Monday, February 16, 2026
Advertisement
Home राजनीति भाजपा का सदस्यता अभियान

भाजपा का सदस्यता अभियान

288
भाजपा का सदस्यता अभियान
भाजपा का सदस्यता अभियान
मनीष दीक्षित

लखनऊ। भाजपा उत्तर प्रदेश की सदस्यता अभियान कार्यशाला मंगलवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी की अध्यक्षता में इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमती नगर, लखनऊ में सम्पन्न हुई। 01 सितम्बर से शुरू होने वाला भाजपा का सदस्यता अभियान पूरे प्रदेश में व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। सदस्यता अभियान में 01 सितम्बर से देश का कोई भी नागरिक भाजपा द्वारा सदस्यता के लिए जारी किए गए नम्बर 8800002024 पर मिस्डकॉल, क्यूआर कोड, नमो एप तथा भाजपा की वेबसाइट के माध्यम से सदस्यता ग्रहण कर सकता है। कार्यशाला में उपस्थित प्रतिनिधियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राष्ट्रीय महामंत्री व राष्ट्रीय सदस्यता अभियान के सहसंयोजक दुष्यंत गौतम, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, प्रदेश के सहप्रभारी संजीव चौरसिया तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने संबोधित किया। इस अवसर पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रमापति राम त्रिपाठी, सूर्य प्रताप शाही, स्वतंत्र देव सिंह, पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा सहित उत्तर प्रदेश से पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, क्षेत्रीय महामंत्री, जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष, मोर्चो के प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश मीडिया प्रभारी, सहप्रभारी, प्रदेश प्रवक्ता, पार्टी के राज्यसभा व लोकसभा में सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य, पार्टी संगठन के विभागो के संयोजक सहसंयोजक, प्रकोष्ठों के संयोजक सहसंयोजक, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर निगमों के महापौर, आईटी व सोशल मीडिया के संयोजक व सहसंयोजक और बोर्ड, निगम व आयोगों के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष सहित अन्य प्रमुख पार्टी पदाधिकारी सम्मिलित हुए। भाजपा का सदस्यता अभियान

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अयोध्या, गोमतीनगर व कन्नौज की घटना ही समाजवादी पार्टी का ’नवाब ब्रांड’ है। कोलकाता की अराजकता पर चिकित्सक व आधी आबादी आंदोलित है, लेकिन सपा मुखिया दुष्कर्मियों व सरकार का बचाव कर रहे हैं। सपा मुखिया का बेशर्मीपूर्ण बयान ही उनकी पार्टी का असली चेहरा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में साजिश हो रही है। इसे समझने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि बहुसंख्यक समाज के विपरीत कथित धर्मनिरपेक्षता की राजनीति करने वाले दलों के स्वर भारत की मूल विचारधारा पर होने वाले हमले में नहीं निकलते। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि हमें बैकफुट पर जाने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि विपक्ष के कारनामों की पोल खोलने की जरूरत है। मुख्यमंत्री कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर हमलावर रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि इस अभियान को सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाइए।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कोलकाता की अराजकता पर चिकित्सक व आधी आबादी आंदोलित है, लेकिन सपा मुखिया दुष्कर्मियों व सरकार का बचाव कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि उत्तर प्रदेश में साजिश हो रही है। इसे समझने की आवश्यकता है। हर घर तक पहुंचिए और परिवार के हर सदस्यों से संवाद बनाइए। उनसे कहिए कि उपचुनाव में विपक्षी दलों के नेताओं से पूछें कि आखिर एक-एक लाख रुपये के बॉन्ड भरवाए गए थे। वह कहां हैं। सोशल मीडिया से लेकर आमजन के बीच कांग्रेस व सपा के झूठ का पर्दाफाश कीजिए।मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनीतिक अस्थिरता का दृश्य श्रीलंका व बांग्लादेश में दिखा। भारतीय राजनीति में लोकसभा चुनाव के छह माह पहले से इसकी सुगबुगाहट देखने को मिल रही थी। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाई जा रही थी। यह भाजपा व हमारी विचारधारा को रोकने के षडयंत्रों की ओर इशारा करती है। यदि देश में सक्षम नेतृत्व न होता तो वे अस्थिरता पैदा करने में सफल हो गए होते। देश में राजनीतिक स्थिरता के लिए भारतीय जनता पार्टी आवश्यक है। भारतीय जनता पार्टी 2014 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में देश ही नहीं, बल्कि दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बना। आमजन के मन में जिज्ञासा है कि भाजपा कर्मठ कार्यकर्ताओं व सक्षम नेतृत्व के बल पर सबसे बड़ा राजनीतिक दल नहीं होता तो तय था कि 2024 में जिस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय स्तर के षडयंत्र हुए थे, वे सफल होकर भारत को लंबे समय तक अस्थिरता के दौर में ढकेलने का कार्य करते।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि भाजपा मूल्यों व आदर्शों की राजनीति करने वाला एकमात्र दल है। विरोधी विचारधारा के लोग भी भाजपा के कैडर, अनुशासन, संगठन, कार्यपद्धति व कार्यक्रम को मानते हैं। भाजपा के पास कैडर बेस्ड पार्टी का स्ट्रक्चर है। देश में जब भी चुनौती आती है तो यह कैडर काम करता है। दल से बढ़कर देश है, संकट के समय इस भाव के साथ भाजपा का कार्यकर्ता सेवा के लिए तैयार रहता है। कोरोना में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर ’सेवा ही संगठन’ के संकल्प के साथ भाजपा कार्यकर्ता पीड़ितों के साथ खड़ा रहा। आपदा, त्रासदी, बाढ़, भूकंप आदि के समय भी संगठनात्मक ढांचा समर्पित भाव के साथ सेवा करता दिखता है। हर व्यक्ति भाजपा के साथ जुड़ना चाहता है। मुख्यमंत्री ने अपील की कि एक मोबाइल फोन से एक ही सदस्य बनाएं। हर बूथ पर 200 सदस्य बनाना है। इसके लिए कार्यकर्ता गांवों में अलग-अलग तबकों के बीच जाएं और लेखक, साहित्यकार, समाज सुधारक, किसान, युवा, सेवानिवृत्त सैनिक समेत हर वर्ग को जोड़ें, सूची बनाएं। मलिन-दलित बस्तियों में जाकर पहले उनकी सुनिए, फिर अपनी कहिए। केंद्र व राज्य की योजनाओं, रोजगार व कनेक्टिविटी से अवगत कराइए। संवाद सदस्यता अभियान के जरिए जनता से जुड़िए। आधी आबादी भाजपा से जुड़ना चाहती है। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को मंत्र दिया कि घर-घर जाएं और सिर्फ मुखिया से ही नहीं, बल्कि हर सदस्य से मिलें। महिला मोर्चा की पदाधिकारी महिलाओं तथा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता युवाओं से मिलें।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पहली से 25 सितंबर तक पहले चरण का अभियान चलेगा। द्वितीय चरण पहली से 15 अक्टूबर तक चलेगा और 15 से 31 अक्टूबर तक सक्रिय सदस्यता का अभियान चलेगा। सक्रिय सदस्य के लिए आवश्यक होगा कि वह 100 सदस्य बनाया हो। बूथशः फिजिकल वेरीफिकेशन कर सकें तो कोई अफवाह व षडयंत्र चुनौती नहीं रह पाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव में सपा व कांग्रेस समाज के बड़े तबके को गुमराह करने में सफल रहे। भाजपा जातिवादी नहीं, बल्कि सर्वसमावेशी पार्टी है। हमें सर्वसमाज के पास जाना है। हमारे लिए देश प्रथम है। भाजपा से समाज व देश को अपेक्षाएं हैं। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि भाजपा पर संविधान बदलने, आरक्षण समाप्त करने का आरोप लगाने वालों को जवाब दीजिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा कांग्रेस का पिछलग्गू बनकर कार्य कर रही है। 2047 तक भाजपा को मजबूत बनाना है तो भारतीय जनता पार्टी को सशक्त बनाना होगा। आमजन का विश्वास है कि भाजपा सशक्त होगी तो भारत मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि दुनिया भारत की प्रगति देख रही है। 2004 में भारत की अर्थव्यवस्था 12वें व 2014 में 10वें नंबर पर थी। अभी पांचवें नंबर पर है। तीन वर्ष के अंदर भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में समाज के हर तबके को बिना भेदभाव शासन की योजना का लाभ मिला। जाति-मजहब नहीं, बल्कि सबका साथ-सबका विकास की भावना के साथ योजनाओं का लाभ दिया गया।

