
अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपाई एआई समिट से हुई जग हंसाई, दुनिया भर से मिली बुराई ही बुराई। अब भाजपा के लोग बहाना बनाएंगे कि ये हमारा मास्टर स्ट्रोक था, जिसमें हमने दुनिया भर को दिखा दिया कि हमारे यहाँ ट्रैफ़िक जाम, बेतरतीब पार्किंग, जन सुविधाओं व सुरक्षा का अभाव, चोरी, एक्यूआई और बदइंतज़ामी जैसी अनगिनत समस्याएं ही समस्याएं हैं, जिनके लिए ए.आई. टेक्नोलॉजी कारगर साबित हो सकती है और इस तरह एआई के लिए दुनिया भर की कंपनियां भारत से ‘डील’ कर सकती हैं। दरअसल भाजपा सरकार को ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ से कुछ भी हासिल नहीं हुआ है। इसका एक ही सबक है। जब तक न हो ‘सही इंतज़ाम’, देखा-देखी न करो कोई काम।
जिस एआई को हर समस्या का समाधान माना जा रहा है। भाजपा राज में एआई की समिट ही भाजपा की समस्या बन गयी है। अखिलेश यादव ने कहा कि जब एआई समिट में दुनिया भर के प्रतिनिधि राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री आये हों तब चीन का बना रोबोट को अपना बनाया हुआ नहीं बताना चाहिए था। भाजपा सरकार ने गलती की और देश को अपमानित होना पड़ा। हमने एक कार्टून देखा जिसमें रोबोट मेक इन इंडिया के शेर को दौड़ा रहा है। भाजपा सरकार झूठ बोलती है और धोखा देती है, यह पूरा देश जान गया है।





















