
अयोध्या। जिलाधिकारी नितीश कुमार ने निर्माणाधीन धर्मपथ में पथ निर्माण एवम् इस पथ को हेरिटेज वाक के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से कराए जा रहे विभिन्न सौंदर्यीकरण के कार्यो तथा धर्म चौक के निकट धर्मपथ के निर्माणाधीन भव्य प्रवेश द्वार का स्थलीय निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम धर्मपथ पर बनाए जा रहे प्रवेश द्वार का निरीक्षण किया तथा कार्यदाई संस्था को प्रवेश द्वार के समस्त कार्यों में उच्चगुणवत्ता एवम् अच्छी फिनिशिंग का विशेष ध्यान रखते हुए तीव्र गति से करने के निर्देश दिए। इसके उपरांत धर्मपथ के दोनों तरफ समानांतर स्थापित किये जा रहे सूर्य स्तंभों का अवलोकन कर संबंधित को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके पश्चात पथ निर्माण के अन्तर्गत पथ के दोनों तरफ कॉबल स्टोन लगाकर बनाये जा रहे आकषर्क फुटपाथ के पैटर्न का निरीक्षण करते हुये कहा कि सम्पूर्ण पथ के फुटपाथ के कार्य को अन्तिम रूप प्रदान किया जाय तथा उन्होंने सभी सम्बंधित कार्यदायी विभागों के उपस्थित प्रतिनिधियों से कहा कि यह पथ अयोध्या धाम आने वाले यात्रियों का मुख्य प्रवेश में है, पथ के समस्त कार्यों को बेहतर कार्यकुशलता के साथ गुणवत्ता पूर्ण ढंग से किया जाय।

























