
लखनऊ – कांग्रेस पार्टी की नीतियों में आस्था व्यक्त करते हुए आज यहां उ0प्र0 कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में उत्तर प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष मध्य जोन ममता चौधरी के समक्ष दर्जनों महिलाओं ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
उत्तर प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष मध्य जोन ममता चौधरी ने सभी महिलाओं को सदस्यता दिलायी। सदस्यता ग्रहण करने वालों में प्रमुख रूप से सीमा जोशी अधिवक्ता, रोहिणी जॉन अध्यापिका व लेखिका, वंदना मिश्रा, मंजू बाजपेई सहित कई महिलाएं शामिल रहीं।
महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की रणनीति की छाप अब प्रदेश में पार्टी संगठन से लेकर उसके भवन तक पर दिखने लगी है। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर इन दिनों निर्माण और रंग-रोगन का काम चल रहा है। वहीं जंबो प्रदेश कमेटी का स्थान, छोटी और युवा कमेटी ने लिया है।
कार्यकारिणी में शामिल हर नेता के कार्यक्षेत्र और काम तय कर दिए गए हैं। लक्ष्य पूरा न किए जाने पर बाहर का रास्ता भी दिखाया जा रहा है। नई कांग्रेस का फलसफा साफ है-सक्रियता पद पाने का आधार होगा और जवाबदेही के लिहाज से खरा उतरना कमेटियों में टिके रहने का आधार।
इस मौके पर प्रमुख रूप से प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी प्रशासन दिनेश सिंह, सूचना का अधिकार विभाग के चेयरमैन पुष्पेंद्र श्रीवास्तव व महिला कांग्रेस पदाधिकारी सुशीला शर्मा, शीला मिश्र, उरूसा राणा, माया चौबे,संगीत सिंह, विभा त्रिपाठी मौजूद रहीं।






















