Friday, February 27, 2026
Advertisement
Home स्वास्थ्य सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ टीकाकरण अभियान 

सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ टीकाकरण अभियान 

22
सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ टीकाकरण अभियान 
सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ टीकाकरण अभियान 

      आज से सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ टीकाकरण अभियान।सर्वाइकल कैंसर से बचाने को लगेगी HPV वैक्सीन। प्रदेश में आज से शुरू होगा प्रदेशस्तरीय अभियान। 14 साल उम्र की किशोरियों को लगेगी एक डोज।

लखनऊ।  सर्वाइकल (गर्भाशय) कैंसर की रोकथाम के लिए प्रदेश सरकार शनिवार से प्रदेशव्यापी ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान शुरू करने जा रही है। उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक लखनऊ में इस अभियान का शुभारंभ करेंगे। अभियान के तहत प्रदेश की तकरीबन 46 लाख किशोरियों को यह वैक्सीन लगाने का लक्ष्य है। ये वैक्सीन सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर निःशुल्क लगाई जाएगी। हालांकि इसके लिए उनके अभिभावकों की सहमति जरूरी है।

केजीएमयू की गाइनकोलाजिक एंकोलाजी विभाग की अध्यक्ष डॉ निशा सिंह के अनुसार सर्वाइकल कैंसर दूसरा सबसे आम कैंसर है, जो महिलाओं में होने वाले सभी कैंसर का लगभग 22.86 प्रतिशत है। गर्भाशय कैंसर के नए मामलों और इससे होने वाली मौतों की संख्या में भी भारी वृद्धि दर्ज की जा रही है लेकिन सर्वाइकल कैंसर ही एक ऐसा कैंसर है जिसकी रोकथाम वैक्सीन से हो सकती है। इसलिए प्रदेश सरकार का यह फैसला सराहनीय है।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय व राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की ओर से जारी पत्र के अनुसार 14 साल की सभी किशोरियों को गार्डासिल-4 टीके की सिंगल डोज लगाई जाएगी। ये वैक्सीन सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला अस्पताल व मेडिकल कालेजों में निःशुल्क उपलब्ध रहेगी। तीन महीने तक यह रोज लगाई जाएगी। इसके बाद रुटीन टीकाकरण के दिनों में ही इस वैक्सीन को भी लगाया जा सकेगा। प्रदेश का यह टीकाकरण अभियान सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण के राष्ट्रीय अभियान का हिस्सा है जिसका शनिवार को प्रधानमंत्री अजमेर से शुभारंभ करेंगे। लॉन्च कार्यक्रम से सभी राज्य और केंद्र शासित प्रदेश वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे और उसी दिन अपने-अपने स्तर पर प्रदेश में टीकाकरण अभियान का आगाज करेंगे।

महानिदेशक परिवार कल्याण डॉ. एचडी अग्रवाल ने भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए है। पत्र के अनुसार पहले 15 किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन की डोज दी जाएगी। उनकी जानकारी यू-विन पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। सभी किशोरियों को अभिभावकों के सहमति पत्र व आयु प्रमाणित करने का साक्ष्य साथ में लाना होगा।

खाली पेट नहीं लगवानी है वैक्सीन

यह अभियान तीन माह तक चलेगा। 28 फरवरी को जिन लड़कियों की उम्र 14 साल हो गई है और इसके अलावा जिनकी उम्र 15 साल नहीं हुई है, वे भी टीका लगवा सकती हैं। टीकाकरण अभियान के दौरान पात्र लड़कियों की उम्र 14 से 15 साल के बीच में होनी चाहिए। वैक्सीन खाली पेट नहीं लगवानी है। कुछ न कुछ खाकर ही टीकाकरण करवाना है।

ये किशोरियां न लगवाएं वैक्सीन

• गंभीर रूप से बीमारी ठीक होने तक।
• एलर्जिक स्वभाव वाली।
• गर्भवती।
• 14-15 साल उम्र वाली किशोरियों के अलावा कोई और नहीं।
• अगर पहले एचपीवी वैक्सीन लगवा चुकीं हों तो न लगवाएं।