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राष्ट्रीय सदस्यता सह प्रभारी दुष्यंत गौतम ने कहा कि कभी संसद में हमारी पार्टी के दो सांसद हुआ करते थे और आज माननीय मोदी जी के नेतृत्व में हमनें लगातार तीसरी बार केन्द्र में सरकार बनाई है। हमने हम दो हमारे दो का व्यंग सुना। हमने राम मंदिर बनायेंगे तारीख़ नहीं बतायेंगे के भी ताने सुने, लेकिन हम संकल्पवान बने रहे। हमने अपने संकल्पों को पूरा करने का मार्ग चुना यह केवल कार्यकर्ताओं और संगठन की वजह से ही पूरा हो सका है।हमें सदस्यता अभियान को गंभीरता से लेना है। भाजपा का कार्यकर्ता हनुमान है, वह जो ठान लेता है उसे पूरा करता है। हमें प्रत्येक व्यक्ति, वर्ग तथा क्षेत्र तक पहुंचकर सभी को पार्टी का सदस्य बनाने के लिए काम करना है। श्री गौतम ने कहा कि देश के निर्माण का जिम्मा भाजपा कार्यकर्ताओं के कंधे पर ही है। 1947 में हम आजाद तो हुए लेकिन वह हमें एक बहुत बड़ी त्रासदी के साथ मिली। धारा 370 और पीओके का निर्माण भी इन्हीं त्रासदियों का हिस्सा है। देश का विभाजन और लाखों लोगों की शहादत के बाद यह आज का भारत हमें मिला है। भारत और भारतीयता पर कुठाराघात करने के षड्यंत्र आजादी के पहले और बाद ही नहीं अभी भी हो रहे हैं।

राष्ट्रीय महामंत्री ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं के लिए देश पहले, पार्टी दूसरे और व्यक्ति अंतिम ही हमारा ध्येय है। लोग पूछते हैं कि भाजपा और कांग्रेस में क्या फर्क है? सबसे बड़ा फर्क यही है कि कांग्रेस के जवाहर लाल नेहरू ने प्रधानमंत्री बनने के लिए देश के दो टुकड़े कराये और हमारे अध्यक्ष डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने भारत की एकता के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि संगठन की शक्ति का ही परिणाम है कि भाजपा ने मोदी जी जैसा प्रधानमंत्री दिया है। वे तीसरी बार लगातार प्रधानमंत्री बने हैं। नेहरू भी बने थे लेकिन तब विपक्ष का नामोनिशान भी नहीं था। आज 2500 पार्टियों और टुकड़े टुकड़े गैंग के लोग जो सदन भी नहीं चलने देते हैं उनके झूठ का मुक़ाबला करते हुए हमने यह उपलब्धि अपने कार्यकर्ताओं के बल और जनविश्वास के बल पर अर्जित की है। झूठ की राजनीति कैसी होती है, यह कैसे की जाती है कांग्रेस और इंडी अलायंस के लोगों से बेहतर कोई नहीं कर सकता है। कैसे इन्होंने संविधान बदल देंगे, आरक्षण ख़त्म हो जाएगा के नाम पर झूठ फैलाया। जबकि संविधान की प्रस्तावना बदलने का काम तो इंदिरा गांधी की सरकार ने किया। आपातकाल लागू कर संविधान की धज्जियाँ उड़ाने का काम कांग्रेस की ही सरकार ने किया। कहा कि भाजपा देव दुर्लभ कार्यकर्ताओं की पार्टी है। कोरोना काल में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने सेवा के बहुत काम करके अपने प्राणों की आहुति दी। उनके लिए देश और समाज पहले था। किसी अन्य पार्टी के नेता और कार्यकर्ता अपने घरों से बाहर नहीं निकले। श्री गौतम ने कहा कि हम सबको पार्टी संगठन की योजनानुसार सदस्यता अभियान को प्रभावी ढंग से पूरे प्रदेश में व्यापक स्तर तक चलाना है।

