Sunday, February 15, 2026
Advertisement
Home उत्तर प्रदेश  मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में कल्याण मण्डपम् का किया लोकार्पण

 मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में कल्याण मण्डपम् का किया लोकार्पण

37
मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में कल्याण मण्डपम् का किया लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में कल्याण मण्डपम् का किया लोकार्पण

 मुख्यमंत्री योगी ने गोरखपुर में 2.47 करोड़ की लागत से निर्मित कल्याण मण्डपम् का किया लोकार्पण। ईडब्ल्यूएस व एलआईजी आवंटियों को प्रमाण पत्र वितरित, शहर में 5 और मण्डपम् निर्माणाधीन।

लखनऊ/गोरखपुर। आज गोरखपुर के जंगल तुलसीराम बिछिया क्षेत्र में लगभग 2.47 करोड़ रुपये की लागत से 1,120 वर्गमीटर भूमि पर निर्मित दो मंजिला कल्याण मण्डपम् (कन्वेंशन सेंटर) का मुख्यमंत्री योगी ने  लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने राप्तीनगर स्पोर्ट्स सिटी आवासीय योजना के अंतर्गत ईडब्ल्यूएस एवं एलआईजी श्रेणी के लाभार्थियों को आवंटन प्रमाण पत्र भी वितरित किए।

मुख्यमंत्री ने बताया कि कल्याण मण्डपम् के निर्माण पर 2 करोड़ रुपये विधायक निधि तथा 47 लाख रुपये गोरखपुर विकास प्राधिकरण निधि से व्यय किए गए हैं। यह मण्डपम् विवाह, मांगलिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए न्यूनतम शुल्क पर आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध कराएगा, जिससे आम नागरिकों को होटल जैसी व्यवस्था सुलभ हो सकेगी।

               शहर में 5-6 कल्याण मण्डपम् तैयार, 5 और निर्माणाधीन

मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर में अब तक 5-6 कल्याण मण्डपम् बन चुके हैं तथा 5 अन्य विभिन्न स्थानों पर निर्माणाधीन हैं। उन्होंने बताया कि मानबेला में पूर्व में एक मण्डपम् का उद्घाटन हो चुका है और माधोनगर, बशारतपुर, नकहा, महादेव झारखंडी तथा सेमरा क्षेत्रों में भी निर्माण कार्य प्रगति पर है। इन परियोजनाओं में अधिकांश कार्य विधायक निधि से संचालित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि विवाह सीजन के अतिरिक्त इन मण्डपम् का उपयोग कथा, सत्संग एवं सामाजिक कार्यक्रमों के लिए भी किया जा सकेगा, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

                       गोरखपुर बना विकास का मॉडल

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज गोरखपुर विकास का मॉडल बन चुका है। बेहतर सड़कों, जल निकासी व्यवस्था, आवास योजनाओं और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं ने शहर की पहचान बदल दी है। राप्ती नगर विस्तार परियोजना के अंतर्गत स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का निर्माण हो रहा है और विभिन्न वर्गों के लिए आवासीय सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि अब गोरखपुर में चारों ओर 4-लेन कनेक्टिविटी उपलब्ध है। शहर को लखनऊ, वाराणसी, नेपाल-देवरिया और कुशीनगर से बेहतर सड़क संपर्क मिला है। ट्रैफिक जाम की समस्या के समाधान के लिए बाईपास का निर्माण भी जारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अच्छी सड़कें, एम्स, अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त बीआरडी मेडिकल कॉलेज तथा पुनर्संचालित फर्टिलाइजर कारखाना गोरखपुर की नई पहचान बन चुके हैं।

                     स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर जोर

मुख्यमंत्री ने स्वच्छता को विकास की आधारशिला बताते हुए कहा कि “पर्यावरण को हम बचाएंगे, तो पर्यावरण हमें बचाएगा।” उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करें, कूड़ा सड़क पर न फेंकें और शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएँ। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग से ही इंसेफेलाइटिस जैसी गंभीर बीमारी पर नियंत्रण संभव हुआ है और गोरखपुर आज स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण की ओर अग्रसर है।

                 महाशिवरात्रि की शुभकामनाएँ

मुख्यमंत्री ने महाशिवरात्रि के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि भगवान शिव कल्याण के देवता हैं और उनकी कृपा से प्रदेश में सुख, समृद्धि और खुशहाली आएगी। कार्यक्रम को सांसद रवि किशन शुक्ल एवं महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।