भारत छोड़ो जैसे आन्दोलनों ने स्वतंत्रता आन्दोलन की अलख जगायी-आनंदीबेन पटेल

राज्यपाल ने राजभवन से तिरंगा रैली को रवाना किया,करो या मरो, अंग्रेजों भारत छोड़ो जैसे आन्दोलनों ने स्वतंत्रता आन्दोलन की अलख जगायी।

लखनऊ। राजभवन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आज आजादी के अमृत महोत्सव तथा 75वीं वर्ष गांठ के पुनीत अवसर पर आज राजभवन लखनऊ से तिरंगा रैली निकाली, जिसका शुभारम्भ राजभवन के गेट नम्बर 2 से राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने किया। ये तिरंगा रैली हजरतगंज होते हुए शहीद स्मारक पहुंची, वहां से कैसरबाग चौराहा, बापू भवन होते हुए राजभवन के गेट नम्बर 8 पर समाप्त हुई। इस अवसर पर राज्यपाल जी ने कहा कि यह सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक जन आंदोलन है। मा0 प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में शुरू हुए इस अभियान को लेकर लोगों के दिलो-दिमाग में जोश और उत्साह नजर आ रहा है। लोग इस राष्ट्रीय आंदोलन में अपना योगदान देने के लिए समर्थन दे रहे हैं।


राज्यपाल जी ने कहा कि राजभवन के अधिकारी तथा कर्मचारी आज के दिन ये प्रण करें कि वे जिस पद का दायित्व सम्हाल रहे हैं उस पर अपना सर्वाेत्तम योगदान देकर अपने प्रदेश एवं देश को विकास के सर्वाेच्च शिखर पर ले जाने का कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि करो या मरो, अंग्रेजों भारत छोड़ो जैसे आन्दोलनों ने स्वतंत्रता आन्दोलन की जो अलख जगायी थी उसी का परिणाम था कि हमें सन 1947 में आजादी मिली।राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज हमारी आन बान शान का प्रतीक है। स्वतंत्रता के 75वें वर्ष में घर-घर तिरंगे को लगाना, न केवल तिरंगे से व्यक्तिगत संबंध का एक कार्य है, बल्कि राष्ट्र-निर्माण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का भी प्रतीक है। इसका उद्देश्य लोगों के दिलों में देशभक्ति की भावना जगाना और राष्ट्रीय ध्वज के बारे में जागरूकता को बढ़ावा देना है।

अमृत महोत्सव अमर बलिदानियों के बलिदान को याद करने का अवसर- महेश कुमार गुप्ता

अपर मुख्य सचिव राज्यपाल महेश कुमार गुप्ता ने कहा कि इस समय पूरा देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। स्वाधीनता का यह उत्सव हमें अपनी छिपी ताकत को फिर से खोजने के लिए प्रोत्साहित करता है। देश को स्वतंत्र कराने में जिन राष्ट्र सपूतो ने अपना बलिदान दिया उनके उस बलिदान को याद करने का अवसर है ताकि हमारे नई पीढ़ी के बच्चे इस बात को जान सकें कि यह आजादी हमें कितने बलिदानों के बाद प्राप्त हुई। इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए ध्वज फहराने के लिए निर्धारित मानकों के बारे में भी विस्तृत रूप से बताया।इस अवसर पर राज्यपाल ने मुख्य सुरक्षा अधिकारी अजय कुमार त्रिपाठी को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए तिरंगा भेंट किया।तिरंगा रैली में राजभवन के समस्त अधिकारी तथा कर्मचारीगण शामिल थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button