प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने सदस्यता अभियान की कार्यशाला में उपस्थित प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा ने अपने संगठन के कार्य विस्तार की दृष्टि से सदस्यता अभियान शुरू किया है। जिन्हें भी अभियान से जोड़ना है ऐसे कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण करना है। 2014 में हमने बड़ा अभियान लिया था, 2019 में भी हमने सदस्यता का अभियान चलाया था। भाजपा का संगठन अखिल भारतीय स्तर से लेकर बूथ तक है। भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनैतिक दल है। सबसे ज़्यादा सांसद, विधायक और अधिकांश राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं। देश के हर हिस्से में भाजपा का प्रभाव है। उत्तर प्रदेश में भी प्रदेश के लगभग 1.62 लाख बूथों पर भाजपा का संगठन है। हम सदस्यता का महाअभियान शुरू करने जा रहे हैं। 1 सितंबर से जब अभियान शुरू होगा तो हमें प्रदेश के हर घर में भाजपा का सदस्य बनाना है, इसके लिए संगठन के अभियान को योजनापूर्वक घर-घर, गांव-गांव तक पहुंचाना होगा। हमारी सरकार ने जनता से किए अपने वादों और संकल्पों को पूरा किया है। पार्टी कार्यकर्ताओं को पूरे जोश के साथ संगठनात्मक प्रक्रिया को आगे बढ़ाना है। प्राथमिक सदस्य, सक्रिय सदस्य, बूथ समिति और ऊपर का संगठन बनाना है। इसके लिए पार्टी के अभियान में सब सक्रियता से जुड़कर अपनी भूमिका का निर्वहन करें।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जनसंघ के रूप में भाजपा की यात्रा शुरू हुई थी, हमारे पहले अध्यक्ष डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश की एकता और अखंडता के लिए अपना बलिदान दिया। पहले हमें क्षेत्र विशेष की पार्टी कहा जाता था, आज समाज के सभी वर्गों और सभी क्षेत्रों में भाजपा का व्यापक आधार है। उत्तर से दक्षिण तक, पूरब से पश्चिम तक हर जगह भाजपा का संगठन मजबूती के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा पिछले दस वर्षों में केंद्र में भाजपा की सरकार है। 1962 के बाद पहली बार ऐसा अवसर है कि किसी पार्टी को तीसरी बार सरकार बनाने का अवसर मिला है। पहले जब ऐसा हुआ था तब विपक्ष का कोई मतलब नहीं था हर तरफ केवल कांग्रेस ही कांग्रेस थी। आज विपक्ष के झूठे और मनगढ़ंत वादों के बाद भी तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदीके नेतृत्व में राम मंदिर निर्माण, धारा 370 की समाप्ति तथा ट्रिपल तलाक जैसी कुरीति को समाप्त करने सहित हमने अपने सभी संकल्पों को पूरा किया। मोदी जी ने भारत को दुनिया की तीसरी अर्थव्यवस्था बनाने का संकल्प लिया है। इसे भी हम पूरा करेंगे, हम जनाकांक्षाओं को पूरा करने वाले लोग हैं। भाजपा सांस्कृतिक विरासत के साथ ही लोगों के जीवन स्तर को ऊपर ले जाने वाली पार्टी है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया वे सदस्यता अभियान को संगठन पर्व के रूप में मनाते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग, क्षेत्र के लोगों को पार्टी का सदस्य बनाकर उन्हें अपने विचारधारा से जोड़ने का काम करें।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन गढ़े चलो सुपंथ पर बढ़े चलो, भला हो जिसमें देश का वो काम सब किए चलो इन्हीं पंक्तियों के आधार पर हम सब काम करते है। जिस काम में देश का, समाज का, गरीब का, महिला का, युवा का, किसान का भला हो भाजपा वही काम करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य देश को मज़बूत बनाना और प्रत्येक देशवासी के जीवन में खुशहाली लाना है। हमारा व्यक्तिगत अस्तित्व पार्टी और देश से बड़ा नहीं है। हमारे लिए पहले देश, फिर दल और फिर व्यक्ति। दूसरे दलों में पहले पार्टी मुखिया बाद में सब कुछ होता है। उन्होंने कहा कि पार्टी का सदस्यता अभियान शुरू होने जा रहा है। चाहे 2027 हो या 2029 का आने वाला चुनाव। हमें अपने संपर्कों को जीवंत रखना है। सदस्यता के लिए जो लक्ष्य हमें मिले उसे पूरा करने के लिए सम्पर्क व संवाद बनाना है। हमें घर घर जाकर लोगों से व्यक्तिगत रूप से मिलना है। हमें जीवंत संपर्क बनाकर लोगों को भाजपा से जोड़ना है। देश और दल के लिए ख़ुद को खपाना पड़े तो हमें इसके लिए तैयार रहना होगा।