 26 सितम्बर से प्रारम्भ

भाजपा का जनसंपर्क अभियान 26 सितम्बर से प्रारम्भ

259

हिमांशु दुबे

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की केन्द्र सरकार तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की प्रदेश भाजपा सरकार की लोकमंगलकारी योजनाओं तथा निर्णयों को लेकर जनता की दहलीज पर दस्तक देगी। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री स्वतंत्र देव सिंह कल 26 सितम्बर को लखनऊ महानगर की पश्चिम विधानसभा के बूथ सं. 79 उत्सव लान, शीतलापुरम्, आलमनगर से सुबह 11ः30 बजे अभियान का शुभारम्भ करेंगे। जबकि पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी श्री राधा मोहन सिंह कल 26  सितम्बर   को प्रातः 10 बजे सरोजनीनगर विधानसभा, बूथ संख्या 360, शारदानगर प्रथम वार्ड 1-डी लखनऊ में जनसंपर्क अभियान का नेतृत्व करेंगे।

भारतीय जनता पार्टी पं. दीन दयाल उपाध्याय की जयन्ती पर 24 सितम्बर से 26 सितम्बर तक विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से एकात्म मानववाद के प्रणेता को श्रद्धांजलि अर्पित कर रही है। पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयन्ती पर बूथ स्तर पर प्रारम्भ हुए कार्यक्रमों के क्रम में कल 26 सितम्बर को पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता प्रदेश में बूथ स्तर पर पं. दीन दयाल उपाध्याय जी के चित्र पर पुष्पार्चन करके श्रद्धासुमन अर्पित अर्पित करने के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के ‘मन की बात‘ कार्यक्रम से जुडेंगे। 


भारतीय जनता पार्टी का जनसंपर्क अभियान कल 26 सितम्बर से प्रारम्भ होकर 2 अक्टूबर तक चलेगा। पार्टी प्रदेश के सभी बूथों पर पहुंचकर घर-घर में संपर्क करेगी तथा केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकारों की लोकमंगलकारी योजनाओं, निर्णयों व कार्यक्रमों का लेखा-जोखा लोक दरबार में प्रस्तुत करेगी।पं. दीन दयाल उपाध्याय के अंत्योदय पथ का अनुसरण करके गांव, गरीब, किसान, पिछडे़, दलित, उपेक्षित व वंचित वर्ग के जीवन को आच्छादित करती हुई मोदी व योगी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं जन-जन की आत्मनिर्भरता से भारत की आत्मनिर्भरता की गाथा लिख रही है। पार्टी सघन जनसंपर्क अभियान के दौरान घर-घर तक पत्रक पहुंचाने का काम करेगी। जो विगत साढ़े चार वर्ष में भय-भूख व भ्रष्टाचार से मुक्त उत्तर प्रदेश की तस्वीर का प्रस्तुतीकरण होगा।


जनसंपर्क अभियान में प्रदेश के पदाधिकारियों से लेकर बूथ तक के पदाधिकारी व कार्यकर्ता, प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, नगर निकाय के अध्यक्ष व पार्षद, आयोग निगम बोर्ड के अध्यक्ष व सदस्य, त्रिस्तरीय पंचायत के अध्यक्ष व सदस्य के साथ आमजन भी  केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का पत्रक लेकर घर-घर में पहुंचकर लोगों से संवाद करेंगे। पार्टी के सभी जिला प्रभारी अपने प्रभार वाले जिले में जनसंपर्क अभियान का हिस्सा बनेगें।