
आज का यह कार्यक्रम उ0प्र0 की डबल इंजन सरकार की कार्य संस्कृति को दर्शाता। आज शुभारम्भ की गई परियोजनाओं से मेरठवासियों सहित पश्चिमी उ0प्र0 के लोगों का जीवन बदलने वाला। देश में यह पहली बार हो रहा, जब एक ही स्टेशन और एक ही ट्रैक पर ‘नमो भारत’ और मेट्रो रेल चलेगी, अब एक ही प्लेटफॉर्म से लोग शहर के भीतर यात्रा कर पाएंगे और उसी स्टेशन से दिल्ली आ-जा सकेंगे। ‘नमो भारत’ रैपिड रेल नारी शक्ति के सामर्थ्य का प्रतीक बनी, ट्रेन ऑपरेटर, स्टेशन कण्ट्रोल सहित अधिकतर कार्यों में बेटियाँ ही कार्यरत। उ0प्र0 में मेरठ के अलावा कई शहरों में मेट्रो पर कार्य चल रहा। उ0प्र0 की धरती श्रम व सृजन की धरती, वैश्विक समझौतों से ओ0डी0ओ0पी0 को बहुत अधिक लाभ होने वाला। बजट में लघु उद्योगों के लिए 10 हजार करोड़ रु0 के विशेष फण्ड की घोषणा, इससे उ0प्र0 में एम0एस0एम0ई0 क्षेत्र से जुड़े लोगों को ऋण मिलना बहुत आसान होगा। उ0प्र0 के किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 95 हजार करोड़ रु0 प्राप्त हो चुके, मेरठ के किसानों को लगभग 800 करोड़ रु0 मिले। प्रधानमंत्री जी नये व आधुनिक भारत के शिल्पी ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरठ की धरती पौराणिक, ऐतिहासिक व भारत के प्रथम स्वातंत्र्य समर की भूमि रही है। क्रांति नायक धनसिंह गुर्जर, राव कदम सिंह, क्रांतिकारी शाहमल और मातादीन वाल्मीकि ने इसी धरा पर प्रथम स्वतंत्रता संग्राम का आह्वान किया था।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने प्रधानमंत्री जी का स्वागत करते हुए कहा कि ‘नमो भारत’ सेमी हाई स्पीड ट्रेन तथा मेरठ मेट्रो का उद्घाटन होली के ठीक पूर्व मेरठवासियों के लिए एक उपहार है। यह उपहार विकसित भारत की उस नींव को सुदृढ़ करने का नया मॉडल है, जिसमें अत्याधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर के माध्यम से भारत की ताकत दिखाई देती है। अत्याधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर के प्रति प्रधानमंत्री जी का विज़न विकसित भारत की आधारशिला का विज़न है, जिसकी आज पूरी दुनिया में चर्चा है।
नमो भारत रैपिड रेल का उद्घाटन, मेट्रो रेल का विस्तार, वन्दे भारत, वॉटर-वे, एक्सप्रेस-वे, डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर जैसी सुविधाएँ तेजी के साथ पूरे देश में फैली हैं। इनसे लोगों का जीवन आसान हुआ है।मुख्यमंत्री ने कहा कि आज 10 से 11 वर्ष पूर्व मेरठ से दिल्ली की दूरी स्वयं में एक चुनौती होती थी, क्योंकि ट्रैफिक जाम के कारण इसे तय करने में 04 से 05 घण्टे लगते थे। आज मेरठ-दिल्ली 12-लेन एक्सप्रेस हाईवे से जुड़ चुके हैं। वर्तमान में दिल्ली पहुँचने में मात्र 45 से 50 मिनट लगते हैं। प्रधानमंत्री जी द्वारा मेरठ को दिया गया यह नया उपहार इस दूरी को और भी कम करेगा। आज नमो भारत ट्रेन, वन्दे भारत ट्रेन, अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन एक शहर को दूसरे शहर से जोड़ने का कार्य कर रही हैं। यह अत्याधुनिक, सुरक्षित और तेज पब्लिक ट्रांसपोर्ट सेवाएँ भारत की नई पहचान बनी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नये व आधुनिक भारत के शिल्पी