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि देश में 2014 और प्रदेश 2017 से अबतक भाजपा की सरकार चल रही है। देश और प्रदेश में अभूतपूर्व परिवर्तन हो चुका है। पूरी दुनिया भारत और मोदी जी की तरफ़ देख रही है। आज दुनिया के सभी मंचों पर भारत ने नेतृत्व किया है। जब 2014 में सरकार बनाने का अवसर मिला था तब हम 12वें स्थान पर थे आज हम विश्व में पाँचवीं आर्थिक शक्ति हैं। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में बिजली, पानी सड़क हर मुद्दे पर सफल हैं। 2017 में क़ानून व्यवस्था एक बड़ा मुद्दा थी। हमने प्रदेश को बेहतर कमान दी है। पहले गुंडे माफिया सरकार का हिस्सा थे, व्यापारी भी परेशान थे, बहू बेटी भी असुरक्षित थी। भाजपा सरकार ने 2017 के पहले की इन सभी बीमारियों को दूर करने का काम किया है। श्री पाठक ने कहा कि आज हर ज़िले में मेडिकल कॉलेज बन रहा है। हर घर पीने का साफ़ पानी मुहैया कराये जाने की क़वायद की जा रही है। प्रदेश एक्सप्रेस वे प्रदेश है। विपक्षी गठबंधन की गुंडई, अराजकता, भाई भतीजावाद की बातें जनता तक पहुँचानी है। श्री पाठक ने कहा कि सदस्यता अभियान में सभी को जुटना है, सभी मिलकर काम करेंगे तो भाजपा को मज़बूती मिलेगी। हमें सबके बीच जाना है और अपनी उपलब्धियों के आधार पर सभी वर्ग के लोगों को भाजपा का सदस्य बनने के लिए प्रेरित करना है।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) ने सदस्यता अभियान के संदर्भ में विस्तारपूर्वक चर्चा करते हुए कहा कि संगठन की शक्ति का आधार सदस्यता है। इस अभियान की योजना व्यापक और प्रभावी है। सदस्यता अभियान पूर्व योजना-पूर्णयोजना के आधार पर चलाते हुए सर्वंस्पर्शी और सर्वव्यापी सदस्यता के लिए हम सबको काम करना है। उन्होंने बताया कि एक सितम्बर से सदस्यता अभियान प्रारम्भ होगा। एक सितम्बर को सदस्यता अभियान प्रारम्भ होगा। उन्होंने बताया कि 22 से 24 अगस्त तक सदस्यता अभियान को लेकर जिला कार्यशालायें व मोर्चों की कार्यशालायें आयोजित करनी है। जबकि 25 से 27 अगस्त तक मंडल स्तर पर सदस्यता अभियान की कार्यशालायें आयोजित करनी है। 31 अगस्त को सभी बूथों पर एक साथ सदस्यता अभियान को लेकर बूथ स्तर पर कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान को लेकर क्षेत्र, जिला, मंडल और बूथ स्तर पर टीम गठित करनी है। 2 और 3 सितम्बर को प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर सदस्यता लांचिंग के कार्यक्रम आयोजित किये जाएगें। 4 व 5 सितम्बर को जिला स्तर पर प्रेस कान्फ्रेंस एवं सदस्यता लांचिग का आयोजन होगा। 11 से 17 सितम्बर तक सदस्यता को लेकर विशेष अभियान चलाया जाएगा जिसमें सभी पार्टी पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि सम्मिलित होगें एवं बूथ स्तर पर सदस्यता करेंगे। 5 सितम्बर को शिक्षक दिवस पर शिक्षको की सदस्यता और 17 सितम्बर को विश्वकर्मा जयन्ती पर सदस्यता के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा सप्ताह में अंतिम रविवार को अटल पर्व के रूप में सदस्यता करें। उन्होने कहा कि पार्टी द्वारा शुरू किये जा रहे सदस्यता अभियान में सांसद 20 हजार, विधायक 10 हजार, महापौर 20 हजार, नगर पालिका अध्यक्ष 5 हजार, नगर पंचायत अध्यक्ष 2 हजार, नगर निगम पार्षद एक हजार, नगर पालिका के पार्षद 500 व नगर पंचायत के पार्षद 200, निगम आयोग बोर्ड के अध्यक्ष 1000, जिला पंचायत अध्यक्ष 15 हजार, युवा मोर्चा 15 लाख, महिला मोर्चा, पिछडा मोर्चा, अनूसूचित जाति मोर्चा को 10-10 लाख, अल्पसंख्यक मोर्चा व अनुसूचित जनजाति मोर्चा को 2-2 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया गया है। धर्मपाल सिंह ने सदस्यता को लेकर व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार का अभियान चलाने पर जोर देते हुए कहा कि समाज के प्रभावशाली व्यक्तियों, विशिष्ठ समूहों के लोगों सहित समाज के सभी वर्गों के लोगों को पार्टी का सदस्य बनाने के लिए हमें व्यापक स्तर पर कार्य करना है। प्रदेश महामंत्री संगठन ने सार्वजनिक स्थानों पर सदस्यता कैंप आयोजित किये जाने पर भी चर्चा की। भाजपा का सदस्यता अभियान