Saturday, February 14, 2026
Advertisement
Home राजनीति भाजपा संगठन चुनाव 7 से 10 जनवरी तक

भाजपा संगठन चुनाव 7 से 10 जनवरी तक

202
भाजपा संगठन चुनाव 7 से 10 जनवरी तक
भाजपा संगठन चुनाव 7 से 10 जनवरी तक

भाजपा संगठन चुनाव: 7 से 10 जनवरी तक। जिलाध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया प्रारम्भ।

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी संगठन पर्व-2024 के तहत आयोजित संगठन चुनाव प्रदेश कार्यशाला रविवार को राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष और राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावडे़ की उपस्थिति में सम्पन्न हुई। प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आयोजित बैठक में प्रदेश चुनाव अधिकारी डॉ. महेन्द्र नाथ पांडेय, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापति राम त्रिपाठी, स्वतंत्र देव सिंह और प्रदेश सह चुनाव पर्यवेक्षक संजय भाटिया एवं संजीव चौरसिया सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष, क्षेत्रीय प्रभारी, जिला चुनाव अधिकारी, जिला प्रभारी और जिलाध्यक्षों ने भी भाग लिया।

राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष ने संगठनात्मक चुनाव के अगले चरण की कार्ययोजना साझा करते हुए कहा कि भाजपा का संगठन विचारधारा, संस्कार और संगठनात्मक पद्धति के कारण मजबूत और जीवन्त बना हुआ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे “भा.ज.पा. मेरा संगठन है” इस सोच के साथ जिलों में जाकर बेहतर संगठन तैयार करें। उन्होंने यह भी कहा कि अब तक संगठनात्मक चुनाव के चार चरण पूरे हो चुके हैं और हम अगले चरण की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि दायित्व परिवर्तन संगठनात्मक व्यवस्था का हिस्सा है और समय-समय पर कार्यकर्ताओं के दायित्वों में बदलाव होता रहेगा।

राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावडे़ ने पार्टी के संगठनात्मक लोकतांत्रिक ढांचे पर जोर देते हुए कहा कि भाजपा दुनिया की एकमात्र पार्टी है जो अपने संगठन की संरचना को लोकतांत्रिक प्रणाली के तहत करती है। उन्होंने बताया कि भाजपा में बूथ स्तर के कार्यकर्ता भी अपनी योग्यता और क्षमता के आधार पर शीर्ष पदों तक पहुंच सकते हैं। संगठन पर्व के तहत पार्टी ने सदस्यता अभियान में रिकॉर्ड तोड़े हैं और अब बूथ समितियों के गठन और मंडल अध्यक्षों के चुनाव की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष के रूप में निर्वाचित होंगे और वे पार्टी के अभियानों, कार्यक्रमों और विचारधारा को गति देंगे।

प्रदेश चुनाव अधिकारी डॉ. महेन्द्र नाथ पांडेय ने संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया का विवरण देते हुए कहा कि पार्टी ने कर्तव्यनिष्ठ कार्यकर्ताओं को मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है, जिनमें पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित वर्ग और महिला कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या है। उन्होंने बताया कि जल्द ही बाकी जिलों में भी मंडल अध्यक्षों के चुनाव पूरे हो जाएंगे और 7 से 10 जनवरी के बीच जिलाध्यक्ष पद के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने पार्टी की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा ने अनुच्छेद 370 की समाप्ति, श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण और अन्य कई महत्वपूर्ण कार्यों को पूरा किया है। इसके कारण पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति देशवासियों का विश्वास अडिग है। उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता की छवि राष्ट्रवाद, संस्कार और सेवा भावना से परिपूर्ण होती है। संगठनात्मक चुनाव से 2027 विधानसभा चुनाव के लिए नेतृत्व चयन का कार्य पूरा होगा और केन्द्रीय नेतृत्व की दिशा में यह प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने संगठनात्मक लोकतांत्रिक प्रक्रिया की अहमियत पर बल देते हुए कहा कि जिलाध्यक्ष के चुनाव में आम सहमति का पालन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिलाध्यक्ष की आयु 60 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए और सभी जिला चुनाव अधिकारी चुनाव की तिथि और स्थान पहले से घोषित करेंगे। इसके साथ ही संविधान गौरव अभियान के तहत पार्टी के कार्यकर्ता घर-घर संपर्क करेंगे और स्थानीय नागरिकों को संविधान के प्रति जागरूक करेंगे। इस पूरी प्रक्रिया से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि योग्य और निष्ठावान कार्यकर्ता संगठन के विभिन्न पदों पर नियुक्त हो और पार्टी के विकास की दिशा में योगदान करें। भाजपा संगठन चुनाव 7 से 10 जनवरी तक