हैं। उनका खेल और खेल संस्कृति पर विशेष ध्यान है। उन्होंने प्रदेश की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का शिलान्यास मेरठ में किया था। इसका निर्माण आगामी अप्रैल माह तक पूर्ण हो जाएगा। इस स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में कक्षाएँ गत वर्ष प्रारम्भ हो चुकी हैं। जनपद मेरठ में एक जनपद-एक उत्पाद योजना के अन्तर्गत स्पोर्ट्स आईटम तैयार होते हैं। जनपद गौतमबुद्धनगर में देश के सबसे बड़े इण्टरनेशनल एयरपोर्ट का निर्माण लगभग पूर्ण हो चुका है। प्रधानमंत्री जी ने इस एयरपोर्ट का शिलान्यास किया था और प्रदेशवासियों की इच्छा है कि इसका उद्घाटन भी उनके कर-कमलों से हो।
मुख्यमंत्री ने हाल ही में केन्द्रीय कैबिनेट द्वारा नोएडा मेट्रो के नये रूट को अपनी स्वीकृति प्रदान किए जाने के लिए प्रधानमंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने नोएडा मेट्रो के इस नये रूट के शिलान्यास के लिए प्रधानमंत्री जी को आमंत्रित करते हुए कहा कि वह चाहते हैं कि जब यह रूट तैयार हो, तो इसका लोकार्पण भी प्रधानमंत्री जी के ही कर-कमलों से सम्पन्न हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कल प्रधानमंत्री जी ने जनपद गौतमबुद्धनगर में एक सेमीकण्डक्टर प्लाण्ट की आधारशिला रखी है। आने वाले समय की चुनौती को देखते हुए प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में नया भारत आगे बढ़ रहा है। विगत दिवस दिल्ली में चार दिवसीय ए0आई0 समिट सम्पन्न हुई। इस आयोजन में दुनिया के कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष और प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। इस समिट में वैश्विक नेताओं ने प्रधानमंत्री जी के विज़न और उसको धरातल पर क्रियान्वित करने के लिए उनकी प्रशंसा की।
इस ए0आई0 समिट में फ्रांस के राष्ट्रपति श्री इमैनुअल मैक्रो ने डिजिटल भारत की सफलता पर विस्तार से अपनी बात रखी, जिसमें उन्होंने कहा कि भारत ने कुछ ऐसा बनाया, जिसे दुनिया का कोई दूसरा देश नहीं बना सकता। 140 करोड़ लोगों की डिजिटल पहचान बनायी गयी। एक ऐसा सिस्टम डेवलप किया गया, जो 20 बिलियन ट्रांजेक्शन करता है। 500 मिलियन डिजिटल हेल्थ आई0डी0 जारी की गयी हैं, जिसके माध्यम से 50 करोड़ लोगों को प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अन्तर्गत आयुष्मान भारत की सुविधा प्रदान की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि फ्रांस के राष्ट्रपति जी का कथन यह साबित करता है कि प्रधानमंत्री जी की दूरदर्शिता से डिजिटल इण्डिया के माध्यम से बिना भेदभाव शासन की योजनाओं का लाभ गरीब, किसान, नौजवान एवं समाज के प्रत्येक तबके को प्राप्त हो रहा है। इस प्रकार डिजिटल इण्डिया ने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में प्रधानमंत्री जी ने इन्फ्रास्ट्रक्चर मॉनीटरिंग के सम्बन्ध में ‘प्रगति’ की 50वीं बैठक की है। उनकी कार्य कुशलता व कार्यां की प्रभावी मॉनीटरिंग से इन्फ्रास्ट्रक्चर से सम्बन्धित 85 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं को धरातल पर उतरते हुए देशवासियों ने देखा है, जो दशकों से लम्बित थीं।
























