Tuesday, March 3, 2026
Advertisement
Home विशेष सी.एम.एस. छात्र को 1,63,000 अमेरिकी डालर की स्कॉलरशिप

सी.एम.एस. छात्र को 1,63,000 अमेरिकी डालर की स्कॉलरशिप

255

अमेरिकी विश्वविद्यालय द्वारा सी.एम.एस. छात्र को 1,63,000 अमेरिकी डालर की स्कॉलरशिप।

लखनऊ – सिटी मोन्टेसरी स्कूल, स्टेशन रोड कैम्पस के मेधावी छात्र एकलव्य अग्रवाल को    उच्चशिक्षा हेतु अमेरिका की ड्रेक्सल यूनिवर्सिटी द्वारा 1,63,000 अमेरिकी डालर की स्काॅलरशिप से नवाजा गया है। एकलव्य को यह स्काॅलरशिप चार वर्षीय उच्चशिक्षा अवधि के दौरान प्रदान की जायेगी।

इसके अलावा, एकलव्य को अमेरिका के नाॅक्स कालेज, टेम्पल यूनिवर्सिटी, एरिजोना स्टेट यूनिवर्सिटी एवं जार्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी द्वारा भी उच्चशिक्षा हेतु चयनित किया गया है। इस प्रकार, सी.एम.एस. के एक और होनहार छात्र ने अपनी लगन, प्रतिभा व शैक्षणिक उत्कृष्टता के दम पर उच्चशिक्षा हेतु विदेश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में चयनित होकर लखनऊ का नाम गौरवान्वित किया है।

        सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी श्री हरि ओम शर्मा ने बताया कि प्रतिवर्ष सी.एम.एस. के 90 से अधिक मेधावी छात्र विश्व के सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में उच्चशिक्षा हेतु चयनित होते हैं। इस वर्ष अभी तक सी.एम.एस. के 21 से अधिक छात्र अमेरिका, इंग्लैण्ड, कैनडा, आस्ट्रेलिया, जापान, सिंगापुर, जर्मनी आदि विभिन्न देशों के ख्यातिप्राप्त विश्वविद्यालयों में चयनित हो चुके है, जिनमें से अधिकतर को स्काॅलरशिप प्राप्त हुई है। .

श्री शर्मा ने आगे कहा कि सी.एम.एस. छात्रों के दृष्टिकोण व्यापक बनाने व उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने हेतु सदैव प्रयासरत है और इसी कड़ी में छात्रों को भारत में एवं विदेशों में उच्चशिक्षा प्राप्त करने का अवसर प्रदान कर रहा है।

सी.एम.एस. प्रदेश में एकमात्र एस.ए.टी. (सैट) एवं एडवान्स प्लेसमेन्ट (ए.पी.) टेस्ट सेन्टर है जो उत्तर प्रदेश एवं आसपास के अन्य राज्यों के छात्रों को विश्व के सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में स्काॅलरशिप के साथ उच्च शिक्षा प्राप्त करने में मदद कर रहा है। इससे पहले, विदेश में उच्चशिक्षा प्राप्त करने के इच्छुक प्रदेश के छात्रों को सैट परीक्षा के लिए दिल्ली जाना पड़ता था।