श्री जन्मेजय सिंह को विधान सभा में भावभीनी श्रद्धांजलि

विधान सभा अध्यक्ष तथा मुख्यमंत्री ने दिवंगत विधान सभा सदस्य श्री जन्मेजय सिंह को विधान सभा में भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

लखनऊ, उत्तर प्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिवंगत विधान सभा सदस्य श्री जन्मेजय सिंह को आज विधान सभा में भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

विधान सभा अध्यक्ष ने कहा कि जन्मेजय सिंह के निधन से हम लोगों ने एक ध्येयनिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता खो दिया है। उन्होंने कहा कि कल हम लोगों ने अपने परिवार के 04 सदस्यों के लिए शोक व्यक्त किया और आज 5वें सदस्य के प्रति शोक व्यक्त करने के लिए इस सदन में सम्वेत हैं। ऐसे में शब्द काम नहीं आते, वाणी ठीक दिशा में नहीं चलती। हम लोग अवाक स्थिति में है।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत विधान सभा सदस्य श्री जन्मेजय सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वे इस सदन के वरिष्ठ सदस्य थे। श्री जन्मेजय सिंह अपने क्षेत्र के एक लोकप्रिय नेता थे। वे जन आकांक्षाओं का सम्मान करते हुए उसे पूरा करने का प्रयास करते थे। श्री सिंह कसया सहकारी बैंक, देवरिया के संचालक तथा विकास क्षेत्र गौरी बाजार के एक प्रगतिशील किसान भी थे। वे विभिन्न शिक्षण संस्थाओं से भी जुड़े हुए थे। श्री जन्मेजय सिंह के निधन से प्रदेश ने एक समर्पित जनप्रतिनिधि खोया है।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के श्री शैलेन्द्र यादव ‘ललई’, बहुजन समाज पार्टी के श्री लालजी वर्मा, कांग्रेस की आराधना मिश्रा ‘मोना’, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के श्री ओम प्रकाश राजभर तथा अपना दल के श्री नील रतन सिंह पटेल ‘नीलू’ ने भी दिवंगत विधान सभा सदस्य श्री जन्मेजय सिंह को श्रद्धांजलि दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button