Thursday, March 26, 2026
Advertisement
Home राजनीति UP में स्वास्थ्य सेवाएं ध्वस्त-अखिलेश

UP में स्वास्थ्य सेवाएं ध्वस्त-अखिलेश

273
भाजपा सरकार में लोकतंत्र कमजोर हुआ-अखिलेश यादव
भाजपा सरकार में लोकतंत्र कमजोर हुआ-अखिलेश यादव

  राजेन्द्र चौधरी

अखिलेश यादव ने योगी आदित्यनाथ सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि उत्तर प्रदेश में पूरी तरह से अराजकता है। सरकार नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं बदहाली के स्तर पर पहुंच गई हैं। स्वास्थ्य सेवाएं ध्वस्त है और बिजली व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई हैं। भीषण गर्मी और लू से आम जनता बेहाल है लेकिन भाजपा सरकार जनता को न बिजली दे पा रही है न इलाज करा पा रही है और नहीं सुरक्षा मुहैया करा रही है। गर्मी और हीटस्ट्रोक से बलिया जिला अस्पताल में 24 घंटे में 36 मौतें होना दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक घटना है। बलिया में 8 दिनों में 121 मरीजों की मौत हो चुकी है। अस्पतालों में गरीबों को इलाज नहीं मिल पा रहा है।

बलिया जिले में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच हर घंटे पांच से छह मरीज इमरजेंसी में भर्ती हो रहे हैं। इतना ही नहीं तमाम प्रयासों के बावजूद मौत का आंकड़ा कम नहीं हो रहा है। आलम यह है मरीजों की मौत विभिन्न बीमारियों की चपेट में आने से हो रही है। इस कारण प्रशासनिक स्तर पर खलबली मची है। मरीजों की बड़ी तादाद के कारण जिला अस्पताल के सभी वार्ड फुल हैं। देहात से आने वाले गंभीर मरीजों को वाराणसी भी रेफर किया जा रहा है। मौतों के चलते जिले के सभी सीएचसी व पीएचसी के डॉक्टर भी हाई अलर्ट पर रखे गए हैं। अखिलेश यादव ने एक बार फिर प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार में स्वास्थ्य सेवाएं ध्वस्त हो चुकी हैं


    अखिलेश यादव ने कहा है कि पूरे प्रदेश में बिजली को लेकर हाहाकार है, लेकिन यह सरकार अपने घमंड में मदमस्त है। अपने पूरे कार्यकाल में भाजपा सरकार ने बिजली के क्षेत्र में कोई काम नहीं किया। उत्पादन, पारेषण और वितरण के क्षेत्र में भाजपा सरकार ने कोई काम नहीं किया। भाजपा सरकार ने अपने 6 साल के कार्यकाल में एक भी बिजलीघर नहीं बनाया और नही एक यूनिट बिजली का उत्पादन बढ़ाया। प्रदेश की जनता को जो आज बिजली मिल रही है वह समाजवादी पार्टी की सरकार के समय में बने पावर प्लांट के उत्पादन से ही मिल रही है। समाजवादी सरकार ने बिजली उत्पादन के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किया था। पांच साल में बिजली उत्पादन दोगुना कर दिया था, लेकिन भाजपा सरकार की अकर्मण्यता ने यूपी को फिर बिजली संकट के दल-दल में पहुंचा दिया है।


    भाजपा सरकार के सारे दावों की पोल आम जनता के सामने खुल चुकी है। स्वास्थ्य मंत्री हर दिन बड़े-बड़े दावे करते हैं और झूठ बोलते हैं लेकिन सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में आवश्यक दवाएं ही नहीं हैं। अब जब पूरा प्रदेश भीषण गर्मी और लू में तप रहा है तब बिजली संकट होना सरकार की विफलता है। मुख्यमंत्री जी, मंत्री जी और अधिकारी अपनी नाकामी छुपाने के लिए एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप कर अपनी जिम्मेदारी दूसरों पर डाल रहे हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि अगर भाजपा सरकार बिजली संकट और स्वास्थ्य के क्षेत्र में पहले से तैयारियां करती तो आज जनता को गर्मी में नहीं उबलना पड़ता। जनता बिजली कटौती से परेशान है। लोग इस भयंकर गर्मी से मरे या जिएं, इसका भाजपा सरकार पर कोई असर नहीं पड़ रहा है। भाजपा सिर्फ झूठ बोलकर भोली-भाली जनता को तबाह करने पर तुली हुई है।