Thursday, February 26, 2026
Advertisement
Home राजनीति उम्मीदवारों की बाड़ाबंदी को लेकर कांग्रेस के नेताओं में खींचतान

उम्मीदवारों की बाड़ाबंदी को लेकर कांग्रेस के नेताओं में खींचतान

191

जिला प्रमुख के चुनाव के समय हुई बगावत से भाजपा ने सबक लिया। अजमेर नगर निगम के चुनाव में मत गणना से पहले ही उम्मीदवारों की बाड़ाबंदी।उम्मीदवारों की बाड़ाबंदी को लेकर कांग्रेस के नेताओं में खींचतान। मुस्लिम बहुल्य वार्डों में उम्मीदवार न बनाए जाने पर नाराज़गी बरकरार।14 मौजूदा पार्षद भी मैदान में।

एस0 पी0 मित्तल

अजमेर – अजमेर के जिला प्रमुख के चुनाव में जिस तरह बगावत हुई उससे सबक लेते हुए नगर निगम के चुनाव में भाजपा कुछ ज्यादा ही सतर्कता बरत रही है। यही वजह है कि मत गणना से पूर्व ही निगम के सभी 80 वार्डों के भाजपा उम्मीदवारों को 29 जनवरी को ही एकत्रित कर लिया गया है। फिलहाल भाजपा उम्मीदवारों को शहर के बीच स्थित विजय लक्ष्मी पार्क समारोह स्थल पर कैद किया गया है। रणनीति के मुताबिक 30 जनवरी को सभी उम्मीदवारों को जयपुर रोड स्थित पैराडीजो रिसोर्ट में ले जाया जाएगा। यहां यह उल्लेखनीय है कि 31 जनवरी को मत गणना के बाद 7 फरवरी को मेयर का चुनाव होना है।

माना जा रहा है कि जो उम्मीदवार विजयी होंगे उन्हें 7 फरवरी तक बाड़ाबंदी में रहना होगा। सभी उम्मीदवार एकत्रित हो जाए, इसके लिए भाजपा विधायक वासुदेव देवनानी, श्रीमती अनिता भदेल, शहर भाजपा के जिला अध्यक्ष डॉ. प्रियशील हाड़ा, पूर्व मेयर धर्मेंद्र गहलोत तथा पूर्व डिप्टी मेयर संपत सांखला की टीम बनाई गई है। भाजपा के प्रदेश नेतृत्व ने अजमेर के नेताओं को स्पष्ट कह दिया है कि मेयर चुनाव में कोई गुटबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चुनाव के प्रभारी और पूर्व मंत्री अरुण चतुर्वेदी और सह प्रभारी अशोक लाहोटी भी अजमेर पहुंच गए हैं। महिला उम्मीदवारों के साथ एक रिश्तेदार को रखने की छूट दी गई है। कई निवर्तमान पार्षदों ने अपनी पत्नी को उम्मीदवार बनवाया है, इसलिए कई महिला उम्मीदवार अपने पति के साथ बाड़ाबंदी में मौजूद हैं।


एससी महिला के लिए आरक्षित है मेयर का पद :- अजमेर नगर निगम के मेयर का पद इस बार एससी वर्ग की महिला के लिए आरक्षित है। भाजपा में मेयर पद के लिए शहर भाजपा के अध्यक्ष डॉ. प्रियशील हाड़ा की पत्नी बृजलता हाड़ा को सशक्त दावेदार माना जा रहा है। किन्हीं कारणों से यदि श्रीमती हाड़ा के नाम पर सहमति नहीं होगी तो फिर दक्षिण क्षेत्र की विधायक श्रीमती अनिता भदेल की उम्मीदवार डॉ. नेहा भाटी तथा उत्तर क्षेत्र के भाजपा विधायक वासुदेव देवनानी की उम्मीदावर श्रीमती वंदना नरवाल होंगी। इसी प्रकार कांग्रेस में पार्षद बनने पर मंजू बलाइ, द्रोपदी कोली, रेखा पिंगोलिया, राखी टोनी आदि को दावेदार माना जा रहा है।


कांग्रेस में एकजुटता नहीं :- उम्मीदवारों को एकत्रित करने को लेकर कांग्रेस में एकजुटता नजर नहीं आ रही है। गुटों में विभाजित कांग्रेस में नेता अपने अपने नजरिए से उम्मीदवारों को एकत्रित करने की योजना बना रहे हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और गत विधानसभा चुनाव में उत्तर क्षेत्र के प्रत्याशी रहे महेन्द्र सिंह रलावता ने बताया कि उत्तर क्षेत्र में 36 वार्ड आते हैं, जिन वार्डों में कांग्रेस के उम्मीदवार हैं, उन सभी से संपर्क किया जा रहा है। उत्तर क्षेत्र के कांगे्रस उम्मीदवार एकजुट हैं। रलावता ने कहा कि इन चुनावों में कांग्रेस को मुस्लिम बहुल्य वार्डों में उम्मीदवार खड़े नहीं करने पर नुकसान हुआ है।

उन्होंने अपने पैनल में तीनों मुस्लिम बहुल्य वार्ड 11, 12 व 13 में उम्मीदवारों के नाम दिए थे, लेकिन कांग्रेस के ही एक पूर्व विधायक के दखल की वजह से पार्टी ने इन वार्डों में उम्मीदवार घोषित नहीं किए। इस संबंध में उन्होंने पर्यवेक्षक को लिखित में शिकायत की है। रलावता ने दावा किया कि उत्तर क्षेत्र में कांग्रेस का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहेगा। कांग्रेस में दक्षिण के 42 वार्डों में से अधिकांश वार्डों की कमान वरिष्ठ नेता हेमंत भाटी के पास है। चुनाव प्रचार में भी हेमंत भाटी ने सक्रिय भूमिका निभाई है, लेकिन कुछ वार्डों में प्रचार की कमान शहर अध्यक्ष विजय जैन के पास रही। ऐसे में हेमंत भाटी और विजय जैन भी अपने अपने समर्थक उम्मीदवारों से संपर्क बनाए हुए हैं।
14 मौजूदा पार्षद भी मैदान में :- कांग्रेस और भाजपा के सात-सात मौजूदा पार्षद चुनावी मैदान में है। इनमें भाजपा के मौजूदा पार्षद ज्ञान सारस्वत, श्रीमती वंदना नरवाल, राजू साहू, नीरज जैन, कृष्ण कुमार त्रिपाठी तथा वीरेन्द्र वालिया हैं। इसी क्रम में वार्ड संख्या 16 से भारती श्रीवास्तव और 60 से श्रीमती डिंपल शर्मा का नाम उल्लेखनीय है। भारती श्रीवास्तव की बेटी पार्षद हैं, तो वहीं डिंपल शर्मा के पति जेके शर्मा मौजूदा समय में पार्षद हैं। इसी प्रकार वार्ड 56 से कांग्रेस की उम्मीदवार शिवांगी शर्मा के पति समीर शर्मा मौजूदा समय में पार्षद